प्रत्येक श्रेष्ठ मंत्र के पहले ऊँ का उच्चारण मंत्र को श्रेष्ठ बना देता है। ऊँकार जीवन में सत्व भाव की वृद्धि करता है और इसके निरन्तर उच्चारण से तामसी भाव क्षय होते हैं। संसार रूपी दुखों के सागर में ऊँ एक ऐसी नैया है, जिसके सहारे दुखों का सागर सहजता से पार किया जा सकता है। प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में कोई न कोई गुण और कला अवश्य ही विद्यमान होती है। अपनी उस कला को पहचान कर, उस कला के उपयोग से अन्य कलाओं को विकास करने का नाम ही श्रेष्ठ मनुष्य जीवन है और यही नर से नारायण बनने की क्रिया है, यही पुरुष से पुरुषोत्तम बनने की क्रिया है।
अथ हैने शैव्यः सत्कामः——— लोकं जयतीति।।1।।
अर्थ – शीबि पुत्र सत्यकाम पिप्पलाद ऋषि से पुछते हैं कि जो व्यक्ति जीवन भर ओंकार का ध्यान करता है, वह ऐसे ध्यान से किस लोक को प्राप्त करता है।
व्याख्या – सत्यकाम ने अन्य ऋषि पुत्रों के साथ साथ जो प्रश्न गार्गी, कौशल्य, वैदर्भी, कबन्धी ने पूछे थचे उन सबका उत्तर उसने सुना। जो प्रश्न तप, ब्रह्मचर्य, श्रद्धा, रयि, प्राण शक्ति, प्राण, दक्षिणायन, उत्तरायन, प्रेयमार्ग, श्रेयमार्ग, तप, ब्रह्मचर्य, सृष्टिधारण, प्राण शक्ति, प्राण के पांच स्वरूप, प्राण, अपान, समान, व्यान, उदान, प्राण, मन, आत्मा, ब्रह्म का उतरोत्तर महत्व इन सबकी व्याख्या ध्यान से सुनी। इन जिज्ञासाओं का समाधान होने पर उसका यह प्रश्न पूछता स्वाभाविक था कि जीवन में पूर्णत्व की प्राप्ति के लिए उपास्य कौन है और ऊँ की उपासना किस प्रकार से संभव है, ऊँ शब्द जीवन में किन महान स्थितियों को लाता है। वास्तव में तो ऊँ प्रणव अक्षर प्राणायाम का आधार है यह शब्द कुण्डलिनी के सातों चक्रों का भेदन करता हुआ उन्हें जाग्रत कर सकता है।
तस्मै स होवाय—— नैवायतनेनैकतरमन्वेति।।2।।
अर्थ – पिप्पलाद ऋषि ने कहा कि परम ध्यान और योग्य साधना से जानने योग्य, इस सृष्टि के रचियता ब्रह्म जिनकी सत्ता साधारण व्यक्तियों द्वारा जानी जाए वह ओंकार स्वरूप ही है। ज्ञानी और सांसरिक अपने इष्ट को इसी के ध्यान के पश्चात प्राप्त कर सकते है।
व्याख्या – ब्रह्म के दो स्वरूप है प्रथम ‘परब्रह्म’ और दूसरा ‘अपरब्रह्म’। योगी लोग जो सांसरिक विषय वासनाओं से परे हैं वे ‘परब्रह्म’ के उपासक है, और इस संसार में रहने वाले सांसरिक लोग जो संसार की विषय वासनाओं इच्छाओं और सुखों की प्राप्ति पूजा, पाठ, यज्ञ, योग, कर्मकाण्ड इत्यादि से प्राप्त करना चाहते हैं, वे ‘अपरब्रह्म’ के उपासक हैं।
आरती के समय एक शब्द आता है ‘पार ब्रह्म परमेश्वर — तुम सब के स्वामी ’ इसका अर्थ भी यह है कि परब्रह्म की ही उपासना का व्यक्ति इच्छुक है और परब्रह्म को ब्रह्माण्ड का स्वामी अपना इष्ट मानता है।
योगी अथवा सांसारिक, चाहे वह जीवन में परम सत्ता की आराधना साकार रूप में करे अथवा निराकर रूप में करे, ओंकार साधना के माध्यम से वह अपने ब्रह्म स्वरूप को ‘परब्रह्म’ के रूप में अथवा अपरब्रह्म के रूप में अवश्य ही प्राप्त कर लेता है।
वास्तव में ‘परब्रह्म’ उपनिषदों का ज्ञान काण्ड है और ‘अपरब्रह्म’ की उपासना कर्मकाण्ड है, साधना विधान है।
स यद्येकमात्रमभिधयायीत स—–महिमानुमनुभवति।।3।।
अर्थ – यदि व्यक्ति एक मात्र वाले ओंकार का थोड़ा ध्यान, जप करे तो वह व्यक्ति इस जंगमशील सृष्टि में ऋग्वेद ज्ञानी बन कर तीन लोंकों में मनुष्य लोक को प्राप्त कर लेता है। जहां वह अपने साधनामय शरीर के तप, ब्रह्मचर्य, सत्य, आस्था से समृद्ध होकर प्रतिष्ठा को अनुभव कर लेता है ।
व्याख्या – यहां एक मात्र ‘ओंकार’ ध्यान का तात्पर्य थोड़ा बहुत ध्यान से है, और जो व्यक्ति ‘ओंकार’ का ध्यान करता है उसमें तप अर्थात शारीरिक साधना, ब्रह्मचर्य अर्थात मानसिक साधना, श्रद्धा अर्थात आत्मिक साधना, तीनों मार्गों का समन्वय कर लेता है। ओंकार का थोड़ा सा ध्यान करने से वह आत्मिक दृष्टि से जाग्रत हो जाता है। ऊँ का ध्यान उसे मनुष्य लोक में श्रेष्ठता से स्थापित करता है। व्यक्ति अपने जीवन में मनुष्य देह लेकर ऊँ ध्यान अवश्य ही करें। दुखों की निवृति का यह सबसे सरलतम मार्ग है। एक द्वार खुलने पर दूसरा द्वार खुलता है। एक संकट का समाधान होने पर दूसरे समाधान मार्ग अपने आप प्राप्त हो जाते हैं। ईश्वरीय शक्ति को प्राप्त करने का सरलतम मार्ग नित्य प्रति ‘ऊँ’ ध्यान ही है ।
अर्थ यदि द्विमात्रेण मनसि —— पुनरावर्तते।।4।।
अर्थ – यदि मनुष्य ओंकार की दो मात्राओं का ध्यान करता है तो वह मन से युक्त हो जाता है, यजुर्वेद ज्ञान प्राप्त कर सोमलोक, चन्द्रलोक सौम्यता, मानसिक शांति की अवस्था प्राप्त करता है। वह इस सौम्यता और ऐश्वर्य को, जो उसने द्विमात्रिय ओंकार साधना से प्राप्त किया है, उनका अनुभव कर पुनः श्रेष्ठ जन्म लेता है।
व्याख्या – इस पार्थिव जगत में सुख भोग प्राप्त होने पर भी मानसिक शांति नहीं है इसलिए व्यक्ति दुखी और अशांत हो जाता है। अपने मन पर राज्य अपने के लिए, मन की इच्छा अनुसार जीवन जीने के लिए और पूर्ण मानसिक शांति और सौम्यता प्राप्त करने के लिए द्विमात्र ओंकार साधना आवश्यक है। इस श्लोक में सोमलोक का प्रयोग हुआ है। सोमलोक का तात्पर्य है मानसिक शांति का लोक। जब हमें मानसिक शांति प्राप्त होती है तो जीवन में सौम्यता आती है, शीतलता आती है, मन में प्रसन्नता आती है, यजुर्वेद का ज्ञान मानसिक शांति का ज्ञान है। यह मानसिक शांति प्राप्त कर व्यक्ति को पुनः मनुष्य लोक अवश्य आना है, लेकिन मनुष्य लोक और सोम लोक का समन्वय जीवन में श्रेष्ठता प्रदान करता है।
यः पुनरेतं त्रिमात्रेणोमित्येतेनैवाक्षरेण—- श्लोकौ भवतः।।5।।
अर्थ: त्रिमात्रिय सम्पूर्ण ‘ऊँ’ का ध्यान करने से मनुष्य परम पुरुष परमात्मा का ध्यान करता है, और वह इस लोक में सूर्य लोक से सम्पन्न हो जाता है, जैसे सर्प केंचुली से अनायास और पूर्णतः मुक्त हो जाता है, उसी प्रकार मनुष्य त्रिमात्रिय ऊँ उपासना से ऊधर्व मुखी होकर ब्रह्मलोक को प्राप्त होता है। इस वर्तमान शरीर से ही कारण, कार्य, रूप, प्रकृति, देह में स्थित परम तत्व परमात्मा को प्राप्त कर लेता है, परब्रह्म को जान लेता है।
व्याख्या – ओंकार की एक मात्र के ध्यान से वह पार्थिव जगत अर्थात् पृथ्वी लोक, उसके सारे ऐश्वर्य इत्यादि को प्राप्त करता है, द्विमात्र ध्यान से सोमलोक अर्थात जीवन में सौम्यता, शांति, श्रेष्ठता को प्राप्त करता है तथा त्रिमात्र ध्यान से सूर्य लोक, अर्थात् तेजस्विता को पूर्ण ऊँ के ध्यान से प्राप्त करता है। तेजस्वी व्यक्ति अपने जीवन की समस्त बाधााओं का त्याग उसी प्रकार से कर लेता है जैसे सर्प अपनी केंचुल उतार देता है। प्रत्येक व्यक्ति का जीवन ब्रह्म स्वरूप शुद्ध और सात्विक है। उस आत्मा पर पड़े आवरण उसे राग, द्वेष, घृणा, वैमनस्य, दुख, पीड़ा, इत्यादि से उसे घेर लेते हैं। पूर्ण ऊँ का ध्यान वह मार्ग है जिसके द्वारा जीवन में पृथ्वी के सुख, सौम्यता और तेजस्विता तीनों प्राप्त हो सकती है। यही तो योग मार्ग है, जिसकी यात्र प्रत्येक मनुष्य सम्पन्न करना चाहता है।
तिस्त्रे मात्र—– न कम्पते ज्ञः।।6।।
ऋग्भिरेतं यजुभिरन्तरिक्षं —- परं चेति।।7।।
अर्थ – इस प्रकार ओंकार की तीन मात्राएं और तीन भाग हैं, जो एक दूसरे से परस्पर सम्बन्धित हैं। जो व्यक्ति अपने बाह्य, अभ्यन्तर और मध्यम क्रियाओं में त्रिमार्ग ओंकार का विधिपूर्वक प्रयोग करता है वह अपने लक्ष्य से विचलित नहीं होता। जो ज्ञानी इन तीन ऋचाओं से ज्ञान प्राप्त कर ओंकार साधना सम्पन्न करता है, वह इस मनुष्य लोक के कर्मों से, अंतरिक्ष में विद्यमान सोमलोक को और ब्रह्मलोक को प्राप्त करता है। ऐसा उपासक शांत, अजर, अमृत, अभय परब्रह्म को प्राप्त कर लेता है।
व्याख्या – ओंकार की तीन मात्राओं का ध्यान का तात्पर्य कितना ध्यान है। बहुत कम ध्यान एक मात्र का ध्यान है, उससे अधिक ध्यान द्विमात्र का ध्यान है और सदैव ऊँ का ध्यान त्रिमात्र ध्यान है। संसार में रहते हुए ऊँ का ध्यान ऐसे ही करना चाहिए, जिससे संसार का जो स्वरूप हमारे लिए मृत हो जाना चाहिए, वह वास्तव में ही मृत हो जाए। शरीर साधना के लिए उसमें स्थित जरा, पीड़ा, व्याधि समाप्त हो जाए, आत्मा के सुख के लिए मन में सौम्यता और तेज प्राप्त हो। बाह्य क्रियाएं शरीर की क्रियाएं है, अभ्यन्तर क्रियाएं मन की क्रियाएं है, और मध्य क्रियाएं वे है जो मन और शरीर के बीच की है, कुछ मानसिक हैं और कुछ शारीरिक क्रियाएं हैं। इन तीनों अवस्थाओं में ज्ञानी व्यक्ति को पूर्ण ओंकार उपासना में ही रहना चाहिए। ओंकार की उपासना ऋग्वेद, यजुर्वेद और सामवेद की उपासना है, उनका पूर्ण ज्ञान प्राप्त करना है।
अथ हैनं सुकेशा भारद्वाज—- क्वासौ पुरुष इति।।1।।
अर्थ – भारद्वाज गौत्र में उत्पन्न सुकेशा से पूछा कि एक बार मुझसे हिरण्यनाभ नामक राजकुमार ने पूछा था कि क्या तुम सेालह कला सम्पन्न पुरुष को जानते हो ? मैं नहीं जानता था इसीलिए उसे उत्तर नहीं दे पाया, जो व्यक्ति असत्य बोलता है वह समूल सूख जाता है। हे भगवन्! मैं वही प्रश्न आपसे पूछता हूं यह षोडश कला सम्पन्न पुरुष कहा है ?
व्याख्या – इस श्लोक में षोडश कला सम्पन्न व्यक्ति के सम्बन्ध में प्रश्न के समाधान के साथ एक अत्यन्त महत्वपूर्ण बात भी कही गई है। ऋषि पुत्र सुकेशा स्पष्ट कहता है कि जो ज्ञान उसे प्राप्त नहीं है उसके बारे में वह असंगत ज्ञान नहीं दे सकता। जानकारी न होने पर स्पष्ट तौर पर मना कर देना ही श्रेष्ठ बात है। वर्तमान समय में अजानकार अपने आप को ज्ञाता बताते हैं और ज्ञाता जानकर भी चुप रहते है, असत्य बोलते रहने से व्यक्ति के भीतर भावनाएं दूषित होती हैं, विचार दूषित होते हैं और उसकी मानसिक शांति भी नष्ट होती है। इसीलिए असत्य वचन से सदैव दूर रहकर सत्य वचन ही बोलने चाहिए, जिससे मन की शुद्धता, पवित्रता अवश्य बनी रहे।
तस्मै स होवाच ——- प्रभवन्तीति।।2।।
स ईक्षांचक्रे —— प्रतिष्ठास्यामिति।।3।।
अर्थ – पिप्पलाद ऋषि ने कहा कि वह पुरुष जिसमें सोलह कलाएं उत्पन्न होती है, वह पुरुष इसी देह में स्थित है। इस षोडश कला सम्पन्न पुरुष ने विचार किया कि देह के शांत हो जाने पर देह में स्थित षोडश कला जीवात्मा भी निकल जाती है। जब तक देह है उसमें जीवात्मा है और उस जीवात्मा में ही षोडश कला पुरुष ब्रह्म भी वास करता है।
व्याख्या – शरीर के भीतर एक और शरीर स्थित है, वह परमात्मा रूपी पुरुष कही अन्य नहीं अपितु हमारे भीतर ही निवास करता है और ब्रह्म का स्वरूप एक अंगुष्ठ मात्र माना गया है। ‘अंगुष्ठमात्रः पुरुषो मध्ये आत्मनि तिष्ठति’ यह परब्रह्म जिसकी षोडश कलाएं है वह मनुष्य के भीतर विद्यमान अवश्य रहते हैं, अपने ज्ञान ध्यान का विस्तार कर व्यक्ति षोडश कला सम्पन्न पुरुष बन सकता है। इसके लिए उसे आत्मिक ज्ञान, आत्म साक्षात्कार पूर्ण रूप से होना आवश्यक है। यह आत्मज्ञान बाहर से प्राप्त ज्ञान के द्वारा प्रज्ज्वलित किया जा सकता है, दीक्षा भी व्यक्ति को आत्म ज्ञान जाग्रत करने की प्रक्रिया है, जिससे वह अपने जीवन की विभिन्न कलाएं समझ सके, जो ज्ञान कलाएं सुप्त है उन्हें जाग्रत कर सके।
स प्राणमसृजत—- लोकेषु च नाम च।।4।।
स यथेमा नद्यः —- तदेष श्लोकः।।5।।
अरा इव रथानाभौ —- परिव्यथा इति।।6।।
अर्थ – ब्रह्म रूपी पुरुष में षोडश कलाएं प्राण, श्रद्धा, पृथ्वी, अप्, तेज, वायु, आकाश, इन्द्रियां, मन, अन्न, वीर्य, तप, मंत्र, कर्म, लोक और नाम कही गई है। इन षोडश कलाओं से ही बना हुआ ब्रह्माण्ड उसी प्रकार है जैसे अलग-अलग नदियां बह रही हैं और सब समुद्र की ओर जा रही हैं। समुद्र में जाकर उसका नाम, रूप अस्त हो जाता है और वे समुद्र बन जाती हैं। इसी प्रकार परमात्मा ब्रह्म की ये षोडश कलाएं पुरुष रूप ब्रह्म में जाकर अस्त हो जाती हैं, ये ब्रह्म ही ये षोडश कला युक्त होकर सकल रहता है, दृश्यमान रहता है और जब उसी में आकर कलाएं अस्त हो जाती है तो वह अमृत हो जाता है। जिस प्रकार रथ की नाथि में अरे लगे होते है उसी प्रकार जिस ब्रह्म में ये कलाएं प्रतिष्ठित हैं, उस जानने योग्य परमात्मा का ज्ञान प्राप्त करो तो तुम्हें मृत्यु किसी प्रकार की व्यथा नहीं देगी।
व्याख्या – उपरोक्त श्लोंको में षोडश कलाओं का विवरण है, जिनके बारे में विस्तार मात्र में यह कहा जा सकता है कि आत्मा शरीर का भोग करने वाली भोक्ता है, जिसने सबसे पहले प्राण तत्व को उत्पन्न किया, क्योंकि प्राण ही जीवन में अपने पंच स्वरूपों में प्राण, समान, अपान, व्यान, उदान रूप में जीवन को भोगता है। दूसरी कला तप है। तप का तात्पर्य है ‘उग्र क्रिया’ कोई भी उत्पत्ति तप के बिना संभव नहीं है, तप के साथ-साथ श्रद्धा भी आवश्यक है, श्रद्धा का अर्थ है सत्य में धारणा। संसार की प्रत्येक वस्तु का प्रवाह सत्य की ओर है। अगर कहीं असत्य प्रबल दिखता भी है तो वह कुछ समय के लिए ही है। श्रद्धा का अर्थ है यह विश्वास कि संसार के प्रवाह की दिशा सत्य की ओर है।
प्राण तप और श्रद्धा के पश्चात् पंचमहाभूत – पृथ्वी, जल, तेल, वायु और आकश की उत्पति हुई और प्रत्येक पंच महाभूत एक-एक इन्द्रियां से सम्बन्ध है। ये पंचइन्द्रिया स्पर्श, स्वाद, घ्राण, श्रवण, दृश्य जो देह की क्रियाओं को स्पष्ट करती हैं। इन इन्द्रियों और इन पंच महाभूतों पर विजय प्राप्त करने वाला व्यक्ति इन्द्रियजीत कहलाता है। ये पंचइन्द्रियां मानसिक दृष्टि से मन पर और शारीरिक दृष्टि से अन्न पर निर्भर हैं अतः नौवी और दसवीं कला मन और अन्न है। अन्न जिसका मुख्य कार्य वीर्य निर्माण है, जीवन शक्ति का निर्माण है। अन्न का अधिकतर भाग तो मल-मूत्र बनकर देह से बाहर चला जाता है। मूल तत्व वीर्य और रज देह में जीवनी शक्ति का निमार्ण करते है। शरीर रचना की इन कलाओं के पश्चात् मनुष्य शारीरिक और मानसिक कार्य करता है। शारीरिक कार्य कर्म और मानसिक कार्य मंत्र है।
इस कला का मूल कार्य सृष्टि में अपना ‘रूप’ अर्थात् ‘लोक’, अपना ‘नाम’ स्थापित करना है। अतः षोडश कलाएं इस देह के भीतर ही है जो इन षोडश कलाओं पर विजय प्राप्त करता हुआ जीवन जीता है, उसका जीवन परब्रह्म जीवन है। वह परब्रह्म देह के भीतर स्थित है, एक-एक गुण का विकास करना एक-एक कला सिद्ध करना है। पिप्पलाद ऋषि ने परब्रह्म के सम्बन्ध में जिज्ञासाओं का समाधान कर अपने शिष्यों को अनुग्रहित किया।
It is mandatory to obtain Guru Diksha from Revered Gurudev before performing any Sadhana or taking any other Diksha. Please contact Kailash Siddhashram, Jodhpur through Email , Whatsapp, Phone or Submit Request to obtain consecrated-energized and mantra-sanctified Sadhana material and further guidance,