





इस प्रकार रहस्य समझकर शिव की श्रद्धा-भक्तिपूर्वक उपासना करने से उनकी कृपा से उनका तत्त्व समझ में आ जाता है। जो पुरूष शिव-तत्त्व को जान लेता है उसके लिये फिर कुछ भी जानना शेष नहीं रह जाता। शिव-तत्त्व को हिमालयतनया भगवती पार्वती यथार्थरूप से जानती थीं, इसीलिये छद्मवेशी स्वयं शिव के बहकाने से भी वे अपने सिद्धान्त से तिल मात्र भी नहीं टलीं। उमा-शिव का यह संवाद बहुत ही उपदेशप्रद और रोचक है।
शिव-तत्त्वैकनिष्ठ पार्वती शिवप्राप्ति के लिये घोर तप करने लगीं। माता मेनका ने स्नेहकातरा होकर उ (वत्से!) मा (ऐसा तप न करो) कहा, इससे उनका नाम ‘उमा’ हो गया। उन्होंने सूखे पत्ते भी खाने छोड़ दिये, तब उनका ‘अपर्णा’ नाम पड़ा। उनकी कठोर तपस्या को देख-सुन कर परम आश्चर्यान्वित हो ऋषिगण भी कहने लगे कि ‘अहो, इसको धन्य है, इसकी तपस्या के सामने दूसरों की तपस्या कुछ भी नहीं है।’ पार्वती की इस तपस्या को देखने के लिये स्वयं भगवान् शिव जटाधारी वृद्ध ब्राह्मण के वेष में तपोभूमि में आये ओर पार्वती के द्वारा फल-पुष्पादि से पूजित होकर उसके तप का उद्देश्य शिवसे विवाह करना है, यह जानकर कहने लगे-
‘हे देवि! इतनी देर बातचीत करने से तुमसे मेरी मित्रता हो गयी है। मित्रता के नाते मैं तुमसे कहता हूँ, तुमने बड़ी भूल की हैं तुम्हारा शिव के साथ विवाह करने का संकल्प सर्वथा अनुचित हैं तुम सोने को छोड़कर काँच चाह रही हो, चन्दन त्यागकर कीचड़ पोतना चाहती हो। हाथी छोड़ कर बैल पर मन चलाती हो। गंगा जल परित्याग कर कुएँ का जल पीने की इच्छा करती हो। सूर्य का प्रकाश छोड़ कर खद्योत को और रेशमी वस्त्र त्याग कर चमड़ा पहनना चाहती हो। तुम्हारा यह कार्य तो देवताओं की सन्निधि का त्याग कर असुरों का साथ करने के समान हैं उत्तमोत्तम देवों को छोड़कर शंकर पर अनुराग करना सर्वथा लोकविरूद्ध है।
जरा सोचो तो सही, कहाँ तुम्हारा कुसुम-सुकुमार शरीर और त्रिभुवनकमनीय सौन्दर्य और कहाँ जटाधारी, चिताभस्मलेपनकारी, श्मशानविहारी, त्रिनेत्र भूतपति महादेव! कहाँ तुम्हारे घर के देवतालोग और कहाँ शिव के पार्षद भूत-प्रेत! कहाँ तुम्हारे पिता के घर बजने वाले सुन्दर बाजों की ध्वनि और कहाँ उस महादेव के डमरू, सिंगी और गाल बजाने की ध्वनि! न महादेव के माँ-बाप का पता है, न जातिका! दरिद्रता इतनी कि पहनने को कपड़ा तक नहीं है। दिगम्बर रहते हैं, बैल की सवारी करते हैं और बाघ का चमड़ा ओढ़े रहते हैं! न उनमें विद्या है और न शौचाचार ही है! सदा अकेले रहनेवाले, उत्कट विरागी, रूण्डमालाधारी महादेवके साथ रहकर तुम क्या सुख पाओगी?’
पार्वती और अधिक शिव-निन्दा न सह सकीं। वे तमक कर बोलीं- ‘बस, बस, बस, रहने दो, मैं और अधिक सुनना भी नहीं चाहती। मालूम होता है, तुम शिव के सम्बन्ध में कुछ भी नहीं जानते। इसी से यों मिथ्या प्रलाप कर रहे हो। तुम किसी धूर्त ब्रह्मचारी के रूप में यहाँ आये हो। शिव वस्तुतः निर्गुण हैं, करूणावश ही वे सगुण होते हैं। उन सगुण और निर्गुण-उभयात्मक शिव की जाति कहाँ से होगी!
जो सब के आदि हैं, उनके माता-पिता कौन होंगे और उनकी उम्र का ही क्या परिमाण बाँधा जा सकता है? सृष्टि उनसे उत्पन्न होती है, अतएव उनकी शक्ति का पता कौन लगा सकता है? वही अनादि, अनन्त, नित्य, निर्विकार, अज, अविनाशी, सर्व-शक्तिमान, सर्वगुणाधार, सर्वज्ञ, सर्वोपरि, सनातनदेव हैं। तुम कहते हो महादेव विद्याहीन हैं। अरे, ये सारी विद्यायें आयी कहाँ से हैं? वेद जिनके निःश्वास हैं उन्हें तुम विद्याहीन कहते हो छिः छिः!! तुम मुझे शिव को छोड़कर किसी अन्य देवता का वरण करने को कहते हो। अरे, इन देवताओं को, जिन्हें तुम बड़ा समझते हो, देवत्व प्राप्त ही कहाँ से हुआ? यह उन भोलेनाथ की ही कृपा का तो फल है।
इन्द्रादि देवगण तो उनके दरवाजे पर स्तुति-प्रार्थना करते रहते हैं और बिना उनके गणों की आज्ञा के अंदर घुसने का साहस नहीं कर सकते।
भगवान महेश्वर का परात्पर रूप वैसे पंचमुख ही है, किन्तु कल्प-कल्प में ब्रह्माण्ड में भी वे किन्हीं निमित्तों से अपने इस रूप को पृथ्वी पर प्रकट करते हैं। इस प्रकार की कथा प्राप्त होती है।
एक दिन ब्रह्मलोक से ब्रह्माजी और कैलास से भगवान शंकर संयोगवश एक साथ ही बैकुण्ठ पहुँचे। लीलामय श्रीपति ने उस दिन कौतुहलवश अपनी किशोरावस्था प्रकट की। उन सौन्दर्य-सिन्धु की यह अवस्था देखकर ब्रह्मा और शिव भी मोहित हो गये। एकटक उसे देखने लगे। एक तो सौंदर्यघन स्वयं श्रीहरि, दूसरे उनकी किशोरावस्था। अब न ब्रह्माजी को उस सौन्दर्य राशि को देखने से तृप्ति होती थी, न शिव को। अचानक शंकरजी ने सोचा, मुझसे तो अच्छे ये ब्रह्माजी हैं, चतुर्मुख होने के कारण आठ नेत्रों से यह शोभा देख रहे हैं। मेरे पास तीन ही नेत्र हैं, किन्तु मैं इन्हीं पर सन्तोष क्यों करूँ? ब्रह्मा से एक अधिक मुख मैं क्यों न हो जाऊँ। संकल्प करते ही उनके पंचमुख हो गये। अब पन्द्रह नेत्रों से वह शोभा को देख रहे थे।
श्रीपति ने देखा, जब तक मैं किशोर रूप में रहूँगा, ये ऐसे ही मुग्ध खड़े रहेंगे। इनका सत्कार किया जाना चाहिये। इसलिये हरि ने अपना नित्य तरूण रूप धारण कर लिया। इससे दोनों चौंके। विष्णु भगवान ने हँसते हुए कहा- ‘अब श्रीकैलासेश्वर का यह पंचमुख वेश भक्तों के लिये कल्याणप्रद होगा।’ भगवान शिव ने भक्तों की आराधना के लिये श्रीहरि का वचन सत्य करने के लिये अपना पंचमुख वेश नित्य कर दिया।
गुरु शब्द का अर्थ है, अन्धकार का नाशक अर्थात् अविद्या को दूर करने वाला।
प्रारम्भ में ही कह देना है कि जैसे अनेक मन्दिरों में अनेक शिवलिंग हैं- छोटे-बड़े, श्वेत-कृष्ण, पतले-मोटे कई प्रकार के, किन्तु इनसे शिव अनेक नहीं हैं, एक ही हैं, इसी प्रकार सृष्टि के आदि से अब तक और आगे भी जो प्राणियों के विभिन्न मानव गुरु हैं, हुए हैं और होंगे, वस्तुतः वे जो ब्राह्मण्डीय गुरु हैं, उन परम गुरु की मूर्ति मात्र हैं।
जीव अर्थात् व्यष्टि शरीर से परिच्छिन्न जीव किसी का गुरु हो नहीं सकता, क्योंकि जो स्वयं अविद्या के अन्धकार में भटक रहा है, दूसरे को इस अन्धकार से पार करने का पथ प्रदर्शित नहीं कर सकता। देहाभिमान के सर्वथा गलत होने, देहासक्ति का समूलोन्मूलन होने पर ही अविद्या की निवृत्ति मानी जाती है और जब देह की आसक्ति नहीं रही, देहगत चेतना अवरूद्ध किसे करेगी। तब देह की प्रतीत भले होती हो, उसके माध्यम से जो परम तत्त्व है, वही प्रकाशित होता है और इसी रूप में कोई शरीर किसी पथ-भ्रान्त का पथदर्शक बन सकता है। इस प्रकार जितने भी गुरु हैं, वे यदि सचमुच गुरु हैं, गुरुत्व की योग्यता उनमें है, तो वे व्यक्ति नहीं हैं, वे व्यापक ज्ञानस्वरूप, शिवतत्त्व के सचल स्वरूप हैं, उससे एकत्व प्राप्त कर चुके हैं। उनके माध्यम से जिज्ञासु के अधिकारानुरूप शिव का ही सन्देश प्रकट होता है।
परमगुरु के स्वरूप में शिव की साकार मूर्ति दक्षिणामूर्ति हैं। दक्षिण भारत के अधिकांश मन्दिरों में मन्दिर की भीतरी गर्भगृह-परिक्रमा में प्रायः मन्दिर की दक्षिणी दीवार में यह मूर्ति मिलती है। प्रायः सर्वत्र एक ही स्वरूप है – वटवृक्ष के नीचे सिद्धासन से भगवान शंकर ज्ञान मुद्रा प्रदर्शित करते हुए मौन आसीन हैं। उनके आसनवेदिका के नीचे अज्ञान पुरूष दबा हुआ है। वेदिका के नीचे सनकादि कुमार ऋषियों के साथ मौन बैठे महेश्वर की ओर अपलक देख रहे हैं। यहाँ महेश्वर अपने मौन से ही अवाड्मनगोचर तत्त्व के उपदेष्टा हैं। सुयोग्य शिष्य के अन्तः करण संशयरहित हो गये हैं।
ये परमगुरु दक्षिणामूर्ति हमारे हृदय में ही विराजमान हैं। उनके मौन उपदेश अविराम प्रवाहित हैं। अपनी इन्द्रियों और मन के चाञ्यल्य के कारण हम उन्हें श्रवण नहीं कर पाते। यदि सचमुच आपको संसार में कोई गुरु प्राप्त नहीं होता, अपनी इन्द्रियों को और मन को शांत होने दीजिये। अन्तःकरण में स्थित महेश्वर दक्षिणा मूर्ति का उपदेश आपको अवश्य पथ प्रदर्शित करेगा।
वर्ष का पांचवां माह श्रावण माह कहलाता है। जनमानस इसे सावन माह भी कहते हैं। यह माह भगवान शिव को अत्यन्त प्रिय है। इसलिये इस माह में आशुतोष भगवान शाम्ब सदाशिव की पूजा-आराधना का विशेष महत्व है। जो प्रतिदिन पूजन न कर सकें, उन्हें सोमवार को शिव पूजा, अभिषेक अनिवार्य रूप से करनी चाहिये, संभव हो तो व्रत रखना चाहिये।
श्रावण में शाकवर्जन, सोमवार व्रत, रोटक व्रत, अखण्ड बिल्व पत्रों द्वारा शिव सहस्त्र नाम से शिव पूजन, दशाफल व्रत, शुक्ल पक्ष में तृतीय नवरात्र, देवी पूजन, गणेश चतुर्थी, नाग पंचमी, शीतला सप्तमी, एकादशी, दधि व्रत, पवित्र रोपण, श्रावणी, रक्षा बंधन आदि धार्मिक क्रियायें मुख्य हैं।
रोटक व्रत धन वर्धक है। इसमें श्रावण के प्रथम सोमवार से कार्तिक तक रोटक व्रत का अनुष्ठान किया जाता है। जिससे अक्षय ऐश्वर्य धन की प्राप्ति होती है।
विशेष कर शिव सहस्त्र नामों द्वारा बिल्व पत्रों से शिवार्चन की महिमा अवर्णनीय है।
चातुर्मास्य महात्म्य में आता है कि एक बार घूमते-घूमते पार्वती के मस्तक पर श्रम जनित स्वेद बिन्दु आ गये, जिसे उन्होंने अपने हाथ से पोंछकर पृथ्वी पर छिड़क दिया। बस वहां तुरंत एक वृक्ष प्रकट हो गया। पार्वती ने जया से पूछा यह वृक्ष कहां से आया तो जया ने सारी बात बतलायी। इस पर पार्वती ने पृथ्वी में बिल बनाकर भेदन कर निकलने वाले इस विशिष्ट वृक्ष का नाम बिल्व रख दिया।
साथ ही उन्होंने कहा कि जो इस वृक्ष के पत्तों से मेरी पूजा करेगा, वह राजा होगा तथा उसकी सभी कामनायें पूरी हो जायेंगी। जो इसके पत्तो में श्रद्धा करेगा, उसे मैं अपार धन दूंगी। जो उसके पत्ते को खाने की इच्छा करेगा, उसके हजारों पाप तुरंत नष्ट हो जायेंगे, जो इसे सिर से लगायेगा, वह कभी भी नरक में नहीं जायेगा।
इसके मूल में गिरिजा, स्कन्धो में सती, फल में कात्यायनी, मध्य में अपर्णा, पुष्प में दुर्गा और कण्टको में नौ करोड़ शक्तियों का निवास है। जो इससे शिव-पार्वती की पूजा करते हैं, उनकी सारी कामनायें पूर्ण हो जाती हैं। यह बिल्व वृक्ष स्वयं विश्वेश्वरी भगवती पार्वती का ही रूप है।
आपकी माँ
शोभा श्रीमाली
It is mandatory to obtain Guru Diksha from Revered Gurudev before performing any Sadhana or taking any other Diksha. Please contact Kailash Siddhashram, Jodhpur through Email , Whatsapp, Phone or Submit Request to obtain consecrated-energized and mantra-sanctified Sadhana material and further guidance,