





जब भी इस प्रकार की परिस्थिति उपस्थित हो और निर्णय करना आवश्यक हों कि कौन शुभ है और कौन अशुभ है तो धर्म संकट की उपस्थिति बनती है और ऐसा समय व्यक्ति के जीवन में आता अवश्य है और उसे निर्णय भी लेना पड़ता है। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन में अनेक बार ऐसी स्थिति आयी, जब उन्हें कठोर निर्णय लेने पड़े। बाल्य काल में अपने साथियों, गोपियों से विरक्त होना, अपनी प्राण प्रिय राधा को छोड़कर जाना। ये सब उनके जीवन की ऐसी परिस्थिति थी, जब उन्हें कठोर निर्णय लेने के लिये विवश होना पड़ा। महाभारत युद्ध के पूर्व, युद्ध में किस पक्ष का सहयोग करना, ये सब घटनायें किसी भी व्यक्ति को विचलित करने के लिये पर्याप्त हैं।
क्योंकि कौरवों की तरफ केवल दुर्योधन ही नहीं था, कौरवों की तरफ दूसरे भले लोग भी थे, कृपाचार्य भी थे और गुरु द्रोणाचार्य भी थे। पाण्डवों की तरफ केवल अर्जुन ही नहीं थे। पाण्डव की तरफ भी कुछ बुरे लोग थे। उस समय श्रीकृष्ण के लिये तय करना, निर्णय लेना मुश्किल था। लेकिन कोई भी निर्णय न्याय, धर्म और जनमानस के कल्याण पर निर्धारित होते हैं। दुर्योधन का साथ अच्छे लोग दे रहें हैं या बुरे, यह महत्वपूर्ण नहीं है, जितना महत्वपूर्ण है, युद्ध का उद्देश्य।
अर्जुन को युद्ध करने के लिये कृष्ण स्वयं कहते हैं तथा उन्हें स्वयं तैयार करते हैं युद्ध के लिये। तो उनका उद्देश्य क्या था, लक्ष्य क्या था? और जो निर्णायक होता है, वह होता है न्याय। सही क्या है? उन्होने देखा कि कौन न्याय के साथ खड़ा है और कौन अन्याय का साथ दे रहा है और उन्होंने लोभी दुर्योधन के ऊपर ही छोड़ दिया निर्णय करना भी कि मुझे निहत्थे को ले लो या फिर मेरी सशस्त्र सेना को। क्योंकि कृष्ण यह जानते थे कि दुर्योधन किसे चुनेगा।
इसलिये कृष्ण को समझना बहुत जरूरी है, यदि आर्यावर्त कृष्ण को समझ पाता तो इस राष्ट्र की एक दूसरी ही छवि होती। कृष्ण वास्तव में युद्ध प्रिय नहीं हैं और न ही शांति प्रिय, लेकिन दोनों में से एक को चुनना ही पड़ता है। परन्तु कृष्ण कहते हैं कि यदि युद्ध करने पर शांति स्थापित होती है, तो युद्ध करना आवश्यक है और यदि युद्ध करने पर और अधिक अशांति फैलती है तो वे युद्ध न करने के पक्ष में है अर्थात् जिससे मंगल होता हो, धर्म स्थापित होता हो, जीवन में आनन्द के अंकुर फुटते हों उसका स्वागत करना चाहिये।
इसलिये शास्त्र कहता कृष्ण एक निपुण, चतुर योद्धा हैं, जिन्होंने युद्ध न करने का अंतिम प्रयास स्वयं किया। लेकिन परिस्थितियों के अनुसार युद्ध करना आवश्यक हो गया। तो वे उस युद्ध से भागने को कायरता बताते हैं। कृष्ण एक पूर्ण योद्धा थे और वे पूरे जीवन भर योद्धा ही बने रहें। प्रत्येक क्षेत्र में, वे चाहे युद्ध का क्षेत्र हो, चाहे प्रेम का क्षेत्र हो, चाहे मित्रता की बात हो, चाहे शत्रुता निभानी हो कोई भी क्षेत्र हो वह हर बार विजयी हुये।
और कुछ लोग कह देते हैं, कि महाभारत युद्ध का कारण श्रीकृष्ण थे। वे युद्ध रोक सकते थे, वे सोचते हैं कि यदि युद्ध नहीं होता तो भारतवर्ष आज सम्पन्न होता। परन्तु मैं कहता हूं कि यह भारतवर्ष का दुर्भाग्य है कि भारत वर्ष में कोई दूसरे कृष्ण पैदा नहीं हुये। यदि उन जैसे कुछ और कृष्ण भारत वर्ष की भूमि पर हुये होते तो भारत वर्ष की तस्वीर ही दूसरी होती। भारतवर्ष में महाभारत युद्ध के पश्चात् केवल शांति- शांति की रट लगाने वाले पैदा हुये। कोई चैलेन्ज करने वाला व्यक्तित्व पैदा ही नहीं हुआ। महाभारत युग में जो वीरता, जो विज्ञान, जो अस्त्र-शस्त्र, जो विकास था, आज वहीं शस्त्र, विज्ञान आदि अन्य विकसित देशों के पास है, ऐसा क्यों? ऐसा इसलिये है कि जब किसी को कोई चुनौती मिलती है तो वह पूर्ण रूप से सक्रिय होता है, अपने बचाव के लिये तथा दूसरे पर आक्रमण के लिये तथा इसी कोशिश में हम हर संभव उपाय करते हैं। शक्ति प्राप्त करने का, शक्ति संग्रह करने का।
शांति में रहने पर यह सब संभव नहीं है। शांति प्रिय कभी चुनौती स्वीकार नहीं करेगा। यदि योद्धा है तो अपनी शांति के लिये युद्ध को भी स्वीकार कर लेगा। आपने देखा होगा कि युद्ध के समय सेना एक नदी पर कितनी जल्दी पुल का निर्माण कर देती है। जो अन्य किसी दूसरी परिस्थिति में संभव नहीं है। अतः भारतवर्ष को नुकसान हुआ है तो केवल कृष्ण के न होने का। महाभारत युद्ध से नहीं। यदि महाभारत युद्ध के पश्चात् और अन्य कृष्ण जैसे योद्धा, कृष्ण जैसे विचारक, कृष्ण जैसे प्रेमी भारतवर्ष में हुये होते तो आज हमारा राष्ट्र या हम विपन्न अवस्था में न होते अपितु विकसित होते, सम्पन्न होते, समृद्ध होते। और इसी श्रृंखला में जो साधनायें कृष्ण ने की तथा पाण्डवो को करायी, वे साधनायें स्वयं में अलौकिक थी। वे साधनायें व्यक्ति को पूर्ण वैभवशाली, समृद्धियुक्त बनाने में सक्षम थी। तो सर्वशक्तिमान बनाने में, सर्वश्रेष्ठ बनाने में, अद्वितीय बनाने में विष्णु के समकक्ष थी। कृष्ण ने मथुरा नगरी को छोड़कर द्वारका नगरी बसायी, जो अपने आप में इतनी वैभवशाली, ऐश्वर्य युक्त नगरी थी कि ऐसी दूसरी नगरी आज तक नहीं हो सकी। सुदर्शन चक्र जैसा अस्त्र आज तक अन्य कोई भी नहीं बना पाया। और सामाजिक जीवन में लडाईयां भी सम्पन्न लोग ही लड़ते हैं। डरे हुये लोग या विपन्न लोग लड़ाईयां नहीं लडते, इसी प्रकार युद्ध भी विकसित राष्ट्र ही लड सकते हैं। विपन्न राष्ट्र कहां से युद्ध करेंगे।
अतः ये बात मेरे विचार से उचित नहीं हैं कि महाभारत युद्ध होने से देश की हानि हुयी है, हानि हुयी है तो कृष्ण के न होने की यदि कृष्ण जैसे अन्य और हुये होते तो हम पुनः शक्ति प्राप्त कर लेते और विकसित बन जाते। और इसी शांति एवं बचाव के कारण से भारतवर्ष देश हजार साल तक गुलामी सहन करता रहा और लुटता रहा और पांच हजार साल के अन्तराल में कोई प्रगतिशील तथा साधनात्मक क्रिया-कलाप सिखाने वाला व्यक्तित्व पैदा ही नहीं हुआ। हम सब डरे हुये हैं। और जो जानते नहीं थे, वे पंडे पुरोहित उन्होने भी हमें डराया कि ये मंत्र जप न करना, स्त्रियों को गायत्री मंत्र जपने का अधिकार नहीं है पुरूषों को ऐसे नियम आदि से बांधा और कहा कि ऐसा नहीं करना अन्यथा मृत्यु हो जायेगी। ऐसा कहने वालों की संख्या बहुत अधिक हो गई। लेकिन किसी ने भी सीना ठोककर यह नहीं बोला कि तुम इस महाविद्या का मंत्र जप करों, तुम यह साधना करों, तुम्हारा कुछ नहीं बिगडेगा। और मनुष्य रूप में होने के कारण कृष्ण की मनुष्यगत सीमायें भी हैं। जिनका अतिक्रमण वह नहीं कर सकते है और वास्तव में अवतार रूप में ईश्वर की शक्ति भी अथवा ईश्वर भी सीमित होते हैं। कृष्ण का जीवन विलक्षण कूटनीतिक चातुर्य की मिसाल है, वे पाण्डुवों के दूत बनकर कौरवों की सभा को संबोधित करते है वे इसे शांति रखने का अपना अंतिम प्रयास बताते है, लेकिन दुर्योधन न मानने की जिद पर अड़ा रहता है।
विदुर कृष्ण को एकान्त में बताते हैं कि दुर्योधन संधि करना नहीं चाहता। वह अभी आपको भी कैद करने की चाह में है, लेकिन कृष्ण जैसे दूर दृष्टि के धनी कौरवों की सभा में आने से पहले ही इस बात को जानते थे कि दुर्योधन कुछ भी कर सकता है। अतः वह अपने साथ सेनापति सात्यकि के साथ चुने हुये वीरों की एक टुकडी लाना नहीं भूलते। जिन्होने आते ही गुप्त रूप से कौरव सभा को व्यूह रूप में घेर रखा था। जब दुर्योधन, शकुनि, कर्ण और दुशासन की कुमंत्रणा से कृष्ण को कैद करने का षडयंत्र रचा जाता है तो सात्यकि की सेना व्यूहबद्ध होकर सभा भवन को घेर लेती है। तब कृष्ण दुर्योधन से कहते हैं कि वह अपनी कोशिश करके देख लें कि वह उन्हें कैद करता है या वे ही उसे उसके अनुयायिओं सहित बांधकर पाण्डुवों को सौंप दें। इसके पश्चात् वे अपने विराट स्वरूप का प्रदर्शन करते हैं जिससे धृतराष्ट्र सहित सारी कौरव सभा थर्रा उठती है। शक्ति प्रदर्शन कूटनीति का एक आवश्यक अंग है।
महाभारत में युधिष्ठर से झूठ बोलने का आग्रह करते हुये कृष्ण एक भिन्न बात कहते हैं कि यदि झूठ बोलने से किसी के प्राण की रक्षा होती है तो वह सत्य से भी बढ़कर धर्म है उसे झूठ का पाप नहीं लगता। और प्रत्यक्ष में तो पाण्डवों का सेनापति धृष्टद्युम्न है लेकिन युद्ध की सम्पूर्ण कमान श्री कृष्ण के हाथ में है प्रत्येक सलाह कृष्ण की मानी जाती है कि कौन योद्धा किससे लडेगा, कैसे व्यूह रचना होगी, कौरवों के कौन योद्धा कैसे मरेंगे? यह सब कृष्ण निर्धारित करते हैं। और वह ये सब अप्रत्यक्ष रूप से करते हैं। यह बात भी सत्य है कि कृष्ण युद्ध में भाग न लेने की प्रतिज्ञा करते हैं और महाभारत को प्रत्यक्ष रूप में देखने वाले वीर बर्बरीक का मुण्ड इस बात की पुष्टि करता है कि पूरा युद्ध में केवल कृष्ण ही लडें, केवल कृष्ण ही जीतें, केवल कृष्ण ही हारे तथा केवल कृष्ण ही हत हुये। अद्भुत हैं कृष्ण, अलौकिक हैं कृष्ण, इसीलिये योगेश्वर कहे गये कृष्ण। जनमानस के हृदय में बैठ गये कृष्ण। कृष्ण जैसी चेतनायें काल के अनुसार नहीं चलती अपितु वह तो काल को अपने अनुकूल ढाल लेते हैं। और आपने कभी गहराई से चिंतन किया है कृष्ण के बारे में, मौत से गहरा रिश्ता है कृष्ण का, उनके जन्म लेने से पहले ही उनके मारे जाने के लिये प्रयास होते रहें हैं। जन्म लेने के साथ ही मरने का डर, जन्म के बाद-किसी भी क्षण मृत्यु झपट्टा मार सकती थी। और यह तो निश्चित ही है कि जो जन्म लेगा उसकी मृत्यु निश्चित है और यह नियम सभी के साथ लागू होता है। जन्म लेने के पश्चात् कभी भी मृत्यु हो सकती है।
परन्तु कृष्ण के साथ अनेक-अनेक घटनायें उनकी मृत्यु के लिये जुड़ी हैं। मौत अनेक-अनेक रूपों में उनके पास आती है परन्तु जो भी उन्हें मारने की कोशिश करता है। वह स्वयं मृत्यु को प्राप्त हो जाता है। और कृष्ण सब से बच कर निकल आते है सुरक्षित, मुस्कुराते हुये। मौत स्वयं मर जाती है, मौत भी अलग-अलग रूपों में आती है लेकिन सब बेकार है। हमारे साथ ऐसा हो सकता है कि हम पूर्णता से जी सकते हैं। हम तो लगभग मरे हुये से ही हैं क्योंकि मृत्यु पहले ही हमले में हमे हरा देती है। जरा सा भी प्रतिरोध हम नहीं कर पाते। कृष्ण के जीवन की यह घटनायें अनेक-अनेक रूपों में है जो हमें पता है कि कृष्ण के पास कितने रूपों में मौत आती है लेकिन हार जाती है। हमने कोई विचार इस तरफ नहीं किया कि अलग-अलग ढंग, भिन्न-भिन्न षड्यंत्र सभी असफल होते हैं। कृष्ण विजयी होते हैं इसका अर्थ ही है मृत्यु पर जीवन की विजय। और मैं कहता हूं जीवन का अर्थ केवल सासों का आना-जाना ही नहीं है। जब जिंदगी को चैलेंज के रूप में स्वीकार करेंगे, एक लक्ष्य निर्धारित करेंगे, तभी जीवन अर्थ पूर्ण बन पायेगा और यदि श्रेष्ठ जीवन जीना ही चाहते है तो कृष्ण चरित्र को समझना पड़ेगा उसे अपनाना पड़ेगा। कृष्ण को केवल मात्र एक देवता ही मान लेना उचित नहीं है।
कृष्ण तो पूर्ण ब्रह्म है और कृष्ण मनुष्य भी है, वे स्पष्टवादी है तो रहस्यपूर्ण भी है, आठ-आठ पटरानियों के पति होते हुये भी पूर्ण संत भी हैं, गंभीर विचारक भी हैं और पूर्ण वैराग्य युक्त भी हैं। बाल्य काल में संकट में है तो थोडा बडा होने पर कंस, चाणूर को परास्त करते हैं और उन्हें मृत्यु देते हैं। युवा होने पर महाभारत जैसे युद्ध के नायक भी हैं, सारथी होकर भी सेनापति हैं। वे अपने पूरे जीवन में साजिशों को विफल करते रहें, बडी-बडी सत्ताओं से युद्ध करते-करते वे अधिक से अधिक सुदृढ़ होते गये। जिस प्रकार एक जगह पड़ी हुयी वस्तु पर जंग लग जाता है अर्थात् हम उसका प्रयोग नहीं करते तो वह बेकार हो जाती है। यदि हम उसका प्रयोग करें तो वह अधिकतम चमकदार और पैनी हो जाती है। इसी प्रकार कृष्ण का जीवन अधिक से अधिक संघर्ष करने में बीता। अर्थात् जो संघर्ष करता है और सफलता प्राप्त करता है, जीतता है। दुनिया उसी को पूजती है।
हालात ऐसे थे कि धरा को छूते ही माँ से, जननी से विलग किया गया। पूरी पृथ्वी पर ऐसी गाथा, ऐसी घटना कहीं भी सुनने को, देखने को नहीं मिलती। बाल्य काल में ही इन्द्र जैसे शक्तिशाली देवता को चुनौती, नहीं पूजेंगे। इतना साहसिक कदम। और विरोधाभास भी इतना है कि वे ब्रज की गोपियों का यमुना तट पर चीर हरण करते हैं तो कौरवों की सभा में द्रौपदी का चीर बढ़ाते हैं। दुर्योधन के मेवे त्यागते है और विदुर के घर साग बडे़ चाव से खाते हैं। और ऐसे व्यक्तित्व के सानिध्य में आकर गोपियां स्वयं का अस्तित्व भूल बैठी और प्रेम मत वाली होकर उन्हीं के लीला विलास का अनुकरण करती हुयी मैं श्रीकृष्ण ही हूं इस प्रकार कहने लगी तो इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं। वह प्रेम में पूर्ण हैं तो युद्ध में भी पूर्ण हैं वह बंशी की धुन पर सब को नचाते हैं तो उन्ही हाथों से सुदर्शन चक्र उठाकर सर्व शक्तिमान होने का परिचय भी देते है। वे प्रतिज्ञा करते हैं कि युद्ध में हथियार नहीं उठाऊंगा लेकिन बार-बार युद्ध में शस्त्र उठाते हैं, किसी को उनके बारे में नहीं पता कि आज कृष्ण जैसे हैं, कल भी ऐसे ही रहेंगे या नहीं।
और ऐसे व्यक्तित्व के बारे में ज्योतिषी भी व्याख्या या कोई भविष्य वाणी नहीं कर सकता क्योंकि ज्योतिषी तो आज की स्थिति का आंकलन कर भविष्य वाणी करेगा लेकिन कृष्ण स्थिति परिस्थितियों के अधीन नहीं है। वह तो प्रकृति को भी बंशी के धुन पर अपने वश में कर लेते है। वह राधा को छोड आये विरह में बिलखते हुये ब्रज में, लेकिन राधा नहीं छूटी उनके जीवन से और कृष्ण से पहले नाम जुड़ गया- राधा-कृष्ण हमेशा-हमेशा के लिये युगों-युगों तक। वे जिसे छोड़ते है तो दिखाई नहीं देता कि छोड़ा नहीं पकड लिया है और मजबूती से।
राधा सुनती है बंसी की धुन, लेकिन राधा ही क्यों? उसे तो सुन रहें है, ग्वाल-बाल भी, गोपियां भी, पशु-पक्षी भी, देवी-देवता भी यहां तक कि सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड उनकी बंशी के धुन के आकर्षण पाश में बन्धे हुये, खिंचे हुये चले आते हैं, उनके समीप उनकी मोहिनी छवि को निहारने के लिये। और जब प्रेम होता है तो निहारा ही जा सकता है, देखना का भाव छूट जाता है।
परन्तु उनकी बंशी की धुन को समझा केवल राधा ने ही कि यह प्रभाव इस लकडी के टुकडे़, इस बांस के टुकडे़ का नहीं हो सकता भला लकड़ी का टुकड़ा भी कोई ऐसा जादू कर सकता है, यह करामात तो केवल इस सांवरे-सलोने की ही है, जो सब को खींच रहा है, बांध रहा है हम सब को प्रेम के बंधनों से। वह जानती थी कि यह कमाल प्राणों से दी गयी फूंक का कमाल है न कि इस बंशी का। वह मधुर-ध्वनि जो गूंज रही थी कृष्ण के हृदय कमल में राधा के लिये और किसी एक की ही तो जगह होती है, हृदय कमल में। उस कमल पर हम एक को ही बिठा सकते हैं, दो को नहीं, एक म्यान में दो तलवार नहीं रह सकती है। राधा के लिये बंशी बजायी थी, राधा के लिये ही बंशी फूंकी थी और राधा को ही दे दी बंशी। गोकुल को छोडते समय। वह जानते थे अब नहीं बजेगी ये प्रेम बांसुरी और एक अध्याय समाप्त कर दिया अपनी लीला का, अपने प्रेम का, जो युगों युगों तक जन-जन के हृदय में वास करता रहेगा। फिर किस के लिये बजाते वंशी? राधा तो प्रत्यक्ष रूप में ब्रज में ही रह गयी थी। आगे मिलन संभव नहीं था वे जानते थे।
राधा के लिये बंशी बजी तो औरों को भी सुनाई दी। और वह बंशी की धुन कोई मामूली ध्वनि नही थी। उसकी गूंज तो गूंजी थी सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड में। जो अब भी गीत बन कर गूंज रही है हमारे दिलों में, हमारे मन-मस्तिष्क में, उस गूंज के प्रभाव में वन-पर्वत, नदी-झरने, पेड-पौधे, द्वार-दीवार सभी बहते चले जाते हैं, आनन्द की ओर। प्रत्येक वस्तु उस गूंज को सुनने के लिये कान बन जाना चाहती है। इस ब्रह्माण्ड का कण-कण तक। शिव की समाधि भग्न होती है इस गूंज को सुन कर तो ब्रह्मा विमोहित से हो जाते हैं। लेकिन ये मोहन, ये मगनता, ये भग्नता भी सभी कुछ जुड़ जाती है प्रेम के धागे से, बंशी की धुन पर। रहिमन धागा प्रेम का———
और ये जुड़ना है प्राणों से, हृदय से और जब प्राण से प्राण अर्थात तार से तार मिल जाते है तो फिर बचा भी क्या? इस जुडाव में सभी रस है, सभी राग है। ये रस भी अलौकिक है और मधुर है, तो राग भी अनिवर्चनीय है। और कृष्ण तो स्वयं निर्लिप्त हैं, सभी रसों से, सभी रागों से और सभी रासों से। परन्तु गोपियों को रास करने में लिपटते है तो अन्यों को लपेटते है हर राग में। कहां-कहां नहीं देखा है कृष्ण को? उनके भक्तों ने, पेड-पौधों में, वन-पर्वतों में, द्वारों में, स्तम्भ में, हर जगह कृष्ण मेघ भी हैं तो घटा भी कृष्ण हैं, कालिन्दी कृष्ण है तो उसका जल भी कृष्ण हैं, नदी के बीच कृष्ण हैं, तो किनारा भी कृष्ण हैं, प्रत्येक जगह कृष्ण, कण-कण में कृष्ण, सर्वत्र कृष्ण ही कृष्ण है। इसीलिये तो- जित देंखू तित श्याम———- यह पुकार हृदय से स्वयं उठती है। और प्रेममय कृष्ण एक दिन अनायास ही बोल उठे थे राधा-रानी से- ‘राधे! मैं जहां भी रहूं, कभी तुमसे विलग नहीं होंऊगा’। और काया से छाया किस प्रकार अलग हो सकती है?
कृष्ण कहते हैं तुम से विलग होकर जाऊंगा भी कहां? जहां तुम हो वहीं मैं हूं, वे तो यहां तक कहते है कि मेरी एक मात्र शरण तुम ही तो हो। भले ही पूरे ब्रह्माण्ड को शरण देने की सामर्थ्य मुझ में है लेकिन कृष्ण को शरण देने की सामर्थ्य तो केवल राधा के पास है। उसे तो केवल राधा का ही हृदय चाहिये। और ऐसा हृदय केवल राधा का ही हो सकता है, एक भक्त का ही हो सकता है, एक आराध्या का ही हो सकता है। जिसमें भगवान बैठ सकते हैं, जिसे भगवान अपना निवास बना सकता है। और बडा कठिन होता है भक्त को समझना, आराध्य को समझ पाना। बाहर से तो बडे साधारण दिखाई पड़ते है लेकिन अंदर से होते है असाधारण, बहुत विशाल। एक बार कृष्ण ने राधा के अथाह प्रेम की थाह पाने के लिये एक नाटक रचा। हर और आनन्द का सैलाब था कि अचानक कृष्ण तड़पने लगे पीड़ा से। ठीक होने के अनेक प्रयास पीडान्तक वटी, लेप आदि सभी व्यर्थ हो गयी वैद्य-हकीम सभी व्यर्थ हो गये तथा एक-दूसरे के तरफ ताक रहे थे।
तो सत्यभामा ने डबडबाती आंखों से तथा रूंधे हुये गले से पूछा- स्वामी! आप ही बताओ कि आपको किस प्रकार आराम मिल सकता है? कृष्ण कहते है- मेरे किसी परम प्रिय के चरणों की माटी का लेप मेरे मस्तक पर हो जाये, तो मुझे इस पीड़ा से मुक्ति मिल सकती है। इस उपाय को सुनकर कोई भी सखा, सहोदर, रानियां, पटरानियां, करोडों भक्त अपने पैर की धूल उनके मस्तक पर लगाने को राजी नहीं था। सब को पाप का डर सताता था, नरक जाने का भय था। सभी पीछे हट गये।
लेकिन राधा को जब पता लगा तो भागती हुयी नंगे पाव ही चली आयी और अपने अश्रुओं से अपनी चरण-धूलि का लेप बनाकर लगा दिया कृष्ण के भाल पर। सभी हतप्रभ हो गये, यह देख कर और चर्चा कर रहे थे कैसी आराधिका है ये, जिसे नरक जाने का भी डर नहीं। कृष्ण मुस्कुराते है जिसने तीनों लोकों को मुझ में ही पा लिया हो उसे नरक जाने का क्या डर? और सारे संसार को तारने वाला इसीलिये तो वश में है राधा जैसी ग्वालिन के। राधा तू बडभागिनी, कौन तपस्या कीन। तीन लोक का अधिपति, सो तेरे आधीन।। और राधा से ईर्ष्या करने वाले भी बहुत थे। एक बार रूकमणि ने ही ईर्ष्या वश, द्वेष वश राधा को गरम-गरम दूध पीने के लिये दे दिया और राधा ने कृष्ण का नाम लेकर उसे एक बार में ही पी लिया। शयन कक्ष में कृष्ण के पैर दबाते समय रूकमणि ने देखा कि कृष्ण के पैरों में फफोले पड़े हुये है। जैसे गरम-गरम तेल डाला गया हो पैरों पर।
रूकमणि पूछती है- यह सब कैसे हुआ?
कृष्ण कहते है- मैं तो अपनी राधा के हृदय में रहता हूं ना इसीलिये। तुमने ईर्ष्या वश गरम दूध जो राधा को दे दी उसी का परिणाम है ये, राधा तो प्रेम वश पी गयी थी गरम दूध मेरे चरणों का ध्यान कर, वही तो मेरे तन से फूट पड़ी है फफोलों के रूप में। और आप स्वयं देख सकते है प्रमाण रूप में प्रकृति में भी कभी वृन्दावन जा कर, वहां कालिन्दी के किनारे उन्हीं वृक्षों को जहां पर कृष्ण ने गोपियों के कपडे चुराये थे उन वृक्षों की डाल पर, तनों पर, पत्तों पर जगह-जगह स्वतः निर्मित है राधा-कृष्ण के नाम। प्रकृति में भी गहरायी तक समा गये है राधा-कृष्ण।
भक्त और भगवान का रिश्ता, गुरु और शिष्य का रिश्ता तो हृदय से जुड़ा होता है, मन से जुड़ा होता है तन से नहीं, ऐसे रिश्ते आत्मिक होते है। इसीलिये अपने प्रिय को होने वाली पीडा स्वयं पर ले लेते हैं। इसीलिये राधा का नाम कृष्ण से पहले पुकारा जाता है, राधा-कृष्ण! जो प्रेम लीला ब्रज की भूमि में कृष्ण रचाते हैं, वह प्रेम रस अन्यत्र कहीं नहीं है।
– सद्गुरुदेव कैलाश चन्द्र श्रीमाली
It is mandatory to obtain Guru Diksha from Revered Gurudev before performing any Sadhana or taking any other Diksha. Please contact Kailash Siddhashram, Jodhpur through Email , Whatsapp, Phone or Submit Request to obtain consecrated-energized and mantra-sanctified Sadhana material and further guidance,