





एक ही काल अर्थात् एक ही घड़ी की दो स्थितियां होती हैं, एक सौभाग्य की, दूसरी दुर्भाग्य की घड़ी, मैं दो शब्दों का उपयोग कर रहा हूं- सौभाग्य और दुर्भाग्य की। क्योंकि यह घड़ी सौभाग्य की हो सकती है और दुर्भाग्य की भी हो सकती है। अगर तुमने जीवन के दरवाजे बंद कर रखें हैं और अविश्वास बना रखा है, नकारात्मकता और नास्तिकता तुम्हारे जीवन की पद्धति हो तो यह घड़ी दुर्भाग्य की घड़ी है। फिर तुम अंधेरे और अंधेरे में गिरते जाओगे और गर्त में खो जाओगे। फिर यह घड़ी बड़ी निराशा की घड़ी होगी और तुम्हें जीवन अर्थहीन मालूम पड़ेगा।
लेकिन यह घड़ी सौभाग्य की भी हो सकती है। अगर तुमने अपनी चेतना के दरवाजे बंद नहीं किये हैं और नकारात्मकता तुम्हारी जीवन-शैली नहीं है, तो तुम आंखें उठाकर अभी भी देख सकते हो कि यह जीवन व्यर्थ नहीं है, तुम्हारे कहने मात्र से जीवन व्यर्थ नहीं होता। यह धन मिट्टी हुआ कहने से भी धन मिट्टी साबित नहीं होता। इस तरह कहने से नये धन की खोज, नये धन की यात्रा अवश्य शुरू हो जाती है। यदि यह दिखाई पड़े कि सब व्यर्थ हुआ, इससे सब व्यर्थ होता नहीं, इससे अदृश्य की यात्रा शुरु होती है। इसलिए मैने एक साथ कहा दुर्भाग्य या सौभाग्य की घड़ी।
जो व्यक्ति अपने जीवन को नकारात्मकता में ढ़ाल लेता है, अर्थात् जो मानकर ही बैठा है कि जीवन व्यर्थ है, जो मानकर ही बैठा है कि यहां कोई परमात्मा नहीं है, जो मानकर ही बैठा है कि जो दिखाई पड़ता है इसके पार और कुछ भी नहीं है। जिससे खोजा नहीं गया, जिसने आंख नहीं उठाई है। जो मानकर बैठा है कि भीतर कुछ भी नहीं है लेकिन भीतर कभी झांका नहीं है। जो मानकर चलता है कि चेतना जैसी कोई चीज नहीं है, जो कभी एकाग्र भाव से साधना के प्रति समर्पित नहीं हुआ, ऐसा करने वालो के लिए तो दुर्भाग्य की ही घड़ी है।
लेकिन जिसने अपने को इस तरह नकारात्मकता में कसा नहीं है, जो कहता है, हो सकता है और भी जीवन हो। जो कहता है हो सकता है बुद्ध, महावीर, कृष्ण और कबीर, नानक और दादू सहीं हों। जो कहता है मैं खोजू, तभी निर्णय लूंगा, उसके जीवन में यह घड़ी आत्मघात की नहीं है। उसके लिये यह आत्म रूपांतरण की घड़ी है। यहीं से आदमी या तो अपने आपको मिटाना शुरु करता है या अपने आप को जगाना शुरू करता है।
यह जीवन का बड़ा महत्वपूर्ण दोराहा है और हर किसी का जीवन इस दोराहे पर आता ही है। आज नहीं कल, कल नही परसों, एक न एक दिन तुम्हें इस दोराहे पर आना ही होता है, जहां विकल्प होते हैं दो आपको उचित, जाग्रत भाव में सही विकल्प का चुनाव करना है या तो आप सही विकल्प का चुनाव कर जीवन को उच्चतम स्वरूप दो या आप दिखावा, आडम्बर युक्त क्रियाओं में शामिल होकर स्वयं के साथ छल करो या तो सब व्यर्थ मानकर हार जाओ, पराजित हो जाओं या कुछ और भी विजय हो सकती है, उसके अभियान पर निकल पड़ो। निर्णय आपको करना है, चुनाव आपका, निर्माण भी आपका होगा और मंजिल भी आपकी और पहुंचना भी आपको है, मैं आपके साथ आपके सर्वहित के लिए जो भी बनेगा वह सब करूंगा।
धनी धरमदास के जीवन में यह घड़ी आ गयी थी। सब था उनके पास, धन था, पद था, प्रतिष्ठा थी। सफलता ही सफलता के ढ़ेर लगे थे और एक दिन उनकी चेतना जाग आयी और यह दिखाई पड़ा कि यह सब तो बेकार है। क्योंकि जो भी मैंने इकट्ठा किया है, मौत छीन लेगी, मेरे पास ऐसा क्या है जो मौत न छीन सके? यह प्रश्न जिस दिन उठा उसी दिन धरमदास की नींद टूट गयी। उसी दिन से एक दूसरी खोज शुरू हुई। इस खोज में सद्गुरु अनिवार्य है। क्योंकि जब तुम अनजान की खोज पर निकलते हो तो किसी ऐसे व्यक्ति को खोजना होगा जो उस अनजान में गया हो। जब तुम सागर की यात्रा पर निकलते हो तो किसी ऐसे नाविक को खोजना होगा जिसने यात्रा की हो और जब तुम पहाड़ पर चढ़ते हो तो तुम किसी ऐसे संगी साथी को चाहते हो जो पहाड़ों से वाकिफ हो, परिचित हो। यह बिलकुल स्वाभाविक है। अनजान की यात्रा में कोई हाथ चाहिए, अदृश्य की यात्रा में कोई साथ चाहिए, कोई ऐसा जो उस दूसरे लोक की खबर दे सके। शब्दों से ठीक-ठीक नहीं दी जा सकती लेकिन इशारे महत्वपूर्ण हैं।
इशारे काम आते हैं, क्योंकि रास्ता बेबूझ है, रहस्यपूर्ण है। सुगम भी नहीं है, दुर्गम है। हजार मौके आयेंगे जब तुम अटक जाओंगे, राह खो-खो जायेगी और हजार मौके आयेंगे जब तुम गलत राह पकड़ लोगे और हजार मौके आयेंगे जब तुम्हारा मन कहेगा, लौट चलो, यहां आगे कुछ भी मालूम नहीं होता, सब अंधेरा है। अपनी पुरानी दुनिया ही ठीक थी, बुरी-भली जैसी भी थी, अपनी दुनिया अच्छी थी। लौट चलो, कम से कम साफ-सुथरी थी। हम जानते थे कहां चल रहें हैं। भूगोल हमारे हाथ में था, नक्शा हमारे साथ था। यह किस जंगल में खोये जाते हो? भय की बड़ी दुर्दान्त घडि़या आयेंगी, जब ऐसा लगेगा कि यह तो जीवन की खोज न हुई, यह तो अपने हाथ से मौत की तलाश हो गयी। मैं फिर से दोहरा दूं, उस परम खोज में वह घड़ी निश्चित आती है जब तुम्हें लगता है, मैं मरा। उसी मृत्यु में से तो तुम्हारे नये जीवन का अंकुर निकलता है। बीज जब फूटता है तभी तो वृक्ष पैदा होता है। तुम मिटोगे तो ही तुम्हारे भीतर कुछ नये का सूत्र बन पायेगा।
कौन तुम्हें सम्हालेगा उस दिन? कौन तुम्हें सहारा देगा? कौन तुम्हें आश्वासन देगा कि घबड़ाओं मत, ऐसा मुझे भी हुआ है और फिर भी मैं हूं। सच तो यह है कि ऐसा जब से हुआ है, तब से ही मैं हूं, उसके पहले मैं कहां था? बीज तो घबरा जायेगा, किसी वृक्ष का साथ चाहिए जो कहे, घबड़ाओ मत, टूटने से ही होना है। मिटने से ही पाना है। खोने में ही उपलब्धि है। धन्य भागी हैं वे, जो अपने को खो देते हैं, क्योंकि वे ही मालिक हो जाते हैं। वे ही सब कुछ पा लेते हैं। कोई हाथ का सहारा दे, आश्वासन दे और उसकी आंखों की चमक और उसकी जीवन की ज्योति तुम्हारे भीतर श्रद्धा जगमगाये तो शायद तुम सूली पर भी चढ़ जाओ और सूली पर चढ़कर ही सिंहासन मिलता है। ऐसी कठिन घड़ी में ही गुरु की जरूरत है।
सद्गुरु शास्त्र में बंधा नहीं होता, वह सत्य में जगा होता है। इसलिये वह जो बोलता है वह शास्त्र से मेल खाये तो ठीक, न मेल बैठे तो उसे कुछ चिंता नहीं है। सद्गुरु किसी परम्परा का हिस्सा नहीं होता। सद्गुरु सदा ही सत्य का पुनराविर्भाव होता है, नया संस्करण होता है। सद्गुरु खुद ही देखकर लौटा है। वह किन्हीं और आंख वालों का भरोसा नहीं है, अपनी आंख से देखकर लौटा है। जो देखा है वह कहता है। इसलिये कबीर ने कहा है कि मैं कागज की लिखी नहीं कहता। कहता आंखन देखी। जो आंख से देखा है वहीं कहता हूं। अब जिसने भी आंख से देखा है उसके सत्य का जो प्रतिपादन होगा, विद्रोही होगा, बगावती होगा। परमात्मा इस जगत में सबसे बड़ी क्रांति है। परमात्मा परम्परा नहीं है क्योंकि परमात्मा पुराना नहीं है। परमात्मा प्रतिपल नया है। शास्त्र पुराने पड़ जाते हैं, उन पर धूल जम जाती है। परमात्मा पर कभी धूल नहीं जमती, वह शाश्वत जीवन है।
आज की सुबह कल की सुबह की पुनरुक्ति नहीं थी और आज पक्षियों ने जो गीत गाये हैं वे पहले कभी नहीं गाये थे और सांझ आकाश में जो बदलियां तैरेंगी वैसी बदलियां पहले कभी नहीं तैरी थीं। यहां अस्तित्व में सभी कुछ प्रतिपल नया होता रहता है। यहां सब नूतन है। जब तुम आंख खोलकर सत्य को देखोगे, उस नूतन का तुम पर आघात पड़ेगा और तुम्हारी हृदय-तंत्री पर जो संगीत उठेगा, वैसा संगीत पहले कभी नहीं उठा था। महावीर की हृदय-तंत्री ने एक गीत गाया था। बुद्ध की हृदय-तंत्री ने दूसरा गीत गाया, कबीर ने तीसरा। जिसने भी जाना है उसका अपना गीत है। उसका विशिष्ट गीत है। उसका अद्वितीय गीत है, बेजोड़ गीत है।
इसीलिए अभी का जो समय है वह वैसा ही दुबारा नहीं होगा, जो अभी घटित हो रहा है, उसकी पुनरावृत्ति दोबारा नहीं होगी, जो क्रियायें आज सम्पन्न हो जायेगी, ठीक बिलकुल वैसा, उसी योग में उसकी पुनरावृत्ति नहीं हो सकती। जब कबीर या बुद्ध या महावीर जैसे आदमी से तुम्हारा मिलना हो जाए तो तस्वीर से मिलना नहीं होता, तुम जीवंत सत्य से मिल रहे हो। तुम चुमोगे, चूमने का उत्तर भी पाओगे।
जब तुम गीता पढ़ते हो तो तुम सोचते हो, तुम कृष्ण को समझ रहे हो। तुम कृष्ण को क्या समझोगे! कृष्ण सामने थे तब अर्जुन को इतनी कठिनाई हुई समझने में, तुम कैसे समझोगे? कृष्ण उत्तर देने को मौजूद थे जीवंत, तब भी अर्जुन के मन में हजार-हजार शंकाएं उठती रहीं। तुम तो अर्जुन भी नहीं हो, तुम्हारे मन में तो ऐसी लाखों-लाखों शंकाएं उठती होंगी, लेकिन तुम सोचो अर्जुन की शंकाओं से अर्जुन का क्या भला हुआ, अर्जुन मोह-पाश में बंधा रहा, वह कृष्ण से तर्क-वितर्क करता रहा, उसके समक्ष कृष्ण ब्रह्माण्ड स्वरूप में भी प्रकट हो गये, फिर भी अंततः अर्जुन कृष्ण को नही समझ सका।
यह है समस्या कोई कृष्ण पूर्ण स्वरूप में आपके सामने खड़ा भी हो जाये तो भी आप अर्जुन की तरह तर्क करते रहोगे, मनुष्य की प्रकृति ही ऐसी है, वह तार्किक बुद्धि वाला है, इसीलिए हजारों वर्षों से उसने केवल तर्क किये। परन्तु इस तर्क से केवल और केवल उसी की हानि हुई।
आज भी ऐसा होता है और पहले से अधिक होता है, आधुनिक समाज के लोग अब और अधिक प्रश्न उठाते हैं, प्रश्नों का अम्बार लगा है, लेकिन तर्क को समाप्त नहीं किया जा सकता है, जहां जिज्ञासा की प्यास होती है, उसे बुझाया जा सकता है। परन्तु जिज्ञासा वाले लोग बहुत ही कम होते हैं, अधिकांश संख्या तार्किक लोगो की ही है। इन दो शब्दों को याद रखना, शास्त्र और शास्ता। शास्ता यानी गुरु। वह गुरु जिससे शास्त्र पैदा होते हैं, उस शास्त्र पैदा करने वाले गुरु को खोजो, उनसे मिले और जब वे मिल जाये, तो तर्क मत करना, क्योंकि बुद्धि तुम्हें गर्त में ले जायेगी, तर्क तुम्हारे बुद्धि को भ्रष्ट कर देगा।
अब गीता में कृष्ण नहीं हैं, अब धम्मपद में बुद्ध नहीं हैं, किताबों में कैसे जीवंतता हो सकती है? जीवंत गुरु का सानिध्य ही तुम्हारे जीवन का मूल स्रोत है। जिससे शास्त्र पैदा होता है, पैदा हो जाने के बाद परम्परा बन जाती है। जब शास्त्र पैदा हो रहा है उस घड़ी में पकड़ लेना। जब कहीं वेद जन्म ले रहा हो उस घड़ी में पकड़ लेना पैर, तो तुम धन्यभागी हो, तो तुम धन्यता से भर जाओगे। लेकिन दुर्भाग्य ऐसा है कि जब शास्त्र जन्म जाता है तब लोग पकड़ते हैं। क्योंकि लोग प्रतिष्ठा की फिक्र करते हैं। प्रतिष्ठिा में तो समय लगता है। बुद्ध जब जिंदा थे तब प्रतिष्ठा नहीं थी उनकी, प्रतिष्ठा बनने में तो कुछ वर्ष बीतें, बुद्ध का निर्वाण हुआ, फिर लोगों को उनकी महत्ता समझ में आयी कि बुद्ध क्या थे, उनका होना क्या था, फिर उनकी जीवनी लिखी गई, जब जीवंत रूप में ज्ञान देने वाला नहीं रहा तो बुद्ध की बाते, उनका ज्ञान, उनके विचार लिपिबद्ध किये गये।
और फिर रोये, बहुत रोये लोग लेकिन क्या फायदा वह महापुरुष जब नहीं रहा जो तुम्हें जीवन्त-जाग्रत स्वरूप में तुम्हारा हाथ पकड़ कर तुम्हें पार लगाने के लिए प्रयासरत रहा, अपनी ज्योति तुम्हें देने के लिए व्याकुल रहा, प्रतिक्षण तुम्हारे लिए क्रियारत रहा, तब तुम उसे नहीं समझे, तब तुम तर्क करते रहे, अपनी बुद्धि का उपयोग कर उस पर ऊगंलिया उठाते रहे और जब वो नहीं रहा तो तुम रोते हो, तो तुम्हारा रोना किस काम। इसलिए जाग जाना उसके जाने से पहले और पहचान लेना उसे, पहले कह चुका हूं काल अति बलशाली है, इससे पहले कि काल के पंजे तुम्हें जकड़ लें और तुम फिर जन्म-मरण के चक्रव्यूह में व्याकुल रहो और तुम पछतावो कि वास्तव में जीवन व्यर्थ हो गया अपना जीवन सार्थक बना लो, अभी कुछ नहीं बिगड़ा समय है और समय रहते जाग जाओ, इसमें ही इस जीवन की भलाई है। क्योंकि तुम कैसे यहां तक आये, किन-किन कारणों को तुम्हारे गुरु ने, ईश्वर ने निर्मित किया, कितनी वेदना सहकर, अपनी तपस्या से तुम्हारे लिए एक सुगम मार्ग प्रशस्त किया यह बड़ा ही गहन विषय है। इसके गहराई शब्दों के माध्यम से जाना नहीं जा सकता, यह तो अनुभूति और चेतना, जाग्रत भाव का विषय है।
एक महात्मा कहीं जा रहे थे, उनकी भाव मुद्रा में ईश्वरीय तेज प्रदीप्त हो रहा था, चलते-चलते उनके पांव से एक कीड़ा आ टकराया उन्होंने लगभग चौंकते हुये देखा रास्ते में एक कीड़ा बड़े वेग से भागा जा रहा था, महात्मा सभी जीवों की गति एवं भाषा के मर्मज्ञ थे, उन्होंने दयावश कीड़े की बोली में ही उससे इस प्रकार भागने का कारण पूछा। तब कीड़े ने कहा- हे मुनिवर! कोई बहुत बड़ी बैलगाड़ी इधर ही चली आ रही है, कहीं वह आकर मुझे कुचल न दे इसीलिए तेजी से भाग रहा हूं। क्षुद्र योनि में पड़े उस कीड़े का देह के प्रति मोह देखकर महर्षि चकित हुये, फिर उन्होंने उससे जिज्ञासा प्रकट करते हुये कहा कीड़े तुम तो तिर्यक योनि में पड़े हुए हो तुम्हारे लिए तो मर जाना ही सौभाग्य है मनुष्य यदि मृत्यु से डरे तो उचित है, पर तुम कीड़े को इस शरीर से छूटने का इतना भय क्यों है?
इस पर कीड़े ने कहा है मुनिवर मुझे मृत्यु का भय नहीं है, भय इस बात का है कि इस कुत्सित कीड़ा योनि से भी अधम दूसरी लाखों योनियां है, मैं कहीं उन योनियों का भागी न बन जाऊं। इस पर महात्मा जी करूणावान हो गये और कहा- कीडे तुम मेरे शरण में आये हो तो तुम भय न करो मैं जब तक तुम्हें मनुष्य शरीर में ना पहुंचा दूंगा, तब तक सभी योनियों से शीघ्र ही छुटकारा दिलाता रहूंगा, मुनिवर जी के कहने पर कीड़ा पुनः मार्ग पर लौटा और बैलगाड़ी के नीचे दबकर प्राण त्याग दिए।
तत्पश्चात् वह कौआ, सियार आदि योनियों में जब-जब उत्पन्न हुआ, तब-तब महात्मा जी ने जाकर उसके पूर्व जन्म का स्मरण करा दिया, इस तरह वह क्रमशः शाही, गोह, मृग, पक्षी, चांडाल और अन्य योनियों में जन्म लेता हुआ मनुष्य योनि में क्षत्रिय के रूप में उत्पन्न हुआ, वह मनुष्य रूप में अनेक प्रकार के कर्म करता रहा, एक दिन महात्मा जी उसके पास आये और उसे पूर्व की सभी घटनाओं के बारे में बताया, लेकिन वह तार्किक पुरुष अपने तर्क और बुद्धि के बल पर उनसे प्रश्न पर प्रश्न करता रहा। महात्मा जी ने उसे लाख समझाने का प्रयास किया, पर वह कुछ मानने को तैयार नहीं था।
कुछ ऐसा ही होता है मनुष्य योनि, यह मानव जाति ही बुद्धि और तर्क पर स्थित है और यही बुद्धि उसके लिए सबसे बड़ा सौभाग्य और सबसे अधिक दुर्भाग्य की भी बात है। बुद्धि यदि सही दिशा में चले तो सौभाग्य और यदि वह दिशा से भ्रमित हो जाये, कुक्रियाओं से ग्रसित हो जाये, उसके जीवन में धर्म, कर्म का स्थान ना हो तो यह उसके लिए दुर्भाग्य है। इसलिये गुमान इस बात पर मत करना कि मनुष्य देह मिल गया तो सब अच्छा ही अच्छा है, अच्छा तो तब है जब बुद्धि सही दिशा में चले, बुद्धि का सही दिशा में चलना अति आवश्यक है, तब ही जीवन की सही दशा बनती है। कहने को सब कुछ है लेकिन कुछ भी नहीं है, कहने को ही सब कुछ है, घर है, मकान है, पत्नी है, पति है, बच्चे हैं, बेटियां हैं, रिश्तेदार हैं, मित्र हैं। कहने को सब कुछ हैं। बस कहने को ही है। इधर सांस गयी कि सब व्यर्थ हुआ।
सांस जाए उसके पहले जाग जाओ, सांस जाये उसके पहले चेतना का, ज्ञान का, अलौकिक शक्ति का थोड़ा अनुभव कर लो, जीवन उसी अनुभव के लिए एक अवसर है और तुम उसे गंवाते हो, तुम्हें भेजा गया है हीरे की खदान पर और तुम कंकड-पत्थर बीन रहे हो और जल्दी ही खबर आ जायेगी की समय पूरा हो गया। तब तुम बहुत पछताओगे लेकिन मृत्यु फिर समय नहीं देती, फिर तुम लाख कहो कि चौबीस घंटे का वक्त दे दो, उतना भी नहीं मृत्यु से मिलता। आयी तो आयी, तो फिर कोई मोहलत नही है।
सिंकदर चौबीस घंटे ज्यादा जिंदा रहना चाहता था, क्योंकि वह अपनी मां को वचन देकर अया था कि सारी दुनिया को जीत कर जब लौट आऊंगा तो तेरे चरणों में सारी दुनिया का राज्य रख दूंगा। वह हिन्दुस्तान से लौट रहा था। उस समय की जानी हुई सारी दुनिया उसने जीत ली थी। लेकिन अपनी राजधानी से चौबीस घंटे के फासले पर था, तब चिकित्सकों ने कह दिया कि अब बच न सकोगे। उसने बहुत मिन्नते कीं। परमात्मा को कभी वह याद नहीं किया था, पहली दफा याद किया, सारी सेना ने प्रार्थना की। लाखों ने प्रार्थना की कि सिर्फ चौबीस घंटे—–! क्योंकि सिंकदर की एक ही मन्शा थी कि पूरी कर लूं, कि जाकर मां के चरणों में सारा राज्य दुनिया का रख दूं। किसी बेटे ने कभी अपनी मां के चरणों में सारी दुनिया का राज्य नहीं रखा, वह मैं करके दिखा दूं। वह सिर्फ चाहता था चौबीस घंटे, ज्यादा नहीं मांगता रहा था, लेकिन वह भी नहीं हो सका।
सिंकदर को भी चौबीस घंटे ज्यादा नहीं मिलता। जब मौत आ ही गया तब उसे दिखाई पड़ा कि मैं चूक गया। इस जिंदगी को मैंने व्यर्थ की चीजें इकट्ठा करने में गंवा दी। मैंने ऐसे कुछ भी सार्थक नहीं खोजा है, जो मैं कह सकूं परमात्मा के सामने कि यह मैं खोजकर लाया हूं। सब गंवाकर लौटा हूं। मैं भिखमंगे की तरह जा रहा हूं, सम्राट की तरह नहीं। सिकंदर के अंतिम वचन यही थे कि मैं भिखमंगे की तरह मर रहा हूं, सम्राट की तरह नहीं।
इसलिये इससे पहले कि आप चूक जाओं और परमात्मा को, सद्गुरुदेव भगवान को जबाव देना मुश्किल हो जाये, कुछ सार्थक क्रियायें कर लो, भ्रम में मत रहो यह यात्रा लौकिक से अलौकिक की है और तुम्हारे जीवन में चेतना के विस्तार की, यह यात्रा है पुरुष से पुरुषोत्तम की, यह यात्रा है अहम् ब्रह्मास्मि चेतना प्राप्त करने की, यह यात्रा है पूर्ण मदः से पूर्णमिंद की इसलिये ज्यादा सोचना मत कदम बढ़ा लो जीवन स्वर्णिम होगा, सुखद, आनन्दमय होगा, परम शांति से भरा होगा और उससे अधिक आत्मसंतुष्टि से परिपूर्ण होगा———– आओ साथ-साथ चलते हैं– ——–देव शक्तिमय दिव्य धामों की यात्रा पर———नव सृजन—– जीवन नव निर्माण की यात्रा पर———यह यात्रा है नर से नारायण की———–!!!
परम पूज्य सद्गुरुदेव
कैलाश श्रीमाली जी
It is mandatory to obtain Guru Diksha from Revered Gurudev before performing any Sadhana or taking any other Diksha. Please contact Kailash Siddhashram, Jodhpur through Email , Whatsapp, Phone or Submit Request to obtain consecrated-energized and mantra-sanctified Sadhana material and further guidance,