असफलता हमे मानसिक, आर्थिक, आध्यात्मिक, पारिवारिक हर रूप से तोड़ती है, हमारे स्वाभिमान की नींव हिला देती है। इसके साथ ही असफलता हमें ऐसी शिक्षा भी देती है जो हमे सफल बनाने में सहायक सिद्ध होती है। असफलता हमारे अहंकार को तोड़ती भी है और हमे सही मार्ग पर चलने के लिए विवश भी करती है। नकारात्मकता, निराशा, कष्ट, पीड़ा, पश्चाताप, ग्लानि जिसने इसके सही मायने समझ लिये और अपनी गलतियों को पहचान लिया वो सफलता के मार्ग पर चल पड़ता है।
सफलता के लिये जितनी आवश्यकता लक्ष्य, योजना और संसाधन की है, उतना ही आवश्यक है असफलता की चुनौतियों का सामना करना, हमारे भीतर ऐसी ऊर्जा, साहस, क्षमता व शक्ति होना अनिवार्य है, जो असफलता का दृढ़ता से सामना कर सके और हमें बौद्धिक, मानसिक व शारीरिक रूप से स्थिर भी बनाये रखे। जब हम किसी सफल व्यक्ति को देखते हैं, तो केवल उसकी सफलता ही देख पाते हैं, सफलता को प्राप्त करने के लिए उसका किया गया तप, साधना, संघर्ष, परिश्रम, उसकी निष्ठा हम नहीं देख पाते। अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए वह कितनी बार असफल हुआ होगा, यह हम नहीं जानते।
पर्वत के उच्च शिखर तक पहुंचने के लिये एक पर्वतारोही कितनी बार गिरता-चढ़ता है, गिरते-चढ़ते, लुढ़कते- लटकते एक दिन वह उच्च शिखर तक पहुंच ही जाता है और विश्व में एक नया कीर्तिमान स्थापित करता है, अनेक चुनौतियों का सामना करने के बाद ही कोई भी व्यक्ति शिखर तक पहुंच पाता है। आप भी अपने जीवन में जब भी अपने लक्ष्य प्राप्ति का निश्चय करें, उसी क्षण से आप असफलता का सामना करने के लिये तैयार रहें, क्योंकि असफलता वह कसौटी है, जिस पर आपको परखा जाता है कि आप सफलता के योग्य है या नहीं।
ऐसा ही साधनात्मक जीवन में भी होता है, यदि आप में दृढ़ इच्छा शक्ति है तो आप प्रत्येक असफलता की चुनौती का सामना कर आगे बढ़ने में सक्षम हैं और सद्गुरुदेव की शक्ति तो सदा आपके साथ है ही, सच्चे मन व स्वच्छ उद्देश्य से सफल होने के लिये क्रियारत हैं तो निश्चय ही लक्ष्य प्राप्त कर पायेंगे।
आपका अपना
विनीत श्रीमाली
It is mandatory to obtain Guru Diksha from Revered Gurudev before performing any Sadhana or taking any other Diksha. Please contact Kailash Siddhashram, Jodhpur through Email , Whatsapp, Phone or Submit Request to obtain consecrated-energized and mantra-sanctified Sadhana material and further guidance,