





शिष्य की बातों से गुरुजी समझ गए कि यह राज्य अंधेर नगरी है। उन्होंने तुरंत शिष्य से कहा, अब यहां एक भी पल नहीं रहेंगे, यहां से तुरंत आगे की यात्रा के लिए निकलेंगे, मगर शिष्य ने गुरुजी से कहा, मुझे यह जगह बहुत पसन्द आई है, मैं तो यहीं रहना चाहता हूं, इसलिए हम अभी नहीं बल्कि कुछ दिनों के बाद यहां से आगे जाएंगे। गुरुजी ने शिष्य को समझाया, यह मूर्ख राजा का राज्य है, यहां ज्यादा दिन रहना ठीक नहीं है, मगर शिष्य ने गुरुजी की एक न सुनी, उसने जिद की कि मैं तो यही रहूंगा अपनी जिद पर अटल रहते हुए शिष्य उसी राज्य में रहने लगा और गुरुजी वहां से आगे की यात्रा के लिए चल पड़े।
कुछ दिनों बाद उस राज्य में एक घटना हुई। रास्ते में एक इंसान जा रहा था, उस पर एक दीवार गिर गई और वह मर गया, मरने वाले इंसान का भाई राजा के पास गया और उसने कहा- मेरे भाई पर फलां-फलां घर की दीवार गिरने की वजह से वह मर गया, इसलिए उस घर के मालिक को सजा दी जाए। यह सुनकर राजा ने अपने सिपाहियों को आदेश दिए, जिस घर की दीवार गिरने से इस इंसान का भाई मर गया उस घर के मालिक को पकड़कर हमारे सामने पेश किया जाए, सिपाहियों ने तुरंत राजा की आज्ञा का पालन किया और उस मकान मालिक को पकड़कर राजा के सामने हाजिर किया। राजा ने मकान मालिक से कहा, तुम्हारे घर की दीवार एक इंसान पर गिर जाने की वजह से वह मर गया, इसलिए तुम्हें फांसी पर चढ़ाया जाएगा। मकान मालिक ने अपने सफाई में कहा, महाराज इसमें मेरी कोई गलती नहीं है। इसमें उस मिस्त्री की गलती है, मिस्त्री ने कच्ची दीवार बनाई इसलिए वह गिर गई।
राजा ने कहा, ठीक है, उस मिस्त्री को पकड़कर लाओं सिपाही फिर दौड़कर गए और मिस्त्री को पकड़कर लाए। राजा ने उससे कहा, तुम्हारी गलती की वजह से कच्ची दीवार एक इंसान पर गिरी और वह मर गया इसलिए तुम्हें फांसी की सजा दी जाएगी। मिस्त्री ने भी सफाई देते हुए कहा, इसमें मेरी गलती नहीं है। इसमें उस इंसान की गलती है, जो सीमेंट में पानी मिला रहा था। सीमेंट में ज्यादा पानी मिलाने के कारण दीवार कच्ची बनी इसलिए वह उस इंसान पर गिर गई और वह मर गया। राजा ने अपने सिपाहियों को फिर से आदेश दिया कि जाओ, उस इंसान को पकड़कर लाओ, जिसने सीमेंट में ज्यादा पानी मिलाया, उसे भी राजा के सामने लाया गया, उसने दुहाई दी कि महाराज! इसमें मेरी कोई गलती नहीं है, मैं जब सीमेंट में पानी मिला रहा था, तब वहां से एक औरत गुजर रही थी, उसे औरत ने नई साड़ी पहनी थी। मेरा पूरा ध्यान वहां था, इसलिए सीमेंट में ज्यादा पानी डाल दिया, उसकी बात सुनकर राजा को लगा कि वह सही कह रहा है।
राजा ने उस औरत को दरबार में हाजिर करने का हुकूम दिया। उस औरत को दरबार में लाया गया और बताया गया, तुम्हें फांसी मिलेगी, फिर उस औरत ने अपनी सफाई पेश की कि इसमें मेरी कोई गलती नहीं है, मेरी सहेली ने मझे नई साड़ी दी थी, इसलिए मैंने पहनी थी। फिर राजा ने सिपाहियों से कहा- इस औरत की सहेली को पकड़कर लाओ। सिपाहियों ने उस औरत की सहेली को पकड़कर लाया। राजा ने कहा तुम्हें फांसी पर चढ़ाया जाएगा, फिर उसे भी घटना बतायी गयी, उसने कहा, नहीं इसमें मेरी कोई गलती नहीं है। यह साड़ी मेरे पति ने मुझे तोहफे में दी थी, जो मैंने अपनी सहेली को पहनने के लिए दी, अब उसके पति को बुलाया गया, पति को भी पूरी कहानी बताई गई। उस पति के पास और कुछ कारण नहीं था। उस बेचारे ने कहा, मुझे माफ कर दो। मैं यह गलती दोबारा नहीं करूंगा। राजा ने कहा, तुमसे गलती तो हो गई है, अब तुम्हें फांसी की सजा दी जाएगी।
जब उस इंसान कों फांसी पर चढ़ाया जा रहा था, उस वक्त देखा गया कि जो फांसी का फंदा बनाया गया, वह बड़े आकार का था और जिसे फांसी दी जा रही थी, उसकी गरदन बहुत पतली थी, इसलिए फंदा उसके गले में ठीक से नहीं बैठ रहा था। सिपाहियों को लगा कि उसके लिए नया फंदा बनवाना पड़ेगा। जब उन्होंने नया फंदा बनवाने के लिए राजा से आज्ञा ली तब राजा ने कहा, नया फंदा बनाने की जरूरत नहीं है। एक ऐसा इंसान पकड़कर लाओ, जिसकी गरदन मोटी हो, आप समझ सकते हैं, कि एक मूर्ख राजा के दरबार में निर्दोष लोग भी कैसे कलाबाजियां खाते रहते हैं।
फिर सिपाही ऐसे इंसान को ढूंढने के लिए निकले, जिसकी गर्दन मोटी हो। सिपाहियों को जो सबसे ज्यादा मिठाइयां खा रहा था, उसकी गर्दन सबसे मोटी मिली। उन्हें वही शिष्य मिला और उन्होंने उसे पकड़कर राजा के पास लाया। राजा ने शिष्य से कहा- तुम्हें फांसी दी जाएगी। उसने पूछा मुझे क्यों फांसी दी जाएगी? तब जवाब में उसे पूरी कहानी बताई गई। सब सुनकर शिष्य ने कहा यह कैसा तर्क है? उसकी गरदन पतली है और मेरी गरदन मोटी है। उस शिष्य ने अपने निरपराध होने का सबूत राजा को देने के लिए अपनी बुद्धि का पूरा इस्तेमाल किया। फिर भी राजा नहीं माना तब उस शिष्य को पहली बार एहसास हुआ कि बुद्धि से कुछ नहीं होता, इसी बात का एहसास दिलाने के लिए गुरुजी उसे छोड़कर चले गए, असल में वे उसे छोड़कर नहीं गए थे, वे उस शिष्य के आस-पास ही थे और सब देख रहे थे।
जब शिष्य ने बुद्धि से पूरा काम कर लिया तब उसे गुरुजी की याद आई। गुरुजी की याद आना भी बड़ी कृपा है। शिष्य को याद आया कि गुरुजी ने सही कहा था कि मूर्ख राजा के राज्य में रहना खतरनाक है। जब उसने अपने गुरुजी को याद किया तो वे आ गए। उसने गुरुजी से माफी मांगी कि आपने कहा था कि यहां मत रहो मगर मैंने व्यर्थ जिद की। अब मुझे समझ में आ गया है कि आपने ऐसा क्यों कहा था। उस वक्त मैंने आपकी बात मानी होती तो आज मेरी ऐसी स्थिति नहीं होती आज मैं फांसी पर नहीं चढ़ाया जाता। गुरुजी ने शिष्य से कहा, जो हो गया वह ठीक है मगर क्या इसके बाद तुम मेरी आज्ञा मानने के लिए तैयार हो? तब शिष्य ने अपनी गलती स्वीकारते हुए गुरुजी से कहा, अब आप जो कहेंगे, वहीं मैं करूंगा। फिर चाहे वह बात तार्किक लगे या अतार्किक लगे। तब गुरु जी ने उसे कहा, तुम राजा के सामने मुझसे कहना कि मुझे आज फांसी पर चढ़ना है, मैं ही फांसी पर चढूंगा और कोई नहीं। यह सुनकर शिष्य ने सोचा मैं तो उन्हें इसलिए याद कर रहा था कि गुरुजी आएंगे और मुझे फासी से बचाएंगे, मगर गुरुजी तो उलटा कह रहे हैं। इस विचार के बावजूद शिष्य गुरुजी की बात मानने के लिए तैयार हुआ। उसने सोचा, गुरुजी ऐसा कह रहें है तो जरुर कोई कारण होगा। उसके मन में ऐसा भी विचार आया कि कम से कम आखिरी घड़ी में सुकून तो रहेगा कि अंतिम समय में मैंने गुरुजी का कहा माना, सत्य की बात सुनी।
जब राजा के सामने उस शिष्य को लाया गया तब उसने राजा से कहा मैं आज ही फांसी पर चढूंगा। उसी वक्त उसके गुरुजी चिल्लाए, नहीं मैं फांसी पर चढूंगा। गुरुजी की बात सुनकर शिष्य को आश्चर्य हुआ कि गुरुजी क्या कह रहें है। शिष्य ने कहा, मैंने वचन दिया है तो मैं ही फांसी पर चढूंगा, गुरुजी ने कहा मुझे ही फांसी पर चढ़ाओ। शिष्य ने फिर जवाब दिया, नहीं, मुझे फांसी पर चढ़ाओ। इस तरह गुरुजी और शिष्य दोनों फांसी पर चढ़ने के लिए झगड़ा करने लगे। उनका झगड़ा देखकर राजा ने पूछा, आप दोनों फांसी पर चढ़ने के लिए झगड़ा क्यों कर रहें हैं? तब गुरुजी ने राजा को बताया, इस वक्त जो भी फांसी पर चढ़ेगा, वह स्वर्ग में ही जाएगा। राजा को स्वर्ग की कल्पनाएं भी बताई गई। राजा ने जब यह सुना कि इस शुभ मुहूर्त में जो फांसी पर चढ़ेगा, वह स्वर्ग में जाएगा तो उसने कहा, कोई फांसी पर नहीं चढ़ेगा, मुझे फांसी पर चढ़ना है।
सारतत्व यह है कि गुरु भक्ति में इंसान गुरु की आज्ञा का पालन करता है और गुरु की आज्ञा इंसान के मन को शुद्ध, अकंप और निर्मल करने के लिए होती है, हर आज्ञा पालन के साथ इंसान का मन आश्चर्य, आनन्द और भक्ति से भर जाता है। गुरु आज्ञा सदा शिष्य के कल्याण के लिए होती है, फिर उसमें उसकी इच्छा हो या ना हो, शिष्य के हठ करने पर भी यदि शिष्य में गुरु के प्रति भक्ति व समर्पण है, तो वे सदा उसकी रक्षा के लिए तत्पर रहते हैं, उसके जीवन में सफलता का मार्ग प्रशस्त करते रहते हैं।
It is mandatory to obtain Guru Diksha from Revered Gurudev before performing any Sadhana or taking any other Diksha. Please contact Kailash Siddhashram, Jodhpur through Email , Whatsapp, Phone or Submit Request to obtain consecrated-energized and mantra-sanctified Sadhana material and further guidance,