तो इसकी कथा प्रारंभ होती है राजा ध्रुव के वंश के ही बड़े पराक्रमी एवं यशस्वी राजा अंग, के साथ जिन्होंने संतान प्राप्ति हेतु भगवान विष्णु को प्रसन्न करने के लिये महान यज्ञ का आयोजन किया, जिसके पश्चात् उचित समय पर राजा अंग व उनकी धर्मपत्नी सुनीथा को पुत्र की प्राप्ति हुई, जिसका नाम वेन रखा गया। राजकुमार वेन दुष्प्रवृत्ति का था, उसने कम उम्र में ही एक नादान हिरणी के शिशु का बड़ा निर्मम तरीके से शिकार किया था। राजकुमार इतना क्रोधी, निर्दयी और दुष्ट था कि वह कभी भी आवेश में आकर अपने ही साथियों की, प्रजा पालकों की हत्या कर दिया करता था। इस कारण सभी उसे दुष्ट वेन कहा करते थे। वह अपने पिता से बिल्कुल उलट प्रवृत्ति का था। राजा अंग को सदा अपने पुत्र की चिंता लगी रहती थी, उन्होंने कईयों बार वेन को अपने व्यवहार में बदलाव लाने को कहा, परन्तु वह अपने पिता की कभी नहीं सुनता। वेन इतना दुराचारी था कि वह राजर्षि, अन्य सम्माननीय ऋषि-मुनि को भी बिल्कुल आदर-सम्मान नहीं देता था। राजा अंग को अनुभुति हुई कि राजपाट कार्य छोड़ने का समय आ गया है, विरक्ति भाव जागृत होने के कारण वे जंगल में तपस्या करने चले गये, जिसके पश्चात् वेन को राजकार्य सौपने के अलावा कोई और चारा नहीं था। अब वेन राजा बनने के बाद और भी अधिक उपद्रवी हो गया, प्रजा उससे कुपित हो रही थी। अपने कठोर-क्रूर स्वभाव से वह सभी मुनियों को सताता, राजा वेन बड़ा ही नास्तिक था, उसने सभी धार्मिक कार्यों को बंद करा दिया। दान-पुण्य पर रोक लगा दी, यज्ञ-हवनादि कार्यों पर कड़े प्रतिबंध लगा दिये, ऋषियों को और अधिक प्रताड़ित करने लग गया। परिणामतः सभी ऋषियों ने तंग आकर उसे श्राप दे दिया, उन्होंने हुंकार भरी, उसी क्षण राजा वेन भस्म हो गया। उसके पश्चात् राज्य भार संभालने हेतु कोई शेष नहीं था, क्योंकि वेन के कोई संतान नहीं थी। ध्रुव वंश के राजा अत्यन्त पराक्रमी होते हैं। वंश की रक्षा के लिये ऋषियों ने वेन के शरीर का मंथन किया। सबसे पहले वेन के मृत शरीर की जांघ का मंथन किया, जिसमें से बाहुक नाम का बौना उत्पन्न हुआ। उसका वर्ण बिल्कुल कौए की भांति काला था, जो वेन के कुकर्मों का प्रति निधि था। अब वेन का शरीर पाप मुक्त हो गया था। इस बार वेन की भुजाओं का मंथन किया गया। दाहिनी भुजा के मंथन करने से एक दिव्य जोड़ा प्रकट हुआ- जो पुरूष थे वो भगवान विष्णु के अवतार ‘महाराज पृथु’ थे और जो देवी थी वो माता लक्ष्मी की अवतार ‘महारानी अर्चि’ थी। सभी ऋषि-मुनियों ने उल्लासपूर्वक पृथु का राज्याभिषेक किया। स्वर्ग से देवताओं ने पुष्प वृष्टि की, कुबेर ने सोने का सिंहासन दिया, इन्द्र ने अपना मुकुट दिया, भगवान विष्णु ने सुदर्शन चक्र दिया। महाराज पृथु को समस्त पृथ्वी का सम्राट बनाया गया। जब उन्होंने सिंहासन संभाला उस समय पृथ्वी अन्नहीन थी, प्रजा भूख से मर रही थी। अपनी प्रजा का करूण क्रन्दन सुनकर राजा पृथु अत्यधिक दुःखी हुये। बहुत देर तक विचार करते रहे और अंत में वे समझ गये कि पृथ्वी ने स्वयं ही अन्न, औषधि अपने भीतर छिपा रखे हैं। राजा पृथु ने अपना धनुष उठाया और क्रोधित होकर पृथ्वी को लक्ष्य बनाकर बाण चढाया। उन्हें देखकर पृथ्वी काँप उठी। जिस प्रकार शिकारी को देखकर हिरनी भागती है, उसी भांति पृथ्वी भयभीत होकर गाय का रूप धारण कर भागने लगी।
देश-विदेश, स्वर्ग, पृथ्वी, अंतरिक्ष, सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड में जहाँ-जहाँ वह दौड़कर गई पृथु के बाण उसका पीछा करते रहे। अंत में वह थक-हारकर विनती करने लगी- हे राजन! स्त्री कोई अपराध भी करे तो साधारण जीव भी उस पर हाथ नहीं उठाते, आप तो करूणा के सागर हैं। आप मेरा वध क्यों करना चाहते हैं! महाराज पृथु ने कहा- जब भी यज्ञ-हवन आदि हुए तो तुमने तत्परता से अपना हिस्सा लिया, लेकिन बदले में तुमने कुछ नहीं दिया, अन्न और वनस्पतियों को अपने गर्भ में छिपा कर रख लिया। मेरी समस्त प्रजा भूख से मर रही है, इसलिये मैं तुम्हें भी मार डालूंगा। विनीतभाव से गौरूपी पृथ्वी ने कहा कि हे राजन पूर्वकाल में ब्रह्माजी ने जिन धान्य आदि को उत्पन्न किया था, उन्हें दुराचारी लोगों ने नष्ट कर दिया। राजा वेन ने मेरा आदर करना छोड़ दिया था, उन्होंने स्वार्थ सिद्धि के लिये सभी खनिज पदार्थों का अत्यधिक दोहन किया, धरा को बंजर बना दिया, मेरा पालन करना छोड़ दिया, हवनादि क्रियाओं को प्रतिबंधित कर दिया, इसलिये औषधियों को मैने अपने में छिपा लिया, अब अन्न-धान्य अपने पौष्टिक गुण खो चुके हैं। हे सर्वेश्वर! आप साक्षात कृष्ण के अवतार हैं। यदि आपको अन्न की आवश्यकता है तो मेरे योग्य बछड़ा, दोहन-पात्र और दुहने वाले की व्यवस्था कीजिये। मैं उस बछड़े के स्नेह में द्रवित होकर दुग्ध के रूप में अन्न, वनस्पति, औषधि आदि पर्याप्त मात्रा में दूंगी। इस कार्य हेतु स्वायम्भुव मनु बछड़ा बने, राजा पृथु दोग्धा और पृथ्वी से पर्याप्त धन-धान्य का दोहन किया। पृथ्वी ने उनसे समतल करने की भी प्रार्थना की, जो राजा वेन द्वारा असामान्य कर दी गई थी। महाराज पृथु ने धनुष की नोंक से पर्वतों को फोड़कर सारे भूमण्डल को समतल कर दिया, जिससे इन्द्र का बरसाया जल वर्षा के बाद भी बना रहे। पृथु ने भूमि में प्रजा के लिये यथायोग्य निवास स्थानों का विभाग किया। उन्होंने अनेक गांव, कस्बे, नगर, पशुओं के रहने के स्थान, सैनिक छावनियाँ, किसानों के गांव आदि बसाये। सम्पूर्ण राज्य में फिर से खुशहाली छा गई। महाराज पृथु की जय-जयकार होने लगी। प्रजा को खुश देख पृथु संतुष्ट हुये। पृथु इतने प्रसन्न हुए कि पृथ्वी के प्रति उनका स्नेह पुत्री के समान हो गया। उन्होंने पृथ्वी को अपनी कन्या के रूप में स्वीकार किया। पृथु की कन्या होने के कारण ही उन्हें पृथ्वी कहा जाता है। महाराज पृथु पहले ऐसे राजा थे जिन्होंने पृथ्वी को व्यवस्थित किया। एक राजा का कर्तव्य पूरा करने के बाद पृथु को भगवान के दर्शन की इच्छा हुई और उन्होंने सौ अश्वमेध यज्ञ करने का संकल्प लिया। महाराज पृथु ने ब्रह्मावर्त में 99 अश्वमेध यज्ञ सम्पन्न किये, जब देवराज इन्द्र को इसकी सूचना मिली तो उन्होंने उनका पद छिन जाने के भय से यज्ञ का घोड़ा चुरा लिया, इन्द्र को शतकृतु भी कहा जाता है क्योंकि एकमात्र वे ही हैं जिन्होंने 100 अश्वमेध यज्ञ सम्पन्न किये हैं। इन्द्र नहीं चाहते थे कि उनके समान कोई दूसरा हो इसलिये वे बार-बार महाराज पृथु के अवश्मेध यज्ञ का घोड़ा चुरा लेते थे, जिसे पृथु का पुत्र विजितस्व पुनः छुड़ा लाता था, ऐसा कईयों बार हुआ। बार-बार पृथु यज्ञ करें और इन्द्र घोड़ा चुराकर भाग जाये। जब पृथु ने परेशान होकर इन्द्र का अंत करने की ठानी तब भगवान ब्रह्मा ने प्रकट होकर उन्हें ऐसा करने से रोका। उन्होंने पृथु से कहा- आपको लगता है, 100 यज्ञ पूरे होने से भगवान के दर्शन होंगे, अगर होते तो इन्द्र को भी भगवद दर्शन हो जाते। वह तो 100 यज्ञ करके इन्द्र बना है फिर भी चोरी कर रहा है। उन्होंने आगे कहा- देखो राजन! भगवान प्रेम से मिलते हैं। महाराज पृथु को बात समझ में आ गई और उन्होंने अंतिम यज्ञ का संकल्प बीच में ही छोड़ दिया। ब्रह्मा जी की आज्ञा पालन करने का फल ये हुआ कि जैसे ही पृथु ने संकल्प छोड़ा, थोड़ी देर में ही उनकी यज्ञशाला में शंख, चक्र, गदा और पुष्प लिये भगवान नारायण इन्द्र के साथ यज्ञशाला में प्रकट हुये। इन्द्र ने पृथु से क्षमा मांगी। इसलिये कहते हैं भगवद् दर्शन साधना के साथ ही कृपा से मिलते हैं।
महाराज पृथु अपनी प्रजा की संतान की भांति देखभाल किया करते थे। वे प्रजा को भी सदा अच्छे कर्म करने के उपदेश देते थे। एक बार महाराज पृथु के यहाँ सनकादि ऋषि प्रकट हुये। राजा पृथु ने उनकी स्तुति कर अपने उद्धार का उपाय पूछा। उन्होंने पृथु से कहा- आप तो भगवद् दर्शन कर चुके हैं फिर भी पूछना चाहते हैं तो हम कहते हैं ‘‘यदि चार बातें जीवन में हो तो मनुष्य का कल्याण होता है- 1 सर्वहित का भाव, 2 धार्मिक जीवन, 3 भगवान व गुरू के प्रति प्रेम व श्रद्धा, 4 सद्गुरू कृपा।’’
इसके पश्चात् उचित समय पर राजा पृथु ने अपने पुत्र को राज्यभार सौंपा और स्वयं घोर तपस्या करने हेतु वन की ओर चल दिये और साधना-भजन करते करते एक दिवस उनका पंचभौतिक शरीर लीन हो गया और वे बैकुण्ठ धाम को चले गये।
It is mandatory to obtain Guru Diksha from Revered Gurudev before performing any Sadhana or taking any other Diksha. Please contact Kailash Siddhashram, Jodhpur through Email , Whatsapp, Phone or Submit Request to obtain consecrated-energized and mantra-sanctified Sadhana material and further guidance,