





ज्योतिष शास्त्र को ज्योतिः शास्त्र भी कहा गया है, क्योंकि उस शास्त्र में जीवन-मरण का रहस्य, सुख-दुख, हानि-लाभ आदि पर में पूर्ण प्रकाश डाला गया है। मानव जीवन पर हर समय ग्रहों का प्रभाव पड़ता है। जन्म के समय बालक पर जिस ग्रह की व जिस राशियों की छाया पड़ेगी बालक का स्वभाव, चरित्रादि वैसा ही होगा। गर्भकाल से ही ग्रहों का प्रभाव संतान पर होता है, जो जीवन पर्यन्त बना रहता है। हर व्यक्ति के चारों ओर एक आभामण्डल होता है, जिसमें ग्रह रश्मियों का महत्वपूर्ण प्रभाव होता है। उनका शक्ति केन्द्र हमारे संस्कारों को प्रभावित करता है एवं हमारे सुख-दुख भोगने का कारण होता है।
हमारे जीवन की समस्याओं का ग्रहों से सीधा सम्बन्ध होता है, आपसी स्नेह में कमी, धोखा-धड़ी, रोगों में वृद्धि, मानसिक अशांति, क्रोध, हिंसा का भाव इत्यादि क्रियायें हमारे जीवन के अंग बन चुके हैं, इसका कारण यही है कि हमने ग्रहों के प्रभाव की उपेक्षा की है। हमने उस आधारभूत तथ्य को नकारा जिससे जीवन संचालित होता है। पल-पल जिन ग्रहों का प्रभाव जीवन की घटनाओं पर, मन, विचारों, भावों पर पड़ता है, उसे छोड़ना किसी भी तरह से मानव हित में नहीं है।
समस्त ग्रह-देवताओं का अलग-अलग अस्तित्व है, सब का प्रभाव क्षेत्र, शक्ति, क्रिया-स्वरूप इत्यादि भिन्न-भिन्न है, उसी के अनुरूप वे शुभ-अशुभ फल प्रदान करते हैं। मनुष्य जीवन में सबसे अधिक दुष्प्रभाव मंगल, शनि, राहु का होता है, जो सर्वाधिक पीड़ा, कष्ट उत्पन्न करते हैं, ऐसा भी नहीं है कि ये ग्रह केवल कष्ट ही प्रदान करते हैं, कहने का तात्पर्य यह है कि इनकी प्रतिकूलता अधिक ह्रास, कष्टदायी, अधोगति व जीवन को भौतिक-आध्यात्मिक, शारीरिक-मानसिक रूप से हानि पहुंचाती है। अन्य ग्रहों की प्रतिकूलता इतनी पीड़ादायी नहीं होती अन्य ग्रहों के दुष्प्रभाव अधिक कष्ट नहीं पहुंचाते, परन्तु मंगल, शनि व राहु यदि अनुकूल ना हों या ये नीच भाव में स्थित हों तो जीवन को नारकीय बना देते हैं।
साधक अपने जीवन में इन त्रि-दोष स्वरूप मंगल, शनि व राहु के कुप्रभाव से यदि सुरक्षित हो जाये, तो उसे कभी भी अपने जीवन में विकराल हानि की स्थिति नहीं सहन करनी पड़ती, यदि पूर्व में ही प्रतिकूलता का समाधान कर लिया जायें तो जीवन को बड़ी हानि से सुरक्षित बनाया जा सकता है। साधक को ज्योतिष, भविष्य फल आदि के चक्कर में ना पड़कर सीधे तौर पर इन ग्रहों की अनुकूलता हेतु साधनात्मक चेतना अर्जित करनी चाहिये और यदि ग्रहों की प्रतिकूलता नहीं भी है तो भी यह साधना सम्पन्न करनी ही चाहिये, जिससे इन ग्रहों से अनुकूलता प्राप्त हो और जीवन में उन्नति-प्रगति के मार्ग में और अधिक सुदृढ़ता बने, इसके साथ ही यदि जीवन में ह्रास की स्थितियां बनी हुयी हो, निरन्तर हानि ही हो रही हो, कोई भी कार्य सफल ना होता हो, तो यह साधना अवश्य सम्पन्न करें।
पुरुष प्रधान ग्रह होने के कारण मंगल तामसिक ग्रह है। जीवन में ऋण इत्यादि से सम्बन्धित जो बाधा आती है, उसका मूल कारण मंगल ग्रह कि अनुचित स्थिति है। अपने दुष्प्रभाव के कारण यह ग्रह व्यक्ति को कर्ज के बोझ से लाद देता है। इसके प्रतिकूल होने पर व्यक्ति तामसिक, चंचल, क्रूर, हठी, विश्वासघाती, स्वार्थी, लालची, आलसी, रोगी, स्त्री से शासित इसके प्रभाव से विवाह में बाधायें, गृहस्थ जीवन में कलह, संतान हीनता का प्रकोप बना रहता है। मंगल श्रेष्ठ होने पर मनुष्य को अत्यधिक धैर्य और पराक्रम प्रदान करता है। साथ ही खतरों से खेलने की प्रेरणा भी देता है। मनुष्य सात्विक, विनम्र, मधुरभाषी, बुद्धिमान, शान्त, समर्थवान, अनुभूतियों और भावनाओं को क्रियात्मक एवं रचानात्मक रूप देता है साथ ही वह स्वस्थ होता है।
शनि ग्रह सदैव वक्र गति से चलता है। इसका प्रभाव अत्यन्त महत्वपूर्ण होता है, शनि को तीव्र ग्रह माना गया है, क्योंकि यह तामस स्वभाव वाला ग्रह है। इसके अलावा चतुराई, धूर्तता, हिंसा, कलह, विद्वेषण आदि का भी यह कारक ग्रह है। विपरीत शनि मनुष्य को उन्मादी, रोगी, अकारण क्रोध करने वाला बना देता है। शनि कुपित होने पर सुख-चैन, आनन्द को छीन लेता है और दरिद्रता, दुःख, कष्ट, बाधायें आदि का कारण होता है। शनि का मंगल के साथ सम्बन्ध होने पर व्यक्ति अत्यधिक क्रोधी, चिड़-चिड़ा, हठी व कुमार्गी हो जाता है।
साथ ही बलवान शनि मनुष्य को विपत्ति में भी लड़ने की क्षमता और ऐसे गुणों का विकास करता है, जिससे वह व्यक्ति दूसरों पर हावी रह सकता है और यदि शनि के साथ अन्य ग्रहों की अनुकूलता हो तो व्यक्ति अपने जीवन में सर्वाधिक उन्नति करता है। इसीलिये कहा जाता है कि यदि शनि अनुकूल हो तो रंक को भी राजा बना देता है। शनि की प्रधानता वर्चस्व का द्योतक है अर्थात् शनि प्रबल व्यक्ति समाज, परिवार का नेतृत्व करता है और सभी जगह उसका वर्चस्व व्याप्त होता है।
राहु का कुण्डली पर बहुत अधिक प्रभाव होता है। विंशोत्तरी महादशा के अनुसार इसकी महादशा 18 वर्ष की होती है, यह एक क्रूर ग्रह है, इसका अधिकार पैरो पर होता है। यह ग्रह जिस भाव में स्थित होता है, उस भाव को हानि पहुंचाता है। राहु किसी भी वस्तु या पदार्थ को गति देकर फिर गतिहीन कर देना, कार्य शुरु करके पुनः छोड़ देना, ऐसे भावों का प्रतिनिधित्व करता है। घबराहट, उलझन, परेशानी, असमंजस, जटिलता, समस्या आदि भाव इसमें निहित हैं। यह बल, शक्ति, सामर्थ्य, प्रचण्डता, आवेग, क्रोध, उत्तेजना, हिंसा, मोटापा, पापकर्म, व्यय, शत्रुता, विलासिता, दुःख, चिंता, दुर्भाग्य, संकट आदि का कारक ग्रह है, इसके अलावा इसके द्वारा जीवन में अस्थिरता की स्थितियां उत्पन्न होती हैं। राहु की विपरीत स्थिति में अनिद्रा, उदर सम्बन्धी रोग, मस्तिष्क विकार, पागलपन आदि उत्पन्न होते हैं। राहु का मंगल के साथ सम्बन्ध हो तो व्यक्ति अविवेकी, आलसी व कामुक होता है। शनि से सम्बन्ध होने पर आत्म चिन्तक, लेखक, लोकप्रिय होता है।
साथ ही शुभ प्रवृत्ति होने पर धर्म में सहिष्णु, परोपकार में तत्पर, नम्र एवं उच्च व्यक्तित्व निर्माण करता है। राहु मोक्ष, आकस्मिक धन, खोई हुयी वस्तु, गुप्त धन, राजनीति, उच्च पद, विदेश-यात्रा, तीक्ष्ण बुद्धि का कारक है।
ग्रहों का अनुकूल होना गृहस्थ जीवन में सुख प्राप्ति के लिये आवश्यक है, क्योंकि यही ग्रह अनुकूल होने पर शीघ्र व थोड़े परिश्रम से ही जीवन में सुमंगलमय स्थितियां निर्मित होती हैं। इनके द्वारा ऐसी ऊर्जा का संचार होता है, जो व्यक्ति के जीवन मे अनुकूल स्थितियां निर्मित कर उसके जीवन को सुख-समृद्धि, प्रसन्नता, आनन्द, ऐश्वर्य से भर देते हैं। वहीं यदि ये प्रतिकूल हों तो अथक परिश्रम, बुद्धि, सामर्थ्य, धन, सभी सुस्थितियां विनाशमयी बन जाती हैं।
शनि जयन्ती 12 मई दिन शनिवार को रात्रि 8 बजे स्नानादि करके काले आसन पर उत्तर दिशा की ओर मुंह कर बैठ जायें, संभव हो तो काले गहरे रंग का स्वच्छ वस्त्र धारण करें। तीन बार ऊँ का उच्चारण कर तीन आचमन जल ग्रहण करें। पश्चात् अपने सामने लकड़ी की चौकी पर काला वस्त्र बिछाकर उस पर नवग्रह शांति यंत्र स्थापित करें, यंत्र के दाहिनी ओर कुंकुम से त्रिकोण बनायें, त्रिकोण के अन्दर अक्षत बिछा दें, फिर उस पर त्रि-दोष निवारण जीवट स्थापित करें। यंत्र का पंचोपचार पूजन कर जीवट पर अष्टगंध से तीन बार तिलक लगायें, काले तिल के लड्डु का भोग लगाकर, मंगल, शनि, राहु व अन्य ग्रहों की अनुकूलता हेतु नवग्रह देवता से प्रार्थना करें। पश्चात् नवग्रह माला से त्रि-दोष निवारण मंत्र का 3 माला मंत्र जप करें-
मंत्र जप पश्चात् गुरु मंत्र का एक माला मंत्र जप कर गुरुदेव से जीवन में अनुकूल स्थितियों के निर्माण हेतु प्रार्थना कर गुरु आरती सम्पन्न करें। दूसरे दिन सभी सामग्री किसी सरोवर अथवा जलाशय में विसर्जित कर दें।
It is mandatory to obtain Guru Diksha from Revered Gurudev before performing any Sadhana or taking any other Diksha. Please contact Kailash Siddhashram, Jodhpur through Email , Whatsapp, Phone or Submit Request to obtain consecrated-energized and mantra-sanctified Sadhana material and further guidance,