





तांत्रिक दृष्टि से दीपावली का अपने आप में विशेष महत्व होता है। ग्रन्थों के अनुसार इस दिन जो भी साधना संपन्न की जाती है इसमें पूरी-पूरी सफलता प्राप्त होती ही है। विशेषकर लक्ष्मी साधना में या भगवती लक्ष्मी को अनुकूल बनाने में उसे वश में करने और उसे सिद्ध करने के लिये दीपावली का विशेष महत्व है और यह वर्ष में केवल एक बार आती है। अत: प्रत्येक साधक को इस दिन का उपयोग करना चाहिये, और विशेषकर यदि साधक या गृहस्थ, पुरुष या स्त्री दीपावली के दिन सहस्त्ररूपा लक्ष्मी साधना करे तो वास्तव में ही लक्ष्मी सिद्ध होती है, घर का अभाव और दरिद्रता मिटती है, कर्ज समाप्त होने लगता है, और आमदनी के नये नये स्रोत बनने लगते हैं।
जो व्यक्ति अपने जीवन में लक्ष्मी की साधना नहीं करता उसके जीवन में सफलता और समृद्धि प्राप्त हो ही नहीं सकती। संसार के लगभग सभी देशों में अन्य देवताओं को तो भले ही मान्यता दी हो या नहीं हो, परन्तु लक्ष्मी की पूजा या साधना तो प्रत्येक देश में होती ही है।
हिमाचल के आदिवासी लक्ष्मी प्राप्ति हेतु प्रत्येक बुधवार को प्रातः चंदनचूरा कमलगट्टे के बीज तथा घी मिलाकर लक्ष्मी की 21 आहुतियां अग्नि में देते हैं, उनकी मान्यता के अनुसार इससे उनके जीवन में किसी प्रकार का अभाव नहीं रहता।
अमेरिका के आदिवासी लक्ष्मी प्राप्ति के लिये गले में मधुरूपेण रूद्राक्ष के तीन मनके धारण करते हैं।
ईरान में लक्ष्मी प्राप्ति के लिये तांबे का मंत्र सिद्ध कड़ा अपने हाथ में पहने रखते हैं, उनकी मान्यता के अनुसार इससे उनके जीवन में आर्थिक दृष्टि से कोई बाधा नहीं रहती। भारतवर्ष के प्राचीन तांत्रिक ग्रन्थों में उल्लेख मिलता है कि यदि व्यक्ति अपने गुरु के पास जाकर उनकी पूजा कर उनको दान दक्षिणा, भेंट देकर उनके द्वारा अपनी जीभ पर चांदी की सलाखा से अष्टगन्ध के द्वारा तांत्रोक्त लक्ष्मी बीज मंत्र अंकित कराता है तो उसी दिन से उसका भाग्य बदल जाता है, और वह निरन्तर उन्नति की ओर अग्रसर रहता है। ऐसा करने के बाद निश्चय ही उनके जीवन में किसी प्रकार का कोई अभाव नहीं रहता।
मेरे लम्बे जीवन के इतिहास में मैंने यह अनुभव किया कि ‘सहस्त्ररूपा लक्ष्मी साधना’ से आकस्मिक प्राप्ति में विशेष अनुकूलता प्राप्त होती है। आर्थिक उन्नति के साथ-साथ व्यापार में वृद्धि होने लगती है, प्रमोशन के अवसर बनने लगते हैं, और कुछ ऐसी स्थितियां बनती है कि समाज में व्यक्ति का सम्मान और प्रसिद्धि बढ़ जाती है।
यूँ तो शास्त्रों के अनुसार सहस्त्ररूपा लक्ष्मी साधना किसी भी अमावस्या को संपन्न कर सकते हैं, यदि दीपावली के दिन इसका प्रयोग को संपन्न करें तो ज्यादा अनुकूलता प्राप्त होती है।
सहस्त्ररूपा लक्ष्मी
लक्ष्मी का तात्पर्य केवल धन ही नहीं होता, अपितु जीवन की सारी स्थितियों की अनुकूलता लक्ष्मी कही जाती है। सहस्त्ररूपा लक्ष्मी का तात्पर्य (1) धन लक्ष्मी (2) स्वास्थ्य लक्ष्मी (3) पराक्रम लक्ष्मी (4) सुख लक्ष्मी (5) संतान लक्ष्मी (6) शत्रु निवारण लक्ष्मी (7) पत्नी लक्ष्मी (8) दीर्घायु लक्ष्मी (9) भाग्य लक्ष्मी (10) राज्य सम्मान लक्ष्मी (11) वाहन लक्ष्मी ( 12 ) आनन्द लक्ष्मी (13) सौभाग्य लक्ष्मी (14) पौत्र लक्ष्मी (15) सर्वोन्नति लक्ष्मी, और इस प्रकार जीवन के जितने भी सुख एवं सौभाग्य होते हैं वह लक्ष्मी के अन्तर्गत आते हैं। इन समस्त प्रकार की लक्ष्मी को सहस्त्ररूपा लक्ष्मी कहा जाता है।
सहस्त्ररूपा लक्ष्मी को अमावस्या की रात्रि को सिद्ध किया जाता है, अथवा मकर संक्रांति या दीपावली के दिन यह प्रयोग संपन्न करें तो उचित एवं अनुकूल रहता है।
यह प्रयोग या तो दिन में 11 बजे से 4 बजे के बीच अर्थात् मध्यान्ह काल में संपन्न किया जाता है, अर्द्धरात्रि अर्थात् 11 बजे रात्रि से 4 बजे रात्रि के बीच इस प्रयोग को संपन्न किया जाय तो ज्यादा उचित एवं अनुकूल होता है, आप इन दोनों समय में से कोई भी एक समय चुन सकते हैं।
सहस्त्ररूपा लक्ष्मी प्रयोगः
जो साधक या व्यक्ति साधना करना चाहता है वह पीली धोती पहन कर कंधे पर भी पीला वस्त्र डालकर यज्ञोपवीत धारण कर उत्तर या पूर्व की ओर मुंह कर बैठ जाएं और सामने चांदी, पीतल या तांबे की थाली या प्लेट स्थापित कर दें, लोहे या स्टील का पात्र नहीं होना चाहिये।
इस साधना में “सहस्त्ररूपा लक्ष्मी महायंत्र’’ का प्रयोग किया जाता है जो मंत्र सिद्ध प्राण प्रतिष्ठायुक्त एवं चैतन्य हो, कोई भी विद्वान् जो इस विद्या को जानता है वह ताम्रपत्र पर अंकित सहस्त्ररूपा लक्ष्मी ‘महायंत्र’ को चैतन्य बना सकता है।
यदि साधक चाहे तो चांदी का भी सहत्रस्वरूपा लक्ष्मी यंत्र निर्मित कराकर अपनी पूजा स्थान में स्थापित कर सकता है, अन्यथा तांबे पर अंकित सहत्रस्वरूपा लक्ष्मी महायंत्र तो अनुकूल एवं सिद्धिप्रद है ही।
यंत्र को पात्र में स्थापित कर उसके चारों ओर तेल के दीपक लगा दें। दीपक की लौ साधक की ओर होनी चाहिये, और उसमें किसी भी प्रकार के तेल का प्रयोग किया जा सकता है।
फिर इस यंत्र को साधक के बीच चावलों की एक ढ़ेरी बनाकर उसके सामने शुद्ध घृत का दीपक लगा लेना चाहिये, जिसकी लौ साधक की ओर हो।
यह प्रयोग साधक अकेले कर सकता है, या अपनी पत्नी के साथ संपन्न कर सकता है, यदि पत्नी साथ में बैठे तो उसे अपने दाहिनी ओर बिठाना चाहिये।
फिर केशर घोटकर उसकी 11 बिन्दियां यंत्र के ऊपर लगानी चाहिये और एक बड़ी बिन्दी यंत्र के मध्य में अंकित करनी चाहिये। फिर दाहिने हाथ में जल लेकर हिन्दी में ही कहे कि मैं अमुक नाम का व्यक्ति आज सहस्त्ररूपा लक्ष्मी प्रयोग संपन्न कर रहा हूं ऐसा कहकर हाथ में लिये हुए जल को जमीन पर छोड दें।
इस साधना में पहले से किसी भी प्रकार के108 पुष्प लाकर रख देने चाहिये, यदि गुलाब के पुष्प मिले तो ज्यादा उचित होता है, अन्यथा आप किसी भी पुष्प का प्रयोग कर सकते हैं।
फिर अन्य पात्र में सहस्त्ररूपा लक्ष्मी यंत्र को दूध से, दही से, घी से, शहद से, और शक्कर से स्नान कराकर फिर शुद्ध जल से या गंगाजल से स्नान कराकर उसे साफ वस्त्र से पोंछ लें और पहले वाले पात्र में केशर से स्वस्तिक का चिन्ह बनाकर उसके ऊपर इस यंत्र को स्थापित कर दें। यदि स्वस्तिक चिन्ह बनाना नहीं आता हो तो केशर से ॐ लिख दें और उस पर यंत्र को स्थापित कर दें। इसके बाद पुनः इस पर 11 केशर की बिन्दियां लगायें और मध्य में एक बिन्दी लगावें।
तत्पश्चात् सुगन्धित अगरबत्ती लगावें, और नीचे लिखे मंत्र का उच्चारण करते हुए उस पर पुष्प चढ़ावें। एक बार मंत्र पढ़ें और एक पुष्प सहस्त्ररूपा लक्ष्मी यंत्र पर चढ़ावें इस प्रकार 108 बार मंत्र पढ़ें और 108 पुष्प यंत्र पर चढ़ावें।
सहस्त्ररूपा लक्ष्मी मंत्र
।। ॐ श्रीं श्रीं सहस्त्ररूपा लक्ष्मी सिद्धये श्रीं श्रीं ॐ नमः।।
Om Shreem Shreem Sahasrarupa Lakshmi Siddhaye
Shreem Shreem Om Namah
फिर किसी पात्र में पतली-पतली लकड़ियों से अग्नि स्थापित करें और पहले से ही 108 कमलबीज या कमल गट्टे मंगवाकर रख लेने चाहिये, और फिर इसी मंत्र का उच्चारण करते हुए एक एक कमलबीज अग्नि में घी के साथ चढ़ाते रहें, अर्थात् एक मंत्र उच्चारण करें और चम्मच में घी तथा एक कमलबीज डालकर अग्नि को चढ़ा दें। इस प्रकार 108 बार करें।
अन्त में एक थाली में 11 बत्तियां लगाकर भगवती लक्ष्मी की आरती करें। यदि आरती स्मरण न हो तो “जय लक्ष्मी जय लक्ष्मी” करते हुए आरती को संपन्न कर दें और लक्ष्मी के सामने दूध से बना हुआ जो प्रसाद चढ़ाया गया है उसे स्वयं भी ग्रहण करें और परिवार के अन्य सदस्यों को भी दें।
इसके बाद साधक चाहे तो विश्राम कर सकता है, और दूसरे दिन प्रातः काल उस ‘सहस्त्ररूपा लक्ष्मी यंत्र’ को अपने पूजा स्थान में या अपने संदूक में अथवा दूकान में रख दें और उन पुष्पों को किसी पवित्र स्थान पर डाल दें।
इस प्रकार यह सहस्त्ररूपा लक्ष्मी तांत्रिक प्रयोग सम्पन्न होता है। जो अपने आप में महत्वपूर्ण भाग्योदय कारक और प्रभावयुक्त होता है। अब तो कोई अभागा ही होगा जो ऐसा महत्वपूर्ण अवसर और ऐसा महत्वपूर्ण प्रयोग प्राप्त होने के बावजूद भी यह प्रयोग संपन्न न करे।
It is mandatory to obtain Guru Diksha from Revered Gurudev before performing any Sadhana or taking any other Diksha. Please contact Kailash Siddhashram, Jodhpur through Email , Whatsapp, Phone or Submit Request to obtain consecrated-energized and mantra-sanctified Sadhana material and further guidance,