





संतुलित जीवन की कोई बंधी बंधायी परिभाषा नहीं है। शास्त्रों में यह बताया गया है, कि जिससे भी जीवन सुखमय हो सके, जिससे भी जीवन में आनन्द प्राप्त हो सके और जिससे जीवन में पूर्णता आ सके, वह संतुलित जीवन है।
योग वशिष्ठ ने संतुलित जीवन के चौदह सूत्र बताये हैं और जो इन चौदह सूत्रों को परिपूर्ण नहीं कर पाता, उसका जीवन अधूरा और अपूर्ण कहलाता है। अपूर्ण जीवन अपने आप में अकाल मृत्यु है। इस जीवन में यदि व्यक्ति चाहे तो अपने जीवन को साधना के द्वारा पूर्णता दे सकता है, अपने जीवन में जो न्यूनताएं हैं, जो कमियाँ हैं, उनको परिपूर्ण कर सकता है और ऐसे ही संतुलित जीवन की कामना हमारे ऋषियों ने की है। योग वशिष्ठ के अनुसार संतुलित जीवन के निम्न चौदह सूत्र हैं।
1- सुन्दर, रोग रहित स्वस्थ देह।, 2- पूर्ण आयु प्राप्ति।, 3- मन में प्रसन्नता और आनन्द का अतिरेक।, 4- सफल और पूर्ण गृहस्थ जीवन।, 5- आनन्ददायक मनोहारिणी सुन्दर स्वभाव वाली पत्नी।, 6- सौभाग्यशाली और उन्नति से युक्त पुत्र-पुत्रियां।, 7- शत्रु रहित सम्पूर्ण जीवन।, 8- राज्य में सम्मान और निरन्तर उन्नति।, 9- निरन्तर व्यापार वृद्धि और आर्थिक दृष्टि से सम्पन्नता।, 10- तीर्थ यात्राएं व्रत, उद्यापन, मन्दिर निर्माण और सामाजिक कार्य।, 11- शुभ एवं श्रेष्ठ कार्यों में व्यय।, 12- वृद्धावस्था का निवारण और चिरकालीन पौरूष प्राप्ति।, 13- अपने जीवन में गुरु और इष्ट से साक्षात्कार।, 14- मृत्यु के उपरान्त सद्गति और पूर्ण मोक्ष प्राप्ति।
पूरे के पूरे चौदह सूत्र यदि जीवन पर लागू होते हैं, तो वह संतुलित जीवन है। यदि इनमें से कुछ भी न्यूनता है, यदि इनमें से कोई एक बिन्दु भी कमजोर है, तो वह सम्पूर्ण जीवन संतुलित जीवन नहीं कहा जा सकता।
मनुष्य के लिये यह अवसर दिया है कि वह पूर्ण संतुलित जीवन प्राप्त करे, उसके जीवन में यदि अब तक कोई भी न्यूनता रही हो, यदि उसके जीवन में किसी भी प्रकार का असंतुलन रहा हो तो इस पूर्णिमा दिवस के दिन की साधना से वह असमानता, न्यूनता और अभाव निश्चित रूप से दूर हो जाते हैं और वह थोड़े ही दिनों में संतुलित जीवन प्राप्त कर लेता है। ऐसी ही साधना को ‘शाकम्भरी साधना’ कहा गया है।
भगवती दुर्गा की साधना करते हुये कहा गया है कि तुम सही रूप में शाकम्भरी बनकर मेरे जीवन में आओ जिससे कि मैं अपने जीवन में सभी दृष्टियों से पूर्ण संतुलन प्राप्त कर सकूं, मेरा जीवन पुत्र-पौत्र,धन-धान्य, यश-समृद्धि से परिपूर्ण हो और किसी प्रकार की कोई न्यूनता न रहे।
सप्तशती में जहां शाकम्भरी देवी का वर्णन किया है, वहां स्पष्ट रूप से उल्लेख आया है कि भले ही मैं भगवती दुर्गा के अन्य रूपों का स्मरण न करूं, भले ही मुझे आराधना, साधना या पूजन विधि का ज्ञान न हो, भले ही मैं पवित्रता के साथ मंत्र उच्चारण न कर सकूं, परन्तु मेरे जीवन पर भगवती शाकम्भरी सदैव ही पूर्ण कृपा दृष्टि बनाये रखें, जिससे कि मैं इस जीवन में ही धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष इन चारों पुरूषार्थों की प्राप्ति करता हुआ, समाज में सम्मान और यश अर्जित करता हुआ पूर्ण सफलता प्राप्त कर सकूं।
माँ दुर्गा, शक्ति, काली, महिषासुर मर्दिनी जैसे स्वरूपों में पूजी जाती हैं, जो सन्देश देता है कि सृष्टि में जब भी संकट आता है, तो देवी उग्र स्वरूप धारण करने से भी पीछे नहीं हटती हैं। लेकिन इन सबके अलावा माँ दुर्गा का एक ऐसा स्वरूप भी है, जो पोषण देने वाला ममतामयी रूप है। उनका वह रूप है शाकम्भरी देवी का, जिसे वनस्पतियों और अन्न की देवी भी कहा जाता है। जब संसार में अकाल, सूखा और अन्न का संकट उत्पन्न हुआ, तब माँ ने शाकम्भरी रूप में अवतार लिया और मानवता का पोषण किया। उनके इस स्वरूप ने सम्पूर्ण मानव जाति को भूखे मरने से बचाया था। उन्हें ‘‘शताक्षी’’ भी कहा जाता है, क्योंकि उनके सौ नेत्र थे और वे अपने आंसुओं से बारिश करके धरती को जल प्रदान करती थीं।
शाकम्भरी में ‘‘शाक’’ का अर्थ है – सब्जियाँ, वनस्पति और ‘‘अम्भर’’ का अर्थ है – वस्त्र। यानि ‘‘शाकम्भरी’’ का अर्थ है वह देवी जो वनस्पति और अन्न धारण करती हैं एवं उनका पालन करती हैं।
शाकम्भरी देवी का स्वरूप अत्यंत करुणामयी है। माँ के नेत्रों से करुणा के आँसू बहते हैं, जिससे वनस्पतियाँ और जल की वर्षा होती है। उनका शरीर नीला है, नेत्र गंभीर हैं और चार भुजाओं में अन्न, शाक और फल धारण किये होते हैं। देवी लताओं, जड़ी-बूटियों और पत्तियों से बने हुए वस्त्रों में लिपटी हुई दिखाई गयी हैं।
वास्तव में ही यह ‘शाकम्भरी पूर्णिमा’ प्रत्येक व्यक्ति के लिये आवश्यक ही नहीं अनिवार्य भी है, क्योंकि जब हम अपने जीवन पर दृष्टि डालते हैं तो जीवन में कई न्यूनतायें एवं असमानतायें दिखाई देती हैं। पुत्र का आज्ञाकारी न होना, पति-पत्नी में कलह, विविध प्रकार के रोग, मानसिक तनाव, बन्धु बान्धवों से विरोध, निरन्तर शत्रु भय, अचानक आने वाली राज्य बाधाएं आदि ऐसी सैंकड़ों समस्याएं हैं, जिनसे हमें निरन्तर झूंझना पड़ता है। हमारी शक्ति का बहुत बड़ा हिस्सा इस प्रकार की समस्याओं के निराकरण में और झूंझने में व्यतीत हो जाता है, हम अपने जीवन में जो कुछ नूतन सृजन करना चाहते हैं, वह नहीं कर पाते और एक प्रकार से सारा जीवन हाय-तौबा, उखाड़ पछाड़ा, आशा निराशा और विविध प्रकार के रोगों से लड़ने तथा मानसिक संताप में ही व्यतीत हो जाता है।
साधक के लिए शाकम्भरी दिवस एक वरदान की तरह है, जीवन की एक अमूल्य पूंजी है, जो इस अवसर का उपयोग नहीं कर पाता, वह वर्ष का एक अत्यन्त महत्त्वपूर्ण अवसर चूक जाता है, वह जीवन के सौभाग्य से वंचित रह जाता है, वह जीवन का एक बहुत बड़ा हिस्सा खो देता है।
शाकम्भरी ही शिव परिवार से युक्त हैं। जिस तरह से भगवान महादेव का परिवार सृष्टि में परिपूर्ण है वैसा ही सांसारिक व्यक्ति का जीवन शिवमय बन सके। शिव परिवार में लक्ष्मी स्वरूपा माता गौरी हैं और उनकी श्रेष्ठ संतान कार्तिकेय और विघ्नहर्त्ता गणपति हैं साथ ही ऋद्धि-सिद्धि और शुभ-लाभ जैसे गण भी हैं। ऐसा ही हमारा परिवार बन सके जिससे कि हमारा जीवन संतुलित रह सके यों तो यह साधना वर्ष में किसी भी शुक्रवार को सम्पन्न की जा सकती है, परन्तु यदि शाकम्भरी पूर्णिमा के अवसर पर इस साधना को सम्पन्न किया जाये तो निश्चय ही हमारे जीवन में जो कमियां हैं, वे दूर हो पाती हैं, और हम सभी दृष्टियों से सफलता के पथ पर अग्रसर हो सकते हैं और जीवन में पूर्णता की प्राप्ति संभव होती ही है। हम ज्यों ही साधना सम्पन्न करते हैं, त्यों ही जीवन में अनुकूलता प्रारम्भ होने लगती है और जीवन की जो कुछ न्यूनताएं हैं, जीवन की जो कुछ कमियां हैं, वे अपने आप ठीक होने लगती हैं। वास्तव में यह साधना मानव जाति के लिये वरदान स्वरूप है।
साधना विधि-
पूज्यपाद गुरुदेव ने शाकम्भरी साधना के विवेचन में स्पष्ट किया है, कि वस्तुतः यह संतुलित जीवन की साधना है और संतुलित जीवन जिन चौदह बिन्दुओं से गठित होता है वे है- सुंदर स्वस्थ रोग रहित देह, पूर्ण आयु, मन में आनन्द, सफ़ल गृहस्थ जीवन, सुंदर व मनोहारिणी पत्नी, उन्नति को अग्रसर पुत्र-पुत्रियां, शत्रु रहित जीवन, राज्य सम्मान, आर्थिक दृष्टि से पूर्णता, अध्यात्म की ओर रुचि, तीर्थ यात्रा एवं परोपकार जैसे श्रेष्ठ कार्यों में व्यय करने की पात्रता, वृद्धावस्था का निराकरण, जीवन में गुरु व इष्ट से साक्षात्कार, मृत्यु के उपरांत सद्गति व मोक्ष प्राप्ति।
पूज्यपाद गुरुदेव के संशोधन के अनुसार (जो पूर्ण प्रमाणिक है) यह साधना न केवल किसी भी माह की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी वरन कृष्ण पक्ष के किसी भी मंगलवार अथवा शुक्रवार को भी सम्पन्न की जा सकती है।
इस साधना में वस्त्र, दिशा का कोई बंधन नहीं है, न ही किसी अन्य धूप दीप आदि उपकरण की, किन्तु साधक के पास इस साधना की आधारभूत सामग्रियां ताम्र पत्र पर अंकित ‘‘शाकम्भरी यंत्र’’, ‘‘कराली गुटिका’’, ‘‘शाकम्भरी माला’’ का होना अति आवश्यक है। साधक इन्हें अपने समक्ष रख इनका संक्षिप्त पूजन जल, कुंकुंम, अक्षत व पुष्प की पंखुड़ियों से करें। भगवती शाकम्भरी का ध्यान करें-
स्थूलोदरी विशालाक्षी कृष्णवर्णां महेश्वरी।
सर्वशक्तिमयी देवी शाकम्भरी नमाम्यहम्।।
फिर निम्न मंत्र की 31 माला जप करें-
।। ऊँ हृीं क्लीं क्लीं हृीं महादेव्यै फ़ट्।।
मंत्र जप के उपरांत समस्त सामग्री को दूसरे दिन किसी तालाब, सरोवर या नदी में विसर्जित कर दें। यह साधना रात्रि में ही सम्पन्न करें।
It is mandatory to obtain Guru Diksha from Revered Gurudev before performing any Sadhana or taking any other Diksha. Please contact Kailash Siddhashram, Jodhpur through Email , Whatsapp, Phone or Submit Request to obtain consecrated-energized and mantra-sanctified Sadhana material and further guidance,