





चाहे साधक कितना ही महान हो, पर उसे तब तक पूर्ण सिद्धि एवं सफलता प्राप्त हो नहीं सकती, तब तक कि वह गुरु से दीक्षा प्राप्त न कर ले। मात्र मुंह से गुरु-गुरु या शिष्य-शिष्य का उच्चारण करने से कुछ नहीं हो पाता, जब तक वह पूर्ण विधि-विधान के साथ शास्त्रोक्त पद्धति से दीक्षा प्राप्त नहीं कर लेता ।
दीक्षा ही तो शिष्य की निधि है, जीवन का सम्बल है, मन की पूर्णता, शिव सायुज्य होने का विधान है लक्ष्य तक पहुंचने का मार्ग है।
वास्तव में दीक्षा आत्म-संस्कार का ही दूसरा नाम है। व्यक्ति, साधक या शिष्य मानवीय व्यवहार, दोष एवं पाश से आबद्ध रहता है, इन दोषों और पापों की वजह से उसका पूर्णत्व प्रस्फुटित नही हो पाता, वास्तव में ही शिष्य पूर्ण शिव स्वरूप होते हुए भी जब उसकी आत्मा पर झूठ, छल, पाप और असत्य का आवरण होता है, जिसके कारण वह अपने आप को अपूर्ण समझता है, तथा वह अपने हृदय में पूर्णता अनुभव नहीं कर पाता, यह कमी उसमें कई अशुभ भावनाओं का संचार करती है, जिसके कारण देह में विविध रोग होते है, आयु क्षीणता का अनुभव होता है और सुख-दु:ख का अनुभव होता रहता है, एक प्रकार से देखा जाय तो साधक या शिष्य इन बाहरी छल-प्रपंचों से घिरा रहता है और उसे साधना में सिद्धि या सफलता नहीं मिल पाती, ऐसी स्थिति में साधक निराश हो जाता है।
इस प्रकार की बद्ध आत्मा में ये तीन प्रकार के आवरण-देह, आयु और भोग सदा रहते है। दीक्षा के द्वारा इन आवरणों को पूरी तरह से हटाया जाता है, मलिन आत्मा का संस्कार किया जाता है और उस साधक को या शिष्य को पूर्ण चैतन्य बना दिया जाता है, जिससे कि वह तेजस्विता प्राप्त कर सके और संसार के सभी पापों को दूर कर साधना में सफलता प्राप्त करता हुआ, अपने इष्ट के पूर्ण दर्शन कर सके।
दीयते ज्ञान सद्भावः क्षीयते पशु भावना।
दानक्षपण संयुक्ता दीक्षा तेनेह कीर्तिता ।।
अर्थात्, जिसके द्वारा ज्ञान देकर पशुता की भावना का क्षय किया जाता है, ऐसे गुरु प्रदत्त दान को ही ‘दीक्षा’ कहा जाता है।
दीक्षा ही महत्वपूर्ण
दीक्षा मूलो जपः सर्व: दीक्षा मूलं परं तपः।
दीक्षा माश्रित्य निवसेत् यत्र कुत्राश्रमे वसन्।।
कुलार्णव तंत्र में बताया गया है कि संसार के समस्त प्रकार के जप का तथा तप का मूल दीक्षा ही है, इसलिये विविध जंजालों के पथ को छोड़कर सीधा सरल-मार्ग दीक्षा का ही आश्रय लेना चाहिए। जो गुरु दीक्षा न दे सके, वह गुरु नहीं अपितु पातकी है, जिस आश्रम या गुरु गृह में दीक्षा विधान नहीं है वह हरा-भरा होते हुये भी मरुस्थल के समान है। जहां पर शक्तिपात करने की व्यवस्था न हो, वहां त्याग, तपस्या और परमार्थ का भले ही कितना ही ढोल पीटा जाता हो, वह व्यर्थ है। सच्चा गुरु वही कहला सकता है, जो दीक्षा देने का विधान जानता हो, क्योंकि दीक्षा से ही तो शिष्य का ज्ञान उद्विप्त होता है। यदि चाण्डाल होते हुये भी सर्व बन्धनों से मुक्त हो जाता है।
दीक्षया मोक्ष दीपेन चाण्डालोऽपि विमुच्यते ।
वास्तव में ही दीक्षा जीवन की सर्वोच्च निधि है, जीवन का वरदान है, शिव सायुज्य होने की क्रिया है, मनुष्य को महेश्वर बनाने की प्रक्रिया है। दीक्षा के द्वारा शिष्य के अन्दर केवल मात्र देवत्व भाव ही नहीं, केवल ब्रह्मत्व भाव ही नहीं, अपितु गुरुत्व की प्राप्ति के भाव का भी जागरण होता है।
दीक्षा: जीवन का गति तत्त्व
गुरु का क्या अर्थ है? गुरु का कार्य है, शिष्य की आत्मा के साथ अपने आपको अभिन्न कर देना और शिष्य के आन्तरिक सभी पापों का शीघ्रातिशीघ्र नाश करके उसे पूर्ण चैतन्य शुद्ध एवं शिवमय बना देने की प्रक्रिया बनाना। यह कार्य गुरु ज्ञान द्वारा, दीक्षा द्वारा और शक्तिपात द्वारा सम्पन्न होता है।
सबसे पहले गुरु साधक को ज्ञान द्वारा उसके वास्तविक स्वरूप को समझाता है, हकीकत में देखा जाये तो साधक का जीवन या यों कहा जाय कि उस व्यक्ति का जीवन अशुद्ध, दूषित और विषय वासनाओं से युक्त होता है, उसकी आत्मा पर विभिन्न पापों और दोषों के आवरण पड़े रहते हैं।
फलस्वरूप शिष्य की या साधक की आत्मा इन दोषों की वजह से माया में आविष्ट रहती है, और प्रयत्न करने पर भी न तो पूर्ण चैतन्य हो पाती है और न ही इष्ट से एकाकार होकर उसके दर्शन कर पाती है। ऐसी स्थिति में गुरु, ज्ञान के द्वारा उसे समझाता है कि यह पशु जीवन एक मामूली और सामान्य जीवन है, प्रभु ने हमें मानव जीवन दिया है, तो हममें ज्ञान चेतना का भी प्रस्फुटन किया है, और हम ज्ञान के द्वारा ही समझ सकते हैं कि किन तरीकों से इस पापमय दोषयुक्त जीवन को शुद्ध चैतन्य बना सकते हैं इसी को दीक्षा या ज्ञान क्रिया कहा जाता है।
दीक्षा: जीवन को शुद्ध बनाने की क्रिया
अब प्रश्न उठता है कि शिष्य को दीक्षा लेने के लिए क्या करना चाहिये और उसे किस क्रम में दीक्षा प्राप्त करनी चाहिये, क्या एक बार दीक्षा लेना ही आवश्यक है अथवा बार-बार दीक्षा ग्रहण किया जाय?
जो साधक भोगार्थी हैं क्या अपने जीवन को क्षण प्रति क्षण शुद्ध रखकर कार्य कर सकते हैं?
क्या सांसारिक जीवन में रहने वाले व्यक्ति झूठ, छल, लोभ, इत्यादि से मुक्त रह सकता है?
क्या सांसारिक व्यक्ति अपने जीवन यापन के लिए उल्टे-सीधे सभी कार्यों को करने से बच सकता है?
ऐसा कदापि संभव नहीं हो पाता है, उसे तो जीवन यापन के लिए और सांसारिक सुखों की प्राप्ति के लिए तरह-तरह के विचित्र क्रिया कलाप करने पड़ते हैं। केवल कंद मूल खाकर वह जंगल में नहीं रह सकता, वह तो इसी जीवन में रहते हुए शुद्ध साधनायें संपन्न कर उनमें पूर्णता प्राप्त करना चाहता है। उन साधनाओं के सहारे अपने जीवन लक्ष्य में और अधिक गति पाना चाहता है। यह संभव है और साधक यह कर सकता है क्योंकि जब भी साधक के मन में या गृहस्थ के मन में साधना का एक भी बीज फूटता है तो यह निश्चित है कि उसके भीतर सद्गुरुदेव के प्रति जो आस्था है, विश्वास है, वह मंत्रों की शक्ति को स्वीकार करता है, तंत्र की क्रियायें सम्पन्न करना चाहता है, और इन तंत्र और मंत्रों से युक्त यंत्र को अपने घर स्थापित करना चाहता है जिससे घर में सुख-संपत्ति में वृद्धि हो, और कार्य में प्रगति हो।
जैसा कि मैने पहले दीक्षा के संबन्ध में स्पष्ट किया कि दीक्षा जीवन का सबसे बड़ा वरदान है, गुरु द्वारा शिष्य को दिया हुआ उपहार है, उसके जीवन को आगे बढ़ाने के लिये एक ठोस नींव का निर्माण है।
जहां तक दीक्षा भेद का प्रश्न है तंत्र शास्त्रों में तीन प्रकार की दीक्षाओं का विशेष वर्णन आया है- 1- शांभवी दीक्षा, 2 शाक्त दीक्षा, 3 मान्त्री दीक्षा । इस प्रकार की दीक्षायें केवल उन्हीं व्यक्तियों के लिये संभव है जो कि केवल तंत्र को ही अपना जीवन बनाना चाहते हैं और निरन्तर तांत्रिक क्रिया संपन्न करना चाहते हैं ऐसा व्यक्ति सुखी गृहस्थ जीवन व्यतीत नहीं कर सकता ।
भोगार्थी (सांसारिक व्यक्ति) क्या करें?
साधना में सिद्धि और भोग का शुद्ध समन्वय गुरुदेव द्वारा बताये गये मार्ग से ही संभव हो सका है, क्योंकि जीवन में निरन्तर जाने-अनजाने सांसारिक व्यक्तियों के द्वारा ऐसे कार्य होते रहते हैं, जिसके कारण साधना का बल क्षीण होता है और साधना में सफलता प्राप्त नहीं हो पाती।
इस लिए शास्त्रों में जो दीक्षा क्रम बताया गया है उसी क्रम की अनुपालना के साथ-साथ शिष्य को और भी दीक्षायें ग्रहण करते रहना चाहिये, क्योंकि जब भी शिष्य एक दीक्षा लेता है तो उसकी आत्मा पर पड़े हुए आवरण का एक हिस्सा शुद्ध होता है और यह क्रम बार-बार दोहराया जाना चाहिये, और जब तक साधक कुछ विशिष्ट साधनायें सम्पन्न करें जैसे-दस महाविद्या साधना, जिसमें कमला(लक्ष्मी), काली, मातंगी, तारा साधनायें सम्मिलित हैं तो साधक को उस समय विशेष दीक्षा अवश्य ग्रहण करनी चाहिये, जिससे उसे निरन्तर गुरुदेव की शक्ति की उष्णता, तीव्रता प्राप्त हो सके और उसके भीतर सुप्त शक्ति का जागरण हो सके ।
इसलिये जो साधक कहते हैं कि हमने अमुक गुरु दीक्षा ले ली है और अब बाकी सब काम तो गुरुदेव का है, हम तो अपने जीवन में उल्टे-सीधे सभी कार्य करते रहेंगे, क्या ऐसा सम्भव हो सकता है? कदापि नहीं, जिस प्रकार शरीर की शुद्धता के लिए नित्य स्नान आवश्यक है, उसी प्रकार जीवन को पूर्ण शुद्ध एवं सोने के समान चमकदार बनाने के लिये जीवन रूपी कोयले में से कोयला हटा कर हीरा तराशने के लिए बार-बार दीक्षा आवश्यक है।
वास्तव में जब जीवन के सौभाग्य का उदय होता है तो जीवन में दीक्षा का चिन्तन पैदा होता है और इसके द्वारा हम सद्गुरुदेव को पहचान कर सेवा करते हुये, उनकी आज्ञाओं का पालन करते हुये उनके चरणों में लीन होते हैं। ऐसे सद्गुरु से एक बार शिष्य बनकर निरन्तर दीक्षा प्राप्त करनी चाहिये, जिससे जीवन में सभी सिद्धियां प्राप्त हो सकें। वास्तव में जीवन में पूर्णता प्राप्त करने के निन्तर प्रयास करते रहने की क्रिया को ही दीक्षा कहा जाता है।
It is mandatory to obtain Guru Diksha from Revered Gurudev before performing any Sadhana or taking any other Diksha. Please contact Kailash Siddhashram, Jodhpur through Email , Whatsapp, Phone or Submit Request to obtain consecrated-energized and mantra-sanctified Sadhana material and further guidance,