





स्वामी रामदास का जन्म चैत्र शुक्ल नवमी विक्रम सम्वत् 1665 (1608 ई ॰) को दोपहर में हुआ था। सूर्या पंत राणुबाई के घर में जन्मे इस बालक का नाम नारायण सूर्या कुलकर्णी रखा गया। नारायण बचपन में बहुत शरारती थे। गांव के लोग रोज उनकी शिकायत उनकी माता से आकर किया करते थे।
एक दिन माता राणुबाई ने नारायण से कहा- कुछ काम किया करो, तुम दिन भर शरारत करते रहते हो। तुम्हारे बड़े भाई गंगाधार अपने परिवार की कितनी चिंता करते हैं। यह बात नारायण के मन में लग गई। दो-तीन दिन बाद उन्होंने शरारत छोड़कर एक कमरे में ध्यान लगा लिया। दिन भर में नारायण नहीं दिखे तो माता ने बड़े बेटे से नारायण के बारे में पूछा। दोनों उन्हें खोजने निकल पड़े, किन्तु उनका कोई पता नहीं चला। शाम के समय माता ने कमरे में उन्हें ध्यान अवस्था में देखा तो उनसे पूछा- नारायण तुम यहां क्या कर रहे हो? तब नारायण ने जवाब दिया- मैं पूरे विश्व की चिंता कर रहा हूं।
इस घटना के बाद नारायण की दिनचर्या बदल गयी, सात वर्ष की अवस्था में ही उन्होंने भगवान राम को अपना गुरु मान लिया। जिसके बाद से उनका अधिकांश समय भगवान राम का ध्यान, उनकी पूजा आदि कर्मो में बीतने लगा।
12 वर्ष की अवस्था में अपने विवाह के समय ‘शुभ मंगल सावधान’ में ‘सावधान’ शब्द सुनकर नारायण ने विवाह मंडप छोड़ दिया और वे टाकली नामक स्थान पर श्री राम चन्द्र की उपासना करने लगे, उन्होंने 12 वर्ष की कठिन तपस्या सम्पन्न की। जिसके बाद उनका रामदास पड़ गया। इस प्रवास में उन्होंने हिन्दुओ की जो दुर्दशा देखी, उससे उनका हृदय संतप्त हो उठा। वे समझ गये कि हिन्दुओं के संगठन के बिना हिन्दुस्तान का उद्धार नहीं हो सकता। उन्होंने अपने जीवन का लक्ष्य स्वराज्य की स्थापना द्वारा मुस्लिम आतातयी शासको के अत्याचारों से जनता को मुक्ति दिलाना बनाया। शासन के विरूद्ध जनता को संघठित होने का उपदेश देते हुये, वे भ्रमण करने लगे।
उन्होंने समाज के युवा वर्ग को यह समझाया कि स्वस्थ एवं सुगठित शरीर के द्वारा ही राष्ट्र की उन्नति संभव है। इसलिये उन्होंने व्यायाम एवं कसरत करने की सलाह दी एवं शक्ति के उपासक भगवान श्रीराम के भक्त हनुमान के मूर्ति की स्थापना की।
कश्मीर से कन्या कुमारी तक उन्होंने ग्यारह सौ मठ तथा अखाड़े स्थापित कर स्वराज्य स्थापना के लिये जनता को तैयार करने का प्रयत्न किया। इन मठों और अखाड़ो में श्रीराम और हनुमान जी की पूजा के साथ ही युवक कुश्ती तथा शस्त्र संचालन का अभ्यास करते थे। इस प्रकार उन्होंने युवकों की एक अच्छी टोली खड़ी कर दी। चाफल केन्द्र से वे इनका संचालन करते थे। ‘जय-जय श्री रघुवीर समर्थ’ उनका उद्घोष था। इसी से लोग उन्हें ‘समर्थ स्वामी’ कहने लगे।
उस कालखण्ड में जब शिवा जी ने आदर्श हिंदू राज्य स्थापित करने के प्रयास प्रारंभ किये, तो उन्होंने समर्थ स्वामी को अपना गुरु और मार्गदर्शक बनाया। शिवा जी जब समर्थ स्वामी से मिले तो अपना राज्य उनके झोली में डाल दिया। समर्थ स्वामी ने कहा- यह राज्य न तुम्हारा है न मेरा। यह राज्य भगवान का है, हम सिर्फ निवासी हैं। समर्थ गुरु रामदास का व्यक्तित्व भक्ति ज्ञान, वौराग्य से ओत-प्रोत था। मुख मण्डल पर दाढ़ी तथा मस्तक पर जटायें, भाल प्रदेश पर चन्दन का टीका लगा रहता था।
उनके कंधे पर भिक्षा के लिये झोली रहता था। एक हाथ में जप माला, कमण्डल तथा दूसरे हाथ में योग दण्ड लिये रहते थे। पैरां में लकड़ी की पादुकायें धारण करते थे। योग शास्त्र के अनुसार उनकी भूचरी मुद्रा थी। मुख से सदैव राम नाम क जाप चलता था और बहुत कम बोलते थे। वे संगीत के उत्तम जानकार थे। वे प्रतिदिन 1200 बार सूर्य नमस्कार करते थे। इस कारण उनका शरीर अत्यंत बलवान था। जीवन के अन्तिम कुछ वर्ष छोड़कर पूरे जीवन में वे कभी एक जगह पर नहीं रूके। उनका वास्तव्य दुर्गम गुफायें, पर्वत शिखर, नदी के किनारे तथा घने अरण्य में रहता था।
समर्थ स्वामी की जीवन यात्रा का अनुभव मुख्यतः ‘दासबोध’ नामक ग्रंथ में संकलित हैं। कहा जाता है कि वर्ष 1680 में शिवाजी के देहांत के बाद उनके पुत्र शंभाजी का अनुचित व्यवहार देखकर स्वामी जी को बहुत दुःख हुआ। उन्होंने पत्र लिखकर उन्हें समझाया, पर शंभा जी ने ध्यान नहीं दिया।
अपने जीवन का अन्तिम समय समर्थ रामदास ने सतारा के पास परली के किले पर व्यतीत किया बाद में इस किले का नाम सज्जनगढ़ पडा़। तमिलनाढु के तंजावुर ग्राम में रहने वाले अरणिकर नाम के अंध कारीगर ने प्रभु राम, माता सीता और लक्ष्मी मूर्ति बनाकर सज्जनगढ़ भेज दी। इसी मूर्ति के सामने समर्थ रामदास ने अन्तिम पांच दिन निर्जल उपवास करते हुये राम नाम जप करते रहे और पूर्व सूचना देकर माघ कृष्ण नवमी विक्रम सम्वत् 1793 (22 जनवरी 1682) को 73 वर्ष की अवस्था में पद्मासन में बैठकर ब्रह्मलीन हो गये।
समर्थ गुरु रामदास एवं शिवाजी के अद्भुत प्रसंग-प्रथम एक दिन प्रभात काल में कुछ ब्राह्मण और विशाल सेना लेकर शिवाजी अपने गुरुदेव समर्थ स्वामी रामदास के चरणों में दर्शन व सत्संग के हेतु पहुंचे।
गुरुदेव के सानिध्य में घण्टों बीत गये शिवाजी को इसका पता ही न रहा, दोपहर के भोजन का समय हो गया। आखिर शिवाजी उठे, श्री चरणों में प्रणाम किया और विदा मांगी। समर्थ ने कहा- सब लोग भूखे हैं, भोजन करके जाओ।
शिवाजी सोचने लगे- इतनी बड़ी फौज का भोजन कोई भी पूर्व आयोजन के बिना कैसे हो? समय भी नहीं है और राशन भी नही है। स्वामी समर्थ ने अपने शिष्य कल्याण गोसांई को भोजन का प्रबन्ध करने की आज्ञा दे दी।
वह भी विस्मित नयनों से गुरुदेव के मुख मण्डल को देखता ही रह गया। पूर्व सूचना के बिना इतने सारे लागों की रसोई बनाई नही थी। स्वामी श्री उन लोगों की उलझी हुयी निगाहें समझ गये और बोले- उस पर्वत में जो बड़ा पत्थर खड़ा दिखता है न, उसको हटाना। एक गुफा का द्वारा खुलेगा, उस गुफा में सारा भोजन तैयार है।
कल्याण गोसांई ने जाकर पत्थ्र को हटाया तो गुफा के भीतर गरमा-गरम विभिन्न पकवान व व्यंजन भरे देखे। प्रकाश के लिये जगह-जगह पर मशालें जल रही थीं। शिवाजी सहित सब लोग दंग रह गये। यथेष्ट भोजन हुआ, फिर स्वामी जी के समक्ष शिवाजी ने पूछा- प्रभु! ऐसे अरण्य में इतने सारे लोगों के भोजन की व्यवस्था आपने एकदम कैसे कर दी? कृपा करके अपनी यह लीला हमें समझाईये गुरुदेव!
गुरुदेव मंद-मंद मधुर स्मित के साथ बोलें-इसका रहस्य जाकर तुकोबा से पूछना, वे बतायेंगें। कुछ दिन बाद दोपहर अपनी लम्बी-चौड़ी फोज के साथ शिवाजी संत तुकाराम जी के दर्शन करने देहु गांव गये। अनुचर के द्वारा संदेश भेजा कि- मैं शिवाजी, आपके दर्शन करने आया हूं, कृपया आज्ञा दीजिये। संत ने कहलवाया- दोपहर का समय है और भोजन तैयार है। पहले आप सब लोग भोजन कर लो, बाद में दर्शन करके जाना। अपने सेवादार भेजो, पका हुआ भोजन और घोड़ों के लिये दाना पानी यहां से ले जायें। प्रत्युत्तर सुनकर शिवाजी विस्मित हो गये, सोचने लगे तुकाराम जी का घर देखो तो टूटा-फूटा झोपड़ा। शरीर पर वस्त्र का ठिकाना नहीं, भजन करने के लिये मंजीरे भी पत्थर के, यह सब ध्यान में रखते हुये शिवाजी ने दो सेवादारों से कहा- वहां जाओ और महाराज जो भी दे प्रसाद समझकर ले आओ।
शिवाजी के आगमन में विलम्ब होता देखकर संत तुकाराम ने एक गाड़ी में घोड़ों के लिये दाना-पानी भरवाकर शिष्य को भेजा और कहा पशुओं के लिये दाना-पानी देकर सभी लोगों को भोजन के लिये यहां ले आओ। शिवाजी अपने पूरे मंडल के साथ आये तो देखा विशाल भव्य मंडप खड़ा है। जगह-जगह पर सुहावने परदे, आराम स्थान,भोजनालय, पानी के प्याऊ। यह सब देखकर शिवाजी आश्चर्य से मुग्ध हो गये। भोजन उपरान्त थोड़ा विश्राम करके तुकाराम महाराज के दर्शन करे गये। टूटे-फूटे बरामदे बैठकर भजन करते हुये संतश्री को प्रणाम करके बैठें। फिर पूछा- महाराज! हमारे गुरुदेव स्वामी समर्थ के यहां भी भोजन का ऐसा ही सुन्दर प्रबन्ध हुआ था। मैंने रहस्य पूछा तो उन्होंने आपसे इसका रहस्य जानने की बात की थी, कृपया अब आप हमें बताओं।
तुकाराम जी बोले- अज्ञानी चित्त व देह अभिमानी व्यक्ति इस बात को नहीं समझते कि स्वार्थ और अहंकार त्याग कर जो व्यक्ति अपने आत्मदेव में विश्रान्ति पाते हैं, उनके संकल्प में अनुपम सामर्थ्य होता है। रिद्धि-सिद्धि उनकी दासी हो जाती है, सारा विश्व उनके संकल्प का विलास है। जिसका जितना शुद्ध अन्तः करण होता है, उतना उसका सामर्थ्य होता है। अज्ञानी लोग भले समर्थ जी में सन्देह करें, लेकिन समर्थ जी तो समर्थ तत्व में सदा स्थिर है।
शिवाजी! सन्देह मत करना, मनुष्य के मन में अथाह शक्ति व सामर्थ्य भरा है, अगर वह अपने मूल तत्व में विश्रान्ति पा जाये तो। मैं तो एक साधु हूं, हरि का दास हूं, अनाथ से भी अनाथ हूं, मेरा घर देखों तो टूटा-फूटा झोंपड़ा है, लेकिन साधु आत्म तत्व से समर्थ होता है, वह कुछ भी कर सकता है। शिवाजी अगम-निगम पर विचार करते हुये और संतो की लीला पर आनन्द आश्चर्य का अनुभव करते हुये वहां से प्रस्थान कर गये।प्रसंग द्वितीय छत्रपति शिवा जी समर्थ गुरु रामदास स्वामी के प्रिय शिष्य थे, वे उन्हें सभी शिष्यों से अधिक प्रेम करते। शिष्यों में यह भावना बैठ गयी कि शिवा जी के राजा होने के कारण समर्थ उनसे अधिक प्रेम करते हैं। समर्थ गुरु ने शिष्यों के इस संदेह भावना को दूर करने का मानस बना लिया।
एक दिन समर्थ गुरु शिष्यों के साथ जंगल गये, घना जंगल होने के कारण रास्ता भटक गये, किसी को भी रास्ते का भान नहीं रहा। इसी समय समर्थ एक गुफा में जाकर उदर शूल (पेट दर्द) का बहाना करके लेट गये। इधर शिवा जी गुरु समर्थ के दर्शन के लिये निकले थे। उन्हें पता चला कि वे इस समय जंगल में कहीं हैं। खोजते-खोजते गुफा के पास आये। गुफा में पीड़ा से विहवल शब्द सुनायी पड़ा। भीतर जाकर देखा तो गुरुदेव ही विकलता से करवटें बदल रहें हैं। शिवा जी ने हाथ जोड़कर उनकी वेदना का कारण पूछा। समर्थ ने कहा- शिवा! भीषण उदर पीड़ा से विकल हूं। शिवा ने पूछ‘- महाराज इसकी दवा? समर्थ बोलें- शिवा! इसकी कोई दवा नहीं है, रोग असाध्य है। हां, एक ही दवा काम कर सकती है, पर जाने दो—–! शिवा जी- नहीं, गुरुदेव! निःसंकोच बताये, शिवा गुरु को स्वस्थ किए बिना चैन से नहीं रह सकता। समर्थ बोलें- सिंहनी का दूध और वह भी ताजा निकाला हुआ, पर शिवा! यह सर्वथा दुष्प्राप्य है।
शिवा जी ने पास पड़ा गुरुदेव का तुम्बा उठाया और समर्थ को प्रणाम करके तत्काल सिहंनी की खोज में निकल पड़े। कुछ दूर जाने पर एक जगह दो सिंह शावक दिखाई पड़े। शिवा जी ने सोचा, निश्चय ही यहां इसकी माता आयेगी। संयोग से वह आ गयी, अपनी संतान के पास अनजाने मनुष्य को देख वह शिवाजी पर टूट पड़ी और अपने जबड़े में उनकी गर्दन पकड़ ली। उन्हें यहां सिंहनी का दूध निकालना था, इसलिये वे हाथ जोड़कर सिंहनी से विनय करने लगे- मां! मैं यहां तुम्हे या तुम्हारे बच्चों को मारने नहीं आया हूं। मेरे गुरुदेव को स्वस्थ करने के लिये सिंहनी का दूध चाहिये, यही लेने मैं तुम्हारे पास आया हूं, मुझे दूध लेने दो, गुरुदेव को दे आऊं फिर भले ही तुम मुझे खा लेना, शिवाजी ने प्रेम पूर्वक सिंहनी की पीठ सहलायी। मूक प्राणी भी ममता से प्राणी के अधीन हो जाते हैं। सिंहनी का क्रोध शान्त हो गया। उसने शिवा जी का गला छोड़ा और बिल्ली की तरह उन्हें चाटने लगी।
फिर शिवाजी ने दूध निचोड़ कर तुम्बा में भर लिये और सिंहनी को नमस्कार कर बड़े आनन्द के साथ गुरु समर्थ के पास प्रस्थान किये। इधर सभी शिष्य भी गुरु समर्थ को ढूंढते हुये आ मिले (समर्थ गुरु उदर पीड़ा का बहाना कर शिष्यों को बिना बताये ही गुफा में चले गये थे, जहां पर उन्हें शिवाजी ढूंढते हुये पहुचे थे) गुरु समर्थ उन्हें आश्चर्य दिखाने जंगल में बढ़े। शिवाजी आनन्द से आगे बढ़े रहे थे, कि समर्थ रामदास शिष्यों सहित उनके पीछे पहुंच गये, उन्होंने शिवाजी को आवाज लगायी।
शिवाजी ने पीछे मुड़कर देखा और पूछा- गुरुदेव अब आपका उदर शूल कैसा है? समर्थ गुरु रामदास बोले- आखिर तुम सिंहनी का दूध भी ले आये, धन्य हो शिवा! भला तुम्हारे जैसा एक निष्ठ शिष्य रहते गुरु को पीड़ा कैसे रह सकती है।
It is mandatory to obtain Guru Diksha from Revered Gurudev before performing any Sadhana or taking any other Diksha. Please contact Kailash Siddhashram, Jodhpur through Email , Whatsapp, Phone or Submit Request to obtain consecrated-energized and mantra-sanctified Sadhana material and further guidance,