





आओं हम सब मिलकर स्वागत करें, नूतन वर्ष का..
कुछ विशेष संदेश, जिन्हें अवश्य अपनाएं
अपने लिये और अपने परिवार के लिये तो हर कोई जीता है। मनुष्य क्या, पशु-पक्षी भी। आप अपनी उन्नति, घर परिवार की उन्नति पर अवश्य ध्यान दें। लेकिन इसके साथ आपके समाज के प्रति भी कर्त्तव्य है इस हेतु कुछ न कुछ कार्य अवश्य करें। समाज की कुछ निस्वार्थ सेवा का संकल्प अवश्य लें और करें।
इस प्रकृति ने आपको बहुत कुछ दिया है, इसका ऋण कभी भी नहीं उतर सकता है। इसकी सेवा का एक ही उपाय है कि आप वृक्ष लगायें। वृक्ष लगाकर भूल नहीं जायें उनका पालन-पोषण भी करें। जिस प्रकार आप अपने बच्चे का पालन-पोषण करते है उसी प्रकार उनका ध्यान रखते हुए उन्हें पनपाएं।
वर्ष में एक बार परिवार के साथ भ्रमण हेतु तीर्थ स्थल अथवा किसी पर्यटन स्थल पर अवश्य जाएं।
आप शिष्य है और गुरू आपसे इतना ही चाहते है कि वर्ष में एक बार उनसे मिलने किसी शिविर अथवा गुरूधाम, जोधपुर, दिल्ली में अवश्य आयें।
आप स्वयं विचार करें कि आपकी आदतों में कौन-सी आदत सबसे बुरी है, बस उस आदत को छोड़ दें। शुरूआत तो करें।
टीवी देखना, फिल्म देखना कोई बुरी बात नहीं है लेकिन इसकी अति भी उचित नहीं है। इसके साथ ही नित्य प्रति पुस्तकें और अच्छा साहित्य आदि पढ़ने की भी आदत डालें।
अपने घर में नित्य पूजन अवश्य करें, यह पूजन केवल धूप-दीप से भी हो सकता है। पांच मिनट के लिये ही करें, लेकिन करें अवश्य।
आपको गुरू आरती याद है यह बहुत अच्छी बात है। इसके साथ ही आपको ‘राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत’ जन-गण-मन…’ और ‘वन्देमातरम्…..’ भी अवश्य याद होना चाहिये।
मैं नहीं कहता कि कहीं होटल, रेस्टोरेन्ट इत्यादि में बाहर कभी खाना खाएं ही नहीं लेकिन इतना तो अवश्य कहूंगा कि ये पिज्जा, सैंडविच, बर्गर, कोल्ड-डिंªक्स, खाना उचित नहीं है। इन्हें छोड़ दें, आप छोड़ देंगे तो बच्चे भी छोड़ देंगे तथा शरीर स्वस्थ बनेगा।
स्वस्थ जीवन के लिये आवश्यक है कि थोड़ा शारीरिक व्यायाम किया जाये, नित्य प्रति भ्रमण-व्यायाम, योगाभ्यास की आदत डाले तो आधी से अधिक बीमारियां तो आपके पास आयेगी ही नहीं।
आपको क्रोध आता है यह ठीक भी हो सकता है और नहीं भी। इसका निर्णय तो क्रोध शांत होने आप स्वयं ही कर सकते है। लेकिन क्रोध में गालियां, अपशब्द बोलना तो बिल्कुल भी उचित नहीं है। इसे छोड़ दें।
अपनी पत्नी तथा बच्चों की तुलना कभी भी दूसरों से नहीं करें। आपके घर को आपकी पत्नी ने ही संवारा है और बच्चे आपका ही स्वरूप है, उन्हें पूरा प्यार दें।
शरीर में निरन्तर नया रक्त बनता रहता है और यह क्रिया जीवन भर चलती रहती है। यदि आप छः महीने में एक बार रक्तदान करते है तो उससे कोई कमजोरी नहीं आयेगी, रक्त दान समाज की सबसे बड़ी सेवा है। विचार कीजिये कि आपका खून किसी की जान बचा रहा है।
विश्वास की शक्ति पर भरोसा रखें, विश्वास और दृढ़ विश्वास आपको लक्ष्य प्राप्ति में सहायक होगा।
कोई आपकी थोड़ी प्रशंसा कर देता है तो आप गर्व से फूल जाते है और कोई आपकी थोड़ी निंदा करता है तो क्रोध से भर जाते है या डर जाते है। याद रखें कि आपका स्वयं का एक व्यक्तित्व है जो प्रशंसा और निंदा के अधीन नहीं है। स्वयं को जानिये।
गुरू और देवता में आस्था का भाव जागृत होना एक महान घटना है और आस्था में चमत्कारिक शक्ति है। छोटी-मोटी बातों से अपनी आस्था का भाव मन से मत हिलाईये, आपकी आस्था हिमालय के समान दृढ़ और अविचलित होनी चाहिये।
क्या आप कभी कोई गीत गाते है, कोई वाद्य यंत्र बजाते है अथवा गुन-गुनाते है। और कुछ नहीं तो चुपचाप कुछ सोचते हुए ताली ही बजाएं। एक बार इसे भी अपना के देखिये, आप किस प्रकार मन को शक्ति देते है और आनन्द आता है।
यह जीवन आपका है, कोई रेडिमेड कपड़ा अथवा कम्पनी का शो-रूम नहीं है । जीवन को खुद ही गढ़ना पड़ता हैं। जीवन जीने का ढंग आपको ही बनाना है। आप शुरूआत तो कीजिये।
ये सब आप कर सकते है, क्योंकि आप साधक है, शिष्य है और आपके गुरू तो सद्गुरूदेव कैलाश श्रीमाली जी है।
नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं।
-गुरूदेव
It is mandatory to obtain Guru Diksha from Revered Gurudev before performing any Sadhana or taking any other Diksha. Please contact Kailash Siddhashram, Jodhpur through Email , Whatsapp, Phone or Submit Request to obtain consecrated-energized and mantra-sanctified Sadhana material and further guidance,