





पूज्य सद्गुरुदेव ने सदैव ही कर्मशक्ति पर विशेष बल दिया है, बाहरी आडंबरों का खंडन कर पौरुष, शक्ति और सामर्थ युक्त कर्म करने हेतु तत्पर किया है। कर्मशक्ति से युक्त व्यक्ति ही इस ब्रह्माण्ड के समस्त संपदाओं का स्वामी बन सकता है, महालक्ष्मी से आपूरित हो सकता है। इसलिये ही लक्ष्मी को ‘कर्म-प्रभाव-प्रकाशिनी’ कहा गया है।
जब सम्पूर्ण सृष्टि अपने कर्मों को छोड़कर, अपने कर्तव्यों से कर्महीन हो चुकी थी, तब सद्गुरुदेव अपने साधक रुपी पुत्र-पुत्रीयों को कर्मशक्ति से युक्त होने का चेतना प्रवाह कर रहे थे, उनके जीवन में फैले हुये अंधकार में आत्म दीप का प्रज्जवलन कर रहे थे जिससे उन्हें बाहर की ज्योति न तलाशना पड़े।
गुरु की शक्ति तभी फलित होती है जब शिष्य उसे आत्मसात करना सीखता है। उसके फलस्वरुप ही ‘श्री’ को अपने जीवन में धारण किया जा सकता है। गुरु हमारे जीवन के चालक हैं, जिनसे जुड़कर जीवन यात्रा के ‘धक्के’ कम हो सकते हैं। पूज्य सद्गुरुदेव द्वारा दीपावली महापर्व की पूर्व संध्या पर दिया गया यह क्रान्तिपूर्ण तथा परिवर्तनकारी प्रवचन उनके ओजस्वी शैली में-
दीपावली का यह महानतम महोत्सव और सही रुप में देखा जाये तो इस वर्ष ने हमें बहुत विशिष्ट चिंतन प्रदान किया है, अनेक क्रियाओें से अभिभूत किया है और साथ ही साथ उन चिन्तनों और क्रियाओं में हम श्रेष्ठ रुप में सफल भी हुये। उसी सफलता का यह प्रभाव है कि सामान्यत: हम दीपावली महोत्सव, साधना, पूजा-अर्चना या मंत्र जाप के माध्यम से सम्पन्न करते हैं। परन्तु इस बार जो विषम स्थितियां हुई हैं वे सभी दुःख, विषमपूर्ण तथा कष्ट-पीड़ा से युक्त क्रियायें यज्ञ-हवन के माध्यम से यज्ञ की अग्नि में भस्मिभूत हो सके उसी के लिये यज्ञ-हवन की प्रक्रिया सम्पन्न की जाती है और इस प्रक्रिया से ही हम उन सभी असुर, पापरुपी शक्तियों को भस्म कर सकते हैं।
भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर राक्षस का संहार किया, जिसने हजारों की संख्या में स्त्रीयों को, बेटियों को बन्धक बना कर रखा और उन्हें हर प्रकार से प्रताड़ित करता था। श्रीकृष्ण ने उस नरकासुर राक्षस का संहार कर उन शक्तिहिन स्त्रीयों और बालिकाओं को मुक्त किया। अर्थात् उन्हें जो नारकीय जीवन की प्राप्ति हो रही थी, जो विद्वेष स्थितियों की प्राप्ति हो रही थी उनका पूर्ण रुप से समाप्तिकरण कर अपनी शरण में आत्मसात किया।
भगवान श्रीकृष्ण ने उन स्त्रीयों को नरकासुर के बन्धनों से मुक्त किया, उन्हें आत्मसात कर स्वीकार किया और हमनें भागवत महापुराण में, कथाओं के माध्यम से यह प्रतीक बना दिया कि भगवान श्रीकृष्ण की 16100(सोलह हजार एक सौ) रानीयां थी। सही अर्थों में जो भक्ति भाव से, समर्पण भाव से, ईश्वर की वन्दना करते हैं, गुरु की वन्दना करते हैं; कोई पुरुष भी वन्दना करते हैं तो वे राजमय स्थितियों की ओर, श्रेष्ठमय स्थितियों की ओर क्रियाशील होते हैं।
हमारा प्रमुख उद्देश्य क्या रहता है। समय-समय पर उत्सव-त्यौहार आते हैं तो उनकी पूजा-अर्चना-साधना करने के पीछे मन्तव्य, भाव-चिन्तन यही रहता है कि जीवन में जो कुछ विषम स्थितियां हैं, दुःखदपूर्ण स्थितियां हैं; उन दुःखदपूर्ण स्थितियों का हम साधना, पूजा-अर्चना के माध्यम से संहार कर सकें और अपने आपको विजयश्रीमय बना सकें, श्रेष्ठमय बना सकें और इस महालक्ष्मी के पर्व को, दीपावली के पर्व को मनाने का चिन्तन यही है कि यह वर्ष का श्रेष्ठतम महोत्सव है और यह कार्तिक अमावस्या का दिवस वर्ष में एक बार आता है परन्तु लक्ष्मी आवश्यकता हमें तीन सौ पैसठ दिन, चौबिसों घण्टे बनी रहती है। ऐसा कोई भी समय नहीं होता जब हम लक्ष्मी से विहिन हों। चाहे वह धन के रुप में हो, आरोग्यता के रुप में हो, संतान, भू-भवन, गृहस्थ लक्ष्मी के रुप में हो, निद्रा या अच्छे सुविचारों के रुप में हो; अनेक विचार-चिन्तनों में लक्ष्मी का भाव अवश्य ही रहता है और वही हमें बराबर क्रियान्वित रखता है। मनुष्य उनके भावों को सदैव आत्मसात करता रहता है।
या देवी सर्वभूतेषु शक्ति-भक्ति-लक्ष्मी-दया-कान्ति-निद्रा-क्षुधा-बुद्धि-विद्या-श्रद्धा-तुष्टि रूपेण संस्थिता।
नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः।।
इसीलिये पूरे जीवन में हमें अनेक प्रकार की लक्ष्मीयों की आवश्यकता रहती है और लक्ष्मी प्राप्त कैसे होगी…? जब हमारे जीवन में वृद्धि के साथ अवरोध रुपी कुलक्ष्मीयाँ जुड़ जाती हैं तो उसके संहार के लिये कोई क्रिया सम्पन्न की जाय और ऐसी क्रिया पूर्ण विधि-विधान से साधना द्वारा, मंत्र जप द्वारा, हवन-यज्ञ द्वारा ही सम्पन्न हो पाता है। जिससे हमारी सारी कुस्थितियां भस्मीभूत हो जांये। और यह सद्गुरु के सानिध्य में, ईष्ट के सानिध्य में ही संभव है।
आप सभी ने बस की यात्रा अवश्य ही किया होगा। जीवन में एक शहर से दूसरे शहर, एक गांव से दूसरे गांव बीस-पच्चीस बार तो अवश्य गये ही होंगे। मैनें भी किया है। किसी बस में 40 सीटें होती हैं, किसी बस में 50 सीटें भी होती हैं। उस बस में 50 आदमी बैठे हैं। चलाने वाला एक व्यक्ति है जो सबसे आगे व्यवस्थित (Static) होकर बैठता है। बस का ढांचा पूरा व्यवस्थित होता है। सब खिड़कियां, सीटें समान होती हैं। ऐसा नहीं होता कि आगे की सीट ज्यादा लंबी-चौड़ी हो और पीछे की सीट ज्यादा छोटी हो। सब समान ही रहती हैं।
हम यात्रा करते हैं। जो व्यक्ति आगे वाली सीट पर बैठता है उस व्यक्ति को धक्के नहीं के बराबर लगते हैं और जो सबसे पीछे वाले सीट में बैठा है, उसे धक्के ज्यादा लगते हैं। ऐसा क्यों होता है…? चलाने वाला तो समान्य गति से चला रहा है। 40-50 किलोमीटर प्रति घण्टे की रफ्तार से चला रहा है। परन्तु जो व्यक्ति आगे की तरफ बैठा है उसको धक्के नहीं के बराबर लगते हैं और जो व्यक्ति पीछे बैठा है, कांच की तरफ बैठा है वह काफी उछलता-कूदता रहता है, सही तरह से आगे के हैंडल को पकड़ के रखता है। इसमें चलाने वाले की भी कोई गलती नहीं है। वह ये तो नहीं चाहता कि पीछे वाले व्यक्ति को धक्के लगे और आगे वाले को धक्के बिल्कुल नहीं लगें। वह अपने अनुभव और ज्ञान के आधार पर चलाता रहता है।
अपने मंजिल पर दोनों ही पहुंचते हैं, आगे वाले सीट पर बैठा व्यक्ति भी और पीछे वाले सीट पर बैठा व्यक्ति भी। परन्तु क्यों पीछे बैठे व्यक्ति के शरीर में हलचल दिखाई देती है, वह थोड़ा थकान महसूस करता है, दिमाग बोझिल सा हो जाता है और आगे बैठा व्यक्ति एकदम Relax होकर बैठा रहता है। दोनों अपने लक्ष्य को एक ही समय में प्राप्त कर रहे हैं। परन्तु पीछे वाले को मानसिक चिन्ता होती है, शरीर में टूटन भी होता है, दर्द और थकान आ जाती है। क्यों होता है ऐसा….?
हमारे जीवन के यात्रा में भी ऐसा ही होता है। हम क्यों चिन्ता से ग्रसित हो जाते हैं? शरीर से टूट जाते हैं, जीवन में अनेक तरह की बीमारीयां, रोग-कष्ट, परेशानीयां आ जाते हैं…
“क्योंकि हमारे जीवन का जो चालक है, उससे हमारा सही ढंग से सम्पर्क नहीं है।” और जो आगे बैठा हुआ व्यक्ति है वह बराबर अपने ईष्ट से, अपने भगवान से, अपने सद्गुरु से सम्पर्कित रहता है। तो इसका तात्पर्य ये हुआ कि हमारा जितना ज्यादा जुड़ाव अपने ईष्ट से, अपने सद्गुरु से बना रहेगा; जीवन में परेशानीयां, व्यथा, तनाव, धक्के नहीं के बराबर आयेंगी।
और इतनी परेशानीयों का Reason क्या है? जब हम ज्यादा परेशान हो जायेंगे, तकलीफ में ज्यादा होते हैं तब हम अपने गुरु को याद करते हैं, उनका स्मरण करते हैं और उनसे मिलने की क्रिया सम्पन्न करते हैं। गुरु जो निर्देश प्रदान करते हैं वैसे ही हम क्रिया करने की कोशिश करते हैं। उस समय भी मानस में तरह-तरह के विचार आते हैं। इसी कारण से हमें जीवन में अनेक परेशानीयां झेलनी पड़ती है और जो सदैव सही कार्य करते हुये, अपने ईष्ट से, गुरु से सम्पर्क करते हुये कर्म करता है उसके जीवन में तकलीफें न के बराबर आती हैं। क्योंकि उसका संवाद, गुरु से होता है। गुरु के प्रति उसका आचरण बना रहता है।
यदि उसे नियमित उठना है तो वह उठेगा ही क्योंकि उसने यह ठान लिया है कि मुझे 20 मिनट-आधा घण्टा अपने ईष्ट, अपने गुरू की वन्दना करनी है। यही क्रिया यदि हम नियमित रुप से करते हैं तो एक चक्र बन जाता है कि मुझे 6 बजे साधना-मंत्र जाप करना है, 8 बजे ऑफिस जाना है, खुद को ज्ञान-बुद्धि से युक्त करना है, अराम करना है ताकि दूसरे दिन मैं अच्छी तरह से कार्य सम्पन्न करने की ऊर्जा बना सकूं। इस प्रकार यदि समान प्रकार से रूटीन बन जाता है और वह उसी रुप में रहता है तो हमारा जीवन सही ढ़ंग से संचालित रहता है और हम सही रुप में जीवन में अपने लक्ष्यों को प्राप्त करते हैं।
हम अपने लक्ष्यों को क्यों नहीं प्राप्त कर पाते हैं…? क्योंकि हमें बहुत ज्यादा हड़बड़ी रहती है, उतावलापन रहता है। बहुत लंबा समय हो गया, नौकरी नहीं मिल रही है। MBA किये हुये 4 साल हो गये, रोजगार प्राप्त नहीं हो रहा है या बिजनेस अच्छा नहीं चल रहा है.., हमारे अन्दर बहुत व्यग्रता बनी रहती है। परन्तु हम उसके मूल जड़ में नहीं जाना चाहते हैं कि वास्तव में क्या कारण है कि मुझे नौकरी प्राप्त नहीं हो पा रही है? क्या कारण है कि हम व्यापार में उन्नति नहीं कर पा रहे हैं? हम इसके मूल जड़ में नहीं जाते हैं। और जब उग्रता-व्यग्रता-व्याकुलता ज्यादा बनी रहेगी तो हम ठीक तरीके से कर्म नहीं कर पायेंगे, काम और देर से ही होगा। क्योंकि हम जो Planning करते हैं उसे उचित तरीके से नहीं करते हैं। जब आप बहुत परेशान से हो जायेंगे तब Planing करना शुरु करते हैं। आप विचार तो कर रहे हैं कि ‘दीपावली महोत्सव’ में मुझे ‘गुरुधाम जोधपुर’ जाना है परन्तु इस विचार को सही रुप से क्रियान्वित करने का सिस्टम हमारे पास नहीं होता है कि किस तरह से फ्लाईट का, बस का, ट्रेन का टिकिट करवाना है या गाड़ी से आना है, इसकी आपके पास कोई व्यवस्था ही नहीं है।
ठीक इसी प्रकार हमारे जीवन में भी होता है। जब हमारे पास Planning नहीं होगा, सिस्टम नहीं होगा तो हमारी ईच्छायें, कामनायें, धारणायें पूर्ण नहीं हो पायेंगी। फिर आपके अंदर क्रोध, व्यग्रता, उग्रता और व्याकुलता वाली स्थितियां उत्पन्न हो जायेंगी, फिर आप ‘अयुक्त’ की तरह हो जाओगे। ‘अयुक्त’ का तात्पर्य वह व्यक्ति जिसे अपने इंद्रियों और मन पर कंट्रोल नहीं है, जो हर छोटी-छोटी बात पर उत्तेजित या व्याकुल हो जाता है। प्रत्यक्ष रुप में यही बात गीता के माध्यम से श्रीकृष्ण अर्जुन से कहते हैं और आज मैं भी यही बात आपसे प्रत्यक्षतः कह रहा हूँ-
नास्ति बुद्धिः अयुक्तस्य न चायुक्तस्य भावना।
न चाभावयतः शान्तिर्शान्तस्य कुतः सुखम्।।
जब हमारा मन हर तरफ भाग रहा होगा, तो हमारे अंदर सही और गलत का फैसला करने की ताकत-क्षमता (विवेक या बुद्धि) खत्म हो जाती है। इसीलिये निरन्तर इस बात का स्मरण रखना है कि “व्याकुल मन से लिया गया हर फैसला गलत ही होता है।” जब बुद्धि काम नहीं करती, तो इंसान के अंदर की भावना, उच्च विचार, दूसरों के प्रति सहानुभूति और अपने ईष्ट, सद्गुरु, भगवान में श्रद्धा भी खत्म हो जाती है। फिर वह उलझा रहता है अपने ही व्यग्रता और उलझनों में। उसके मन के विचार बहुत संकीर्ण और मतलबी हो जाते हैं और जिस व्यक्ति के मन में न तो सही विचार हैं और न ही कोई अच्छी भावना, तो उसे ‘शान्ति’ कभी नहीं मिल सकती। दिमाग चौबीसों घंटे एक युद्ध का मैदान बना रहता है, जहाँ सिर्फ चिंता, डर, उग्रता और उत्तेजना चलती रहती है। तो जब आप अंदर से ही अशांत हैं, तो आपको सुख, उन्नति, रोजगार, नौकरी कैसे मिल सकता है?
फिर आप कहते हो गुरुजी! हम सदैव आपसे जुड़े हुये रहते हैं, आप जहाँ भी शिविर करते हैं हम वहाँ आते हैं, साधना-पूजा-अर्चना भी करते हैं; उसके बाद भी मेरे कार्य अपूर्ण क्यों रह जाते हैं…?
क्योंकि गुरु के तरफ से तो सदैव क्रिया हो रही है, आपका संवाद भी बराबर जुड़ा हुआ है परन्तु “गुरु जो आपको प्रदान करना चाहता है आप उसे आत्मसात नहीं कर पाते, ग्रहण नहीं कर पाते हैं।” जीवन में इसी कारण से कदम-कदम पर विषम स्थितियां आती रहती हैं। फिर आप गुरु को, भगवान को या पूर्वजों को दोष दोगे कि मेरी तो किस्मत ही ऐसी थी, मेरे पूर्वज ही ऐसे थे उन्होंने बस दुर्भाग्य ही प्रदान किया। मेरे कर्म ही फूटे थे, मेरे गुरु ने मुझे कुछ प्रदान ही नहीं किया। गुरु तो समान रुप से क्रिया कर रहा है, ईश्वर तो समान रुप से क्रिया कर रहा है। ईश्वर ने तो ऐसा व्यवस्था नहीं किया कि अमुक-अमुक क्षेत्रों में ‘कोरोना’ का प्रभाव अधिक हो, अमुक क्षेत्रों में ‘वायु प्रदुषण’ ज्यादा हो। इसे उत्पन्न किसने किया…? वायु प्रदुषण हो, कोरोना हो या कोई बीमारी हो; उत्पन्न तो हमने ही किया। हम ही उसका फैलाव करते रहे जिसके फलस्वरुप हमारे ऊपर और अधिक प्रभाव पड़ा। यदि एक सीमित जगह में हम उसका प्रभाव ज्यादा करेंगे तो वह बीमारी के रुप में उभर कर आयेगा ही।
मनुष्य कर्म स्वयं ही करता है। घर में कलह और विषमता की स्थितियां क्यों आती हैं…? हमारे मानस के भाव-विचार, क्रियाओं के माध्यम से जो तरंगे निकलती हैं वे हमसे ही प्रभावित होकर दुषित हो जाती हैं, जिसके कारण कलह-तनाव की स्थितियां निर्मित होती हैं। सुख-आनन्द वाला समय इसलिये आता है क्योंकि हम उस के वातावरण का निर्माण करते हैं। सब कुछ हमारे अन्दर ही समाहित है। क्योंकि हम स्वयं देव शक्तियों से युक्त हैं। हमारी देह देव स्वरुप ही है। हममें और देवताओं में कोई ज्यादा भेद नहीं है, ज्यादा अन्तर नहीं है। गुरु और शिष्य में, शिष्य और गुरु में कोई ज्यादा अन्तर नहीं है। ऐसा नहीं है कि मैं ऊपर बैठ गया तो मैं गुरु बन गया और आप नीचे बैठ गये तो शिष्य बन गये। अन्तर यह है कि सही रुप से वह ज्ञान से, चेतना से कितना युक्त है, उसके अन्दर गुरुत्व भाव कितना है, शिष्यत्व भाव कितना है, समर्पण भाव कितना है, आत्मसात करने का कितना सामर्थ्य है; जिनके पास यह गुण विद्यमान है, वास्तव में वह गुरुत्व शक्ति से युक्त है। यदि वह देव स्वरुप में है तो उसके अन्दर कितना देने का भाव है, प्रदान करने का भाव है। ऐसा थोड़ी है कि देवता आकाश से टपक जाता है। देवता भी हमारे तरह ही इस संसार में, इस प्रकृति में आते हैं और मनुष्य भी उसी तरह से आते हैं। हमारे और उनके बीच कोई भेद नहीं है।
इसीलिये सही रुप से उत्सव, पर्व, त्यौहार सम्पन्न करने से हमें उसका प्रभाव मिलता है। ऐसा नहीं है कि दीपावली आया और आपने 500 दीपक जला दीया, घर के सामने बड़े-बड़े हौलोजन बल्ब जला दिये और उसी से दीपावली सम्पन्न हो गयी। लक्ष्मी पूजा कर दिया या “ऊँ जय लक्ष्मी माता, मैया जय लक्ष्मी माता” बोल कर आरती कर लिया; कुछ पटाके फोड़ लिये तो लक्ष्मी आ गयी। इस बार राजस्थान में पटाके नहीं फूटे तो क्या राजस्थान में लक्ष्मी आयेगी नहीं….? कई राज्यों में पटाके नहीं फूटे तो क्या लक्ष्मी आयेगी नहीं। लॉकडाउन के कारण कई महिनों तक मन्दिर बन्द रहा तो क्या ईश्वर की चेतना खत्म हो गई…, क्या मन्दिर के खुलने से ही भगवान की चेतना जागृत होगी…? इन कई महिनों से गुरु से संपर्क स्थापित नहीं हुआ तो क्या गुरु से आत्मिय संपर्क खत्म हो जायेगा…? बिल्कुल नहीं खत्म होगा क्योंकि रिश्ता आत्मा में है, हृदय भाव में है। हम हृदय के असीम गहराईयों से गुरु से, माता-पिता से, ईश्वर से जुड़े हुये हैं जिससे शरीर में Positve ऊर्जा प्राप्त होती रहती है।
यस्य देवे परा भक्तिर्यथा देवे तथा गुरौ।
तस्यैते कथिता ह्यर्थाः प्रकाशन्ते महात्मनः।।
“जब शिष्य के हृदय में ईश्वर के प्रति अथाह प्रेम और गुरु के प्रति असीम-असीम मात्रा में श्रद्धा का जागरण होता है, तब गुरु द्वारा बताये गये शब्द केवल शब्द नहीं रहते अपितु वे शब्द उसके भीतर में अनुभव के रूप में प्रकाशित होने लगते हैं।” गुरु आत्मतत्त्व पैदा नहीं करते; वे साधक को उसके भीतर पहले से विद्यमान सत्य को पहचानने की दृष्टि देते हैं। इसलिये ही गुरु को “प्रकाश” कहा गया।
“गु” शब्द का तात्पर्य ‘अंधकार’ और “रु” शब्द का तात्पर्य ‘उसका निवारण करने वाला।’
अर्थात्, गुरु वह नहीं जो तुम्हें अपने प्रकाश से हमेशा रोशन रखे; गुरु वह है जो तुम्हारे भीतर ऐसे दीप का प्रज्जवलन कर दें जिससे बाद तुम्हें प्रकाश प्राप्ति हेतु बाहर देखने की आवश्यकता ही न पड़े।
गुरु सूचना नहीं देते, दृष्टि देते हैं। गुरु तुम्हारे प्रश्नों के उत्तर नहीं देते, बल्कि तुम्हारे भीतर में ऐसी चेतना जागृत करते हैं जिससे वे उमड़ रहे प्रश्न स्वतः ही शुद्ध हो जाते हैं। इसलिये ही सच्चा गुरु शिष्य को हमेशा अपने पास बाँधकर नहीं रखता। वह यह नहीं चाहते कि “हर बात के लिए मेरी ही जरूरत पड़े।” बल्कि वह शिष्य को इतना जागरूक, विवेकी, सामर्थ्यवान और आत्मनिर्भर बना देते हैं कि शिष्य धीरे-धीरे अपने अन्दर छिपे वास्तविक सत्य को पहचानना प्रारम्भ कर देता है और तब शिष्य की अवस्था ऐसी हो जाती है कि वह प्रत्येक उत्तर बाहर से न लेकर अपने भीतर के विवेक, चेतना और आत्मबोध के प्रकाश से प्राप्त करने लगता है, वह स्वयं ‘अहं ब्रह्मास्मि’ स्वरुप बन जाता है।
इसीलिये “मैं आपको अपना अनुयायी नहीं बनाता; बल्कि आपको इतना जागृत करना है कि आप अपने भीतर छिपे देवत्व को पहचान सके।” यही कारण है कि गुरु को मार्गदर्शक, प्रकाशदाता और आत्मबोध की ओर ले जाने वाला कहा जाता है।
और यदि आठ-दस महिनों की दूरी बनी तो एक आशा और उम्मीद के साथ कि दो महिने बाद पुनः मिलेंगे। मन्दिर बन्द तो हुये परन्तु इसका तात्पर्य ये नहीं कि ईश्वर प्रकृति में अपनी कोई क्रिया नहीं कर रहे हैं। ईश्वरीय शक्तियां सदैव उसी तरह से संचालित हो रही हैं। किसी मन्दिर का कपाट खुल जाने से प्रकृति में अचानक परिवर्तन नहीं होगा। प्रकृति में या विषमताओं में परिवर्तन करना हमारे ही हाथ में है। प्रकृति में हम स्वयं विराजमान हैं। ईश्वर तो केवल संचालन कर रहा है परन्तु क्रिया तो हम ही कर रहे हैं। हम जिस प्रकार प्रकृति का निर्माण करेंगे उसी प्रकार हमारे जीवन में स्थितियों का निर्माण होगा।
दीपावली के एक दिवस पूर्व आज सौन्दर्य चतुर्दशी का दिवस है। परन्तु हमारे अन्दर यह सौन्दर्यता आयेगी कैसे…? इसे नरक चतुर्दशी भी कहते हैं। अर्थात्, जीवन में जो नारकीय रुप में, दुषित परिस्थितियां हैं, वे चतुर्विघ्न रुप में समाप्त हो सकें। इसीलिये नरक चतुर्दशी कहा जाता है अर्थात् तब तक हम इस नरकतुल्य स्थितियों से निवृत्ति प्राप्त नहीं करेंगे; तब तक सौन्दर्यमय जीवन नहीं आ सकेंगी, विकृतियों को समाप्त कर अच्छाई पर विजय प्राप्ति नहीं हो सकेगी, अहंकार का नाश कर आत्मशुद्धि की प्राप्ति नहीं हो सकेगी। और मैं बार-बार कहता हूँ कि “सौन्दर्य का तात्पर्य चेहरे के चमक से नहीं है।” सौन्दर्य का वास्तविक मतलब है कि “व्यक्ति के अन्दर आत्मिक खुशी हो, चेहरे पर ओज हो, चमक हो, अच्छे व श्रेष्ठ विचार-भावों में वृद्धि हो, श्रेष्ठ कार्यों में वृद्धि हो।” यह सौन्दर्य का, ओज का, चेतना का भाव है और इसी सौन्दर्य के बल पर ही हम चतुर्विघ्न रुप में पूर्ण विजय श्री से युक्त हो सकेंगे।
जिस प्रकार से श्रीकृष्ण ने नरकासुर राक्षस का वध किया, ठीक उसी प्रकार से हमारे अन्दर भी कृष्णमय, कर्ममय शक्तियां हैं। कृष्ण का तात्पर्य क्या है…? वे भगवान नहीं हैं। वे कर्म युक्त शक्तियों के तपोपुंज हैं। भगवान के पास तो सब कुछ पर्याप्त है, उन्हें स्वयं के लिये तो कुछ प्राप्त करना नहीं है। उन्हें क्या पड़ा है कर्म करने का। फिर भी वे कर्म करते रहते हैं। इसका अर्थ यह हुआ कि युगपुरुष, पूर्णपुरुष का कर्म केवल अपनी आवश्यकता पूर्ति के लिये नहीं, बल्कि व्यवस्था, धर्म और लोककल्याण के लिए भी होता है। कृष्ण के कर्म का उद्देश्य केवल उनका व्यक्तिगत कर्म नहीं है अपितु सामाज में फैली कुचेतनाओं के उत्थान का माध्यम भी है।
न मे पार्थास्ति कर्तव्यं त्रिषु लोकेषु किञ्चन।
नानवाप्तमवाप्तव्यं वर्त एव च कर्मणि।।
कृष्ण के कर्मशक्ति का यही अर्थ है-
धर्म की रक्षा →अधर्मकाप्रतिरोध→व्यवस्थाकीपुनर्स्थापना।
यदि कृष्ण कर्म युक्त शक्तियों के तपोपूंज हैं तो हम भी सुकर्म करते हुये अपने जीवन की जो विकृतियां हैं, दुषितता हैं, उनको समाप्त कर सकते हैं। यही नरक चतुर्दशी का अर्थ है और इस दिन ही श्रीराम ने अयोध्या की ओर प्रस्थान किया था। उनका स्वागत में ही हम दीपदान करते हैं, दीप प्रज्जवलित करते हैं, प्रकाश की व्यवस्था करते हैं अर्थात् हम जहाँ भी गतिशील हों, वहाँ हमारे आगे प्रकाश क्रियान्वित रहे, हमारे समक्ष दिव्य आभा बनी रहे। दीपक प्रज्जवलित करने के पीछे का मंथन, चिन्तन, आशय यही है कि इस घटाटोप अंधकार युक्त रात्रि में भी हमें आत्म प्रकाश युक्त चेतना की प्राप्ति हो सके।
अमावस्या को सम्पन्न करने का तात्पर्य है कि हम कार्तिकेय के रुप में, श्रेष्ठतम रुप में, जीवित रुप में, पूर्ण विजय श्री को प्राप्त कर सकें, लक्ष्मी से युक्त हो सकें। मैनें बताया भी था कि लक्ष्मी का अर्थ धन लक्ष्मी से नहीं है। धन लक्ष्मी तो अनेक उद्योगपतियों के पास है, अनेक व्यापारियों के पास है, कलाकारों और नेताओं के पास है। परन्तु उनके जीवन की स्थितियां कैसी हैं, यह हम सब जानते हैं। आपके गांव में, शहरों में भी कई धनाढ्य सेठ होंगे परन्तु उनके परिवार की स्थितियां कैसी है, यह आप अच्छे से जानते हैं। उनके घरों में भी रोग, कलह, तनाव वाली स्थितियां हैं, हर समय चिन्ताओं से ग्रसित रहते हैं, उनके मन में अशांति रहती है। करोड़ों रुपये आते-जाते रहते हैं फिर भी वह इस प्रकार के कष्ट-पीड़ाओं से क्यों ग्रसित हैं?
महर्षि चरक तो आयुर्वेद के बहुत महान आचार्यों में से एक माने जाते हैं। विशेष रूप से उन्होंने आयुर्वेद के सबसे महत्वपूर्ण व प्राचीन ग्रंथ ‘रचक संहिता’ का रचना किया। उन्होनें लिखा है-
धर्म-अर्थ-काम-मोक्षाणाम् आरोग्यं मूलमुत्तमम्।
रोगास्त-अपहर्तारः श्रेयसो जीवितस्य च।।
मनुष्य के जीवन में स्वास्थ्य सबसे बड़ी पूँजी है। यदि शरीर और मन स्वस्थ हैं, तभी व्यक्ति धर्म का पालन, धन का अर्जन, अपनी इच्छाओं की पूर्ति और अंततः साधनाओं में सिद्धि के माध्यम से पूर्णता युक्त मोक्षदा को प्राप्त कर सकता है। रोग मनुष्य के स्वास्थ्य को नष्ट करने के साथ-साथ उसके सुख, कल्याण, उन्नति और जीवन की श्रेष्ठता में भी बाधा डालते हैं। निरोगमय होना केवल रोगों का अभाव नहीं, बल्कि जीवन के पुरुषार्थ की मूल आधारशिला है।
इसीलिये सबसे पहले हमें आरोग्य लक्ष्मी की आवश्यकता है, धनवन्तरी लक्ष्मी की आवश्यकता है। हमारा सबसे बड़ा लक्ष्य, सबसे बड़ा धन आरोग्यमय स्थितियों की प्राप्ति है, यही जीवन का सबसे बड़ा अचीवमेंट (Achievement) है। आप हॉस्पिटल में पड़े हैं, मृत शैया पर बैठे हैं, आँखें एकदम धस सी गई हैं, हृदयगति अच्छे से नहीं चल रही है तो आपके पास पड़े उस धन का क्या काम है…? आपके लिये उसका सदुपयोग क्या है…? जो आपके पति-पत्नी, बच्चे रिश्तेदार हैं वे ICU के बाहर बैठकर आपको देख रहे हैं और उनको यह एहसास भी हो चुका है कि ये समाप्ति की ओर अग्रसित हो रहे हैं। ऐसी स्थितियों के बाद भी यदि किसी के पास धन हो तो वह धन किस काम का। इसीलिये सर्वप्रथम हमारे पास धन्वंतरी शक्तियों से युक्त ‘अरोग्य लक्ष्मी’ होनी चाहिये।
अक्सर हमारी दौड़ कहाँ रहती है…? कि मैं धन की प्राप्ति करुं, लक्ष्मी की प्राप्ति करुं, पैसे की प्राप्ति करुं, धन का अत्यधिक संग्रहण कर लूँ। आज दुकान से छः हजार की कमाई हो गयी, कल तो अमावस्या है, दीपावली है; तो कोशिश करुं कि सोलह हजार की कमाई हो जाय। छः हजार में से खर्च कितना किया तुमने? खाया कितना? पाँच सौ रुपये या हजार रुपये का खाना खाया होगा, एक व्यक्ति ने। कितना भी अच्छे से अच्छा भोजन कर लोगे पाँच सौ या हजार रुपये से ज्यादा खर्च नहीं होगा। बाकि पाँच हजार बचे उसका क्या किया…? बस उसका संग्रहण करके रख लिया। सोलह हजार कमा लोगे, पच्चीस हजार कमा लोगे, और फिर से उसका संग्रहण करके रख लोगे तो धीरे-धीरे शरीर में रुग्णता और बीमारी का भाव आयेगा।
छोटी उम्र में हम अनेक रोगों से ग्रस्त क्यों हो जाते हैं…? क्योंकि हमारा खान-पान, आचार-विचार सही नहीं रहता। फिर आप बालेंगे कि मैनें तो किसी के साथ बुरा नहीं किया तो मेरे साथ ऐसा क्यों हुआ…? क्यों तंत्र क्रियायें हो रही हैं, क्यों इतने दुःख-तकलीफों का निर्माण हो रहा है…?
हम कभी विचार नहीं करते। क्यों इतनी बाधायें, कष्ट-पीड़ायें उत्पन्न हो रही हैं? क्यों घर-परिवार में कलह-तनाव वाली स्थितियां उत्पन्न हो रही हैं? क्योंकि वहा पति-पत्नी में, पिता-पुत्र में और माँ-बेटी में झगड़ा हुआ है। और इसका निवारण पिता-पुत्र, माँ-बेटी ही करेंगे, आपस में बातचीत करते हुये। यह समझ दोनों को विकसित करना होगा।
यदि आप विचार करें कि वास्तव में मेरे जीवन में कितने दुःख और कष्ट हैं। तो 5-6 से अधिक दुःख-कष्ट नहीं निकलेंगे। पहला, शरीर में सदैव दुःख-कष्ट, परेशानी बनी रहती है, कोई ऊर्जा-चेतना नहीं है। दूसरा, अथक काम करने के बाद भी उसका कोई परिणाम नहीं मिलता। तीसरा, घर में कलह वाली स्थितियां विद्यमान हैं; पति-पत्नी, बच्चे, माता-पिता कोई साथ नहीं देता। चौथा, मेरे जीवन में, कर्म क्षेत्र में शत्रु बहुत ज्यादा है। पाँचवां, मेरी ईच्छायें-कामनायें तो बहुत कुछ हैं, परन्तु वे पूर्ण नहीं होते। अगला, मुझे लक्ष्मी की, यश-सम्मान की प्राप्ति हो। बस मिलाकर पाँच-छः समस्यायें ही हुयी। फिर हम क्यों रोना रोते हैं कि गुरुजी संसार में सबसे ज्यादा दुःखी मैं ही हूँ, भगवान ने सारा दुःख मेरे ऊपर ही डाल रखा है, मेरी झोली दुःखों से भर गया है।
इन कष्टों का निवारण भी बहुत आसान है। यदि आपके शरीर में कोई रोग-कष्ट, पीड़ा है तो उसका निस्तारण भी आपको स्वयं ही करना होगा। आपका खान-पान, विचार किस प्रकार का है। आपके खान-पान, रहन-सहन, आचार-विचार के आधार पर ही आपके रोग-कष्ट, पीड़ायें, कुस्थितियां समाप्त होंगी। मुझे आश्चर्य है कि ये आपको भी पता है कि किस प्रकार खान-पान रखना चाहिये, किस प्रकार अपने आचार-विचार रखना चाहिये, डॉक्टर से भी निर्देश ले लिया है, फिर भी आप उनका सटीक अनुपालन नहीं करते हैं, प्रज्ञापराध करते हैं। महर्षि चरक नें ‘चरक संहिता’ में कहा है-
धी-धृति-स्मृतिविभ्रष्टः कर्म यत्कुरुतेऽशुभम्।
प्रज्ञा-अपराधं तं विद्यात् सर्वदोषप्रकोपणम्।।
‘प्रज्ञापराध’ का तात्पर्य भी यही है कि जब व्यक्ति की बुद्धि, धैर्य और स्मृति अपने विवेकपूर्ण मार्ग से विचलित हो जाती है और वह अशुभ या अहितकर कर्म करने का भाव-चिन्तन बना लेता है, तो उसे ‘प्रज्ञापराध’ कहा जाता है। यह शरीर और मन के दोषों को बढ़ाने वाला माना गया है। अर्थात् आपको ये तो पता है कि क्या खाना चाहिये, क्या नहीं खाना चाहिये। डॉक्टर ने क्या निर्देश दिये हैं और कैसी दिनचर्या रखनी चाहिये, फिर भी आप जान बूझकर उसका पालन नहीं करते। इसलिये केवल यह जान लेना ही कि “मेरे लिए क्या अच्छा है” पर्याप्त नहीं है। उस ज्ञान को अपने व्यवहार में उतारना भी आवश्यक है। सही ज्ञान तभी स्वास्थ्य का आधार बनता है, जब उसके अनुसार हमारा आहार, विचार और दिनचर्या भी सही दिशा में हों।
तकलीफें न तो पति को होगी और न ही पत्नी को; तकलीफ तो स्वयं आपको ही होगी। अतः उसका समाधान भी आपको ही करना होगा। तनाव दो व्यक्तियों के बीच हुआ। यदि आप बिना शादी किये, अकेले रहने का तात्पर्य ये नहीं है कि आपके जीवन में तनाव नहीं आयेगा? अकेले में भी यदि आप तनाव, चिंता और अवसाद को पालते रहें, तो उससे फायदा क्या है? समस्या का समाधान तो आपको ही करना है; आपके समस्या का निवारण कोई दूसरा नहीं करेगा। आप तनाव से ग्रस्त हैं, उग्रता भी बनाये हुये हैं और भीतर से ‘Liberal’ भी नहीं बनना चाहते।
यदि मेरे जीवन में तनाव है तो मैं उससे निकलने का प्रयास भी न करूँ, थोड़ा-बहुत तालमेल बैठाने का प्रयास भी न करूँ, उम्र बढ़ने के साथ-साथ अपने आप में परिवर्तन भी न करूँ; तो फिर जीवन में सहजता कैसे आयेगी? जो अकड़ पच्चीस वर्ष पहले थी, यदि वही अकड़ आज भी पालकर रखेंगे, तो जीवन में शुष्कता आयेगी ही। फिर आप कहते हैं कि गुरुजी! जीवन में आनन्द, रस, प्रसन्नता व्याप्त नहीं हो रहा है। कहां गया आपके जीवन का आनन्द, रस और प्रसन्नता? ऐसा क्यों हो रहा है…?
क्योंकि हमने अन्दर के भावों को, विचारों और चिन्तन को सुखा दिया है। अपने अन्दर की चेतना को विमुक्त कर दिया है। इसलिये जीवन में कोई आनन्द नहीं हैं, प्रसन्नता नहीं है, कोई रस नहीं है। फिर आप कहते हैं कि देखो सामने वाला कितना खुशी से जा रहा है, उसके पास तो बहुत बड़ा बंगला, गाड़ी है; मेरे पास तो कुछ भी नहीं है। मेरे साथ ही पढ़ने वाला मेरा दोस्त बहुत आगे चला गया और मैं तो यहीं खड़ा हूँ।
क्योंकि हमारा चिन्तन-भाव स्वयं के प्रति उन्मुख नहीं है, बल्कि दूसरों के प्रति ‘कम्पटीशन’ की भावना से भरा हुआ है। हमें ये समझना होगा, स्वीकार करना होगा कि जिस प्रकार जीवन में परिस्थितियाँ बदलती हैं, उम्र और अनुभव बढ़ते हैं, उसी प्रकार आपको अपने विचारों, व्यवहार और दृष्टिकोण में भी आवश्यक परिवर्तन करते रहना चाहिये। तनाव से बचने का अर्थ केवल परिस्थितियों से दूर भागना नहीं, बल्कि अपने अन्दर भी आवश्यकतानुसार लचीलापन और सामंजस्य विकसित करना है।
दोष पराए देखि करि, चला हसंत हसंत।
अपने याद न आवई, जिनका आदि न अंत।।
“जीवन की शांति परिस्थितियों के बदल जाने में नहीं, बल्कि परिस्थितियों के प्रति अपनी मानसिक दृष्टि बदलने में छिपी है। जब मन अपनी जिद, अपेक्षाओं और अहंकार से ऊपर उठकर समय के साथ स्वयं को ढालना सीखता है, तभी हमारे भीतर का संघर्ष शांत होता है और जीवन में वास्तविक सहजता जन्म लेती है।”
एक बार गांव में लंबे समय तक बारिश नहीं हुयी। यदि समय से बारिश नहीं हो तो किसान को जो भी फसल बोना होता है, वो बो नहीं पाता क्योंकि जमीन शुष्क रहती है। जब पानी नहीं होगा तो जमीन की जुताई, निराई-गुड़ाई और बीज का रोपड़ नहीं हो पायेगा। फिर वे अंकुरण कैसे करेंगे? तो किसानों ने कहा कि डेढ़ महिने निकल गये, बारिश का मौसम निकलता ही जा रहा है। श्रावण का मास भी खत्म होने वाला है परन्तु बारिश हो नहीं रही है, तो हम क्यों खेती की ओर ध्यान दें? खेती करने से क्या होगा? बारिश होगी नहीं।
एक किसान ने चिन्तन किया। वह निरन्तर अपने खेत में जाता था और अपने खेत की निराई-गुड़ाई करता था। वह अपने आस-पास के जमीन में नालीयां और गहरा गड्ढा बनाने लगा। इस प्रकार की क्रिया वह रोज करता था। रोज-किसान उसी रास्ते से आते-जाते और बोलते-“अरे तुम क्या कर रहे हो। तुम पागल हो गये हो। डेढ़ महिने हो गये बारिश हुयी नहीं। इस बार तो सुखा और अकाल ही पड़ना है। तुम क्यों परेशान हो रहे हो।”
उस किसान ने कहा-“मुझे अपना कर्म करना है और मैं अपने कर्म से विमुख नहीं हो सकता।”
पन्द्रह-बीस दिन और निकल गये बारिश नहीं हुयी परन्तु वह व्यक्ति निरन्तर कार्यरत रहा। बारिश न हुये करीब दो महिने हो चुके थे। अचानक ही एक दिन बादल घिर आये और जोरदार वर्षा होने लगी, घण्टों तक बारिश हुयी। और सारे किसानों के चेहरे पर खुशीयां आ गयी। सब अपने-अपने खेतों में गये। तो उन सारे किसानों का खेत बंजर था। क्योंकि उन्होंने निराई-गुड़ाई नहीं किया था, जिसके फलस्वरुप जमीन कड़ी, पत्थर के सदृश बन गयी थी। और वह व्यक्ति जो निरन्तर निराई-गुड़ाई कर रहा था तथा उसने खेत के बीच में बड़े-बड़े गड्ढे भी खोद रखे थे, जिससे नाली के द्वारा पानी का संग्रह होकर लबालब भर गया और वह अपने खेत में काम करने लगा। किसी के खेत में कोई कृषि कार्य नहीं हो रहा था और उसका खेत पूर्णतः हरा-भरा पैदावार युक्त हो गया।
कहने का तात्पर्य यही है कि जो निरन्तर कर्म करता रहता है…, आप पहले ही बोलने लगते हैं-“कुछ नहीं होगा गुरुजी, ये कार्य तो असंभव है मेरे करने से क्या हो जायेगा…?”
आपके बच्चे अक्सर फेल क्यों हो जाते हैं? क्योंकि वे निरन्तरता बनाकर नहीं रखते हैं। “अभी तो ऑनलाईन क्लास चल रहा है। Exams तो बाद में हो जायेंगे। सरकार Promote कर देगी। होना कुछ नहीं है।”
होना तो कुछ नहीं है, परन्तु तुम Knowledge कहाँ से लाओगे…? ज्ञान-चेतना कहाँ से लाओगे…? जब आपके अन्दर ज्ञान ही नहीं होगा तो आप नौकरी पाने की कोशिश भी कैसे कर पायेंगे?
इसका मूल कारण यही है कि आपके अन्दर कर्म करने की भावना ही नहीं है। काम करने से क्या हो जायेगा? किसी तरह से दाल-रोटी तो मिल रही है न। अर्थात् हमारे अन्दर ही नकारात्मक चिन्तन-भाव है। कर्म करने की ईच्छा शक्ति ही नहीं है। ईश्वर ने शरीर दिया है अपने आपको सदैव क्रियाशील रखने के लिये। ईश्वर ने देह दिया है हम आराम करते हैं, शरीर के अकड़न-जकड़न को निकाल देते हैं, अच्छा खान-पान भी करते हैं, हमारी पाचन की अच्छी क्रिया रख पाते हैं क्योंकि अपने शरीर को हम बराबर Active रखते हैं, अपने शरीर को हम बराबर कर्मशील रखते हैं। हमारे सारे तंत्र तजबूत हैं। यदि वे कमजोर हो रहे हैं तो इसका अर्थ है कि हमने अपने शरीर को Active नहीं किया है।
प्रारभ्यते न खलु विघ्नभयेन नीचौः प्रारभ्य विघ्नविहता विरमन्ति मध्याः।
विघ्नैः पुनः पुनरपि प्रतिहन्यमानाः प्रारब्धमुत्तमजना न परित्यजन्ति।।
अधिकांश लोग कठिनाई के डर से कोई कार्य शुरू ही नहीं करते। कुछ लोग कार्य शुरू करते हैं, लेकिन पहली या दूसरी बाधा आते ही हिम्मत हारकर उसे छोड़ देते हैं। वहीं श्रेष्ठ व्यक्ति बार-बार आने वाली बाधाओं के बावजूद अपने लक्ष्य को, अपने चिन्तन को नहीं छोड़ता। वह अपनी गलतियों को सुधारकर अपने परिस्थितियों से सीखता है और पुनः अपना कर्म करते हुये अपने लक्ष्य के प्राप्ति का प्रयास करता है।
जीवन में बाधायें, अड़चनें हमें रोकने के लिये नहीं, बल्कि हमारी दृढ़ता और संकल्प शक्ति की परीक्षा लेने के लिये ही आती हैं। विजय श्री से युक्त वही हो पाता है जो निरन्तर गिरने के बाद भी अपने लक्ष्य की ओर बढ़ना नहीं छोड़ता। अतः “श्रेष्ठ व्यक्ति अपने परिश्रम से, बाधाओं से हारकर अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ता; अपितु उन बाधाओं को पार करते हुये नवीन मार्ग का निर्माण करता है।”
हमारे जीवन में भी इस प्रकार का खेल चलता है। जीवन में रोग-कष्ट, पीड़ायें, शत्रु बाधा, कलह-तनाव की स्थिति बनने का कारण यही है कि हमारे अन्दर समझ नहीं है। आपने पढ़ाई तो अच्छे से कर लिया, ज्ञान अच्छे से प्राप्त कर लिया, M.A, M.B.A भी कर लिया, परन्तु हमारे अन्दर क्रोध का भाव अभी भी बना हुआ है। इन्हीं कारणों से हम बराबर विषम स्थितियों की ओर, अधोगति की ओर बढ़ते रहते हैं। इसलिये ही जीवन में आनन्द और प्रसन्नता का विस्तार नहीं हो पाता है। प्रसन्नता किसी मार्केट में नहीं मिलेगी की वहाँ से जब चाहो तब प्रसन्नता लेकर आ जाओगे, खुशी लेकर आ जाओगे, रस और आनन्द लेकर आ जाओगे। उसे अपने अन्दर ही जागृत करना पड़ेगा। भीतर के विष को जब तक हम समाप्त नहीं करेंगे तब तक आनन्द आयेगा ही नहीं। आपके परिवार का कोई व्यक्ति चाहे जितना भी अच्छा भोजन बना कर दे; अगर आपके अन्दर कोई विकार है तो वह भोजन आपके लिये सुपाच्य बनेगा ही नहीं। हमारे जीवन में भी यदि अप्रसन्नता व्याप्त है, पति-पत्नी में यदि तनाव-चिंता है, परिवार में तनाव-चिंता का माहौल है, तो कभी प्रसन्नता आयेगी ही नहीं। फिर आप दोष गुरु को देंगे, भगवान को देंगे और मैं पूछता हूँ कि दोष देने से हो भी क्या जायेगा…?
हजारों लोग मुझे दोष दे दो कि गुरुजी बहुत ऐसे हैं, वैसे हैं; उससे हो क्या जायेगा…? क्या उससे आपके संताप खत्म हो जायेंगे…? क्या आपकी पीड़ायें खत्म हो जायेंगी…? उसके निवारण के लिये तो जो मार्ग बताया गुरु ने, जो चिन्तन बताया आपको उसे तो करना ही होगा। आप बताये गये उपाय को भी नहीं करें और बस यही बोलते रहें कि गुरुजी! सब कुछ आपके हाथ में है। तो इससे क्या होने वाला है…?
गुरु के हाथ में तो सब कुछ है परन्तु गुरु आपको जो चेतना, जो शक्ति प्रदान कर रहा है उसको आत्मसात आप ही करेंगे। यदि उस चिंतन को, उस चेतना को, उस शक्ति को आत्मसात ही नहीं करेंगे तो किस प्रकार आपके पीड़ाओं का, आपके कष्टों का निवारण हो पायेगा?
फिर आप हमेशा मुझसे प्रश्न करेंगे कि गुरुजी! मैं तो पन्द्रह साल से बराबर दीपावली महोत्सव में आ रहा हूँ। आगे भी बराबर आने की कोशिश करता रहूंगा। पन्द्रह साल हो गये गुरुजी फिर भी मेरे घर लक्ष्मी का आगमन नहीं हो रहा है, धन-धान्य की वृद्धि नहीं हो पा रही है।
आप दो-तीन दिन यहाँ आकर साधना-पूजा सम्पन्न कर रहे हैं, गुरु की आज्ञा भी मान रहे हैं, बहुत अच्छी बात है। परन्तु आप 363 दिन क्रियायें कैसे कर रहे हैं? आपने इस पर कोई चिन्तन नहीं किया। जो यहाँ से सीख के गये उसे आपने दैनिक जीवन में उतारा ही नहीं। छोटे-छोटे संकल्प लेने हैं। मैं हर बार छोटे-छोटे संकल्पों के बारे में ही बोलता हूँ। कैसे हमारा खान-पान होना चाहिये, कैसे हमारे अचार-विचार होने चाहिये, पूजा-साधना किस प्रकार करना चाहिये, हमारे शरीर में शुद्धि किस प्रकार से होना चाहिये, सुयोग्य कर्म की शक्ति किस प्रकार से आयेगी…? और ये छोटी-छोटी क्रियायें मेरे लिये नहीं कर रहे हैं, आप स्वयं के लिये ही करेंगे।
प्रत्येक त्यौहार संकल्प शक्ति का भाव लिये ही आता है। केवल लक्ष्मी की साधना, अभ्यर्थना, अराधना करने से ही लक्ष्मी नहीं आ जायेगी। जब हर दिवस हम संकल्प शक्ति के साथ कार्य करेंगे तब हम महालक्ष्मी और सहस्त्र लक्ष्मीयों का पर्व सही रुप से सम्पन्न हो पाता है तब हमारे जीवन की जो नरकतुल्य स्थितियां हैं, जो दुषितता और मैल व्याप्त हो गयी है, वे अवश्य समाप्त होने की ओर क्रियान्वित होती हैं।
दिशा दीप्त हो उठी प्राप्त कर पुण्य-प्रकाश तुम्हारा,
लिखा जा चुका अनल-अक्षरों में इतिहास तुम्हारा।
जिस मिट्टी ने लहू पिया, वह फूल खिलायेगी ही,
अम्बर पर घन बन छायेगा ही उच्छवास तुम्हारा।
और अधिक ले जाँच, देवता इतना क्रूर नहीं है।
थककर बैठ गये क्या भाई! मंजिल दूर नहीं है।।
हेम राजा के पुत्र को अकाल मृत्यु का योग था। उसके निवारण के लिये विद्वान ज्योतिषियों ने बताया कि कार्तिक चर्तुदशी कृष्ण पक्ष के दिवस पर महामृत्युंजय मंत्र का जाप करते हुये अविरल रुप से हवन सम्पन्न करने से आपकी संतान कार्तिकेयमय बन सकती है। कार्तिकेय भगवान शिव के ज्येष्ठ पुत्र हैं। जिस प्रकार गणपति रिद्धि-सिद्धि शुभ-लाभ विघ्नहर्ता हैं ठीक उसी प्रकार कार्तिकेय “सर्व विजय श्री प्रदाता” हैं और आपको भी सबसे पहले जीवन में पूर्ण विजय श्री को प्राप्त करना है। विजय श्री की प्राप्ति हेतु अपने जीवन की जो विषमताओं को भस्मीभूत करना होगा।
पंच दिवसीय दीपोत्सव का पर्व अपने आप में पूर्णता लिये हुये ही आता है। मैनें बताया था कि समुद्र मंथन में तेरहवां रत्न अमृत कलश के रुप में प्राप्त हुआ। समुद्र मंथन से सर्वप्रथम विष निकला और उस विष को किसी ने ग्रहण नहीं किया। तत्पश्चात भगवान सदाशिव महादेव ने उसे अपने कण्ठ में धारण किया और हमारे जीवन में सबसे पहले विष ही निकलता है। उस विष का निस्तारण हमें अवश्य ही करना चाहिये। हम सबसे पहले अमृतत्व की प्राप्ति हेतु प्रयत्नशील रहते हैं, नहीं मिलता अमृत हमें। आनन्द की प्राप्ति हो जाये, आनन्द की प्राप्ति नहीं होती। इन तत्वों की प्राप्ति से पूर्व हमें विष रुपी विषमता, दुषिततापूर्ण जीवन का निस्तारण करना ही होगा। और यह निस्तारण कर्म के माध्यम से ही हो पायेगा। मैं बार-बार क्यों कहता हूँ ‘कर्म-प्रभाव-प्रकाशिनी।’ लक्ष्मी की आराधना में यही वाक्य उच्चारण किया जाता है। क्योंकि “जो व्यक्ति कर्म करेगा उसका प्रभाव उसके उपर पड़ता ही है।’’ यदि हमारे कर्म श्रेष्ठ कोटि के हैं तो प्रकाशमय चेतना की प्राप्ति होती है और यदि हमारे कर्म अधम, निकृष्ट या निम्न कोटि के हैं तो कुस्थितियों से युक्त अंधकारमय चेतना की प्राप्ति होती है। सारी स्थितियां स्वयं के द्वारा ही निर्मित होती हैं और उसका निस्तारण भी हमें ही करना है-अपने ज्ञान-चेतना के माध्यम से।
सद्गुरु का कार्य, ऋषियों का कार्य केवल ज्ञान प्रदान करना है, दिशा दिखाना है। इतने लोग उस ज्ञान को किस रुप में आत्मसात करते हैं, ये उसके योग्यता और क्षमता पर निर्भर है। एक विद्यालय में 60 बच्चे पढ़ते हैं। उनमें से कोई बच्चा टॉप करता हैं, कोई सेकंड डिवीजन आता है, कोई थर्ड डिवीजन आता है और कोई फेल भी हो जाता है। जबकि शिक्षक ने सबको बराबर ज्ञान दिया था। अंतर उन बच्चों के आत्मसात करने की क्षमता का है। इसी प्रकार शिष्य भी एक बच्चे के समान ही है, आप भी बच्चे के समान ही हो। आप किस भाव से उस ज्ञान-चेतना, शक्ति को ग्रहण करते हैं, ठीक उसी प्रकार का प्रभाव हमें अवश्य ही प्राप्त होता है।
गुरु का कार्य सदैव सही ज्ञान-चिन्तन प्रदान करना है। आप चलेंगे या नहीं ये आपका विचार-भाव है, आपके हाथ में है। गुरु आपको जबरदस्ती धक्का नहीं देगा। वह तो सदैव बाँहें फैलाये खड़ा है, यदि आपके पांव ही ठिठक जायें, आपके पांव ही रुक जायें, आप ही चिन्तन-मंथन करने लगेंगे तब जीवन में कुछ नहीं हो सकता है। जो स्थिति चल रही है उससे और अधिक विषमता आयेगी ही। क्योंकि उम्र तो धीरे-धीरे बढ़ती ही जायेगी, उम्र कभी रुकती नहीं है। आप चाहे जितना घर में बैठे रहें, कम से कम एक-देढ़ वर्ष तो घर में ही बैठे रहे। फिर भी उम्र रुकी नहीं; उम्र तो सतत गतिशील ही रही।
उम्र के साथ-साथ हमारे ज्ञान-बुद्धि, कर्म में भी वृद्धि होना चाहिये, परन्तु हम इस प्रकार के कर्म नहीं करते हैं। हमारे अधिकांश कार्यों में पीछे होने का यही कारण है। इसीलिये कर्म शक्ति को महत्व दिया गया है।
कर्म प्रधान विश्व रचि राखा। जो जस करहि सो तस फल चाखा।।
सकल पदारथ हैं जग मांही। कर्महीन नर पावत नाहीं।।
आप सबसे पहले लक्ष्मी की आराधना क्यों करते हैं? लक्ष्मी केवल एक दिन आयेगी परन्तु जरुरत हमें 365 दिन रहता है। हमारी इच्छा यही है कि हम शरीर से रोग रहित, आरोग्यमय रह सकें, हर रुप से कर्मशील रह सकें। आप कोई कार्य नहीं करेंगे, तो स्वस्थ कैसे हो पायेंगे। एक पहलवान, अभिनेता रोज 5-6 घण्टे जिम में अभ्यास करता है जिससे उनका शरीर बराबर फ्लेक्सिबल (Flexible) रह सके और उनके अभिनय के या प्रतिद्वंद्वी के अनुरुप क्रियान्वित रहे। आप सबको अपने वश में कर सकते हैं। असुरों को, शत्रुओं को भी अपने वश में किया जा सकता है, देवताओं को कन्ट्रोल किया जा सकता है। ईश्वर ने आपको अपने माता-पिता के माध्यम से असीम शक्तियां प्रदान किया है। उन असीम शक्तियों को अपने अन्दर धारण कर सकते हैं बस आपके अन्दर इच्छाशक्ति और कर्मशक्ति होनी चाहिये। सिद्धियों की प्राप्ति अवश्य हो सकती है, असम्भव नाम की कोई वस्तु नहीं है। हम जब कर्महीन, क्रियाहीन हो जाते हैं तब हमें ऐसा प्रतीत होता है कि ये साधना तो असंभव सा है। यदि ये साधनायें, सिद्धियां असंभव होती तो इस तकलीफ, इस महामारी में पूरे सृष्टि का विनाश हो जाता। अर्थात् वास्तव में इस शक्तियों की, सिद्धियों की चेतना हमारी पूर्ण रुपेण रक्षा कर रही है।
हमारे जीवन के सोलह संस्कारों में से एक है कि हम योग-भोग से युक्त रहें। योग की क्रियायें भी होनी चाहिये, केवल भोगी नहीं बनना है, परन्तु संसार में आये हैं तो समस्त प्रकार के भोगों का आनन्द भी लेना है, साथ ही योगमय क्रियायें भी करें। “गृहस्थ जीवन में भोग को योग से जोड़ देने से ही ‘श्री’ की चेतना प्राप्ति संभव है, जिसके फलस्वरुप भोग बंधन नहीं रहता और जीवन स्वयं साधना बन जाता है।” आपको निवृत्ति भी नहीं करना है कि सब कुछ परित्याग कर दें। यदि जीवन का परित्याग ही करना होता तो हमारे माता-पिता हमें इस सांसारिक जीवन में उत्पन्न ही नहीं करते।
यत्र अस्ति भोगो न च तत्र मोक्षो, यत्र अस्ति मोक्षो न च तत्र भोगः।
श्री सुन्दरी-सेवन-तत्पराणां, भोगश्च मोक्षश्च करस्थ एव।।
हम संसार में आये हैं वृद्धि करने के लिये, अपने परिवार की वृद्धि, अपने कुल-वंश की वृद्धि करने के लिये। भोग का तात्पर्य कि वह आनन्द प्राप्त कर सकें, खुशीयों को आत्मसात कर सकें। भोग का अर्थ यह नहीं है कि केवल पत्नी के साथ संभोग करना है, रति-क्रिया करना है। भोग का तात्पर्य कि हम इतना अधिक भोजन न ग्रहण करें कि वह शरीर के लिये नुकसानप्रद बन जाये। यदि हम कोई मिठाई यदि दो तीन खाते हैं तो शुरु में तो वह स्वादिष्ट लगता है तथा सुपाच्य भी होता है। आप रोज एक-डेढ़ चम्मच शक्कर लेते हैं तो उससे कोई नुकसान नहीं है और यदि 200 ग्राम रोज लेने लगे तो हमारे लिये विषतापूर्ण स्थितियां बन जाती हैं। शक्कर वही है, शक्कर में कोई परिवर्तन नहीं किया, परन्तु अत्यधिक मात्रा में सेवन करने से वह मधुमेह, शुगर का रुप ले लेता है और शरीर के ऊपर खून का जमाव सा हो जाता है। यदि नित्य आधा चम्मच नमक का सेवन करें तो वह हमारे हड्डियों को मजबूत करता है और यदि चीनी की भांति ही इसकी मात्रा बढ़ायेंगे तो यह हड्डियों को गला भी देगा।
दोनों ही स्थितियां हैं, भोग वाली स्थितियां भी ऐसी हों जो जीवन में वृद्धि प्रदान कर सके। ऐसा न हो कि मैं चाय के बीना नहीं रह सकता। मैं रोज आठ कप चाय पीता ही हूँ। टेंशन, तनाव में रहता हूँ इसलिये मुझे इतना चाय पीना आवश्यक ही है। इस प्रकार का भोग नहीं होना चाहिये। सब कुछ एक सीमा के अन्दर ही होना चाहिये। कर्म भी करें तो सीमा के अन्दर ही करें ऐसा नहीं हो कि अपने शरीर को एकदम से उखाड़ दें, अपने स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करें, किसी वस्तु का एकदम अति करते रहें। जब परिश्रम कर रहें हैं तो दस दिन तक एकदम जी तोड़ मेहनत कर रहे हैं, फिर बाकी दिन एकदम आलसी की तरह निष्क्रिय पड़े रहते हैं। अपने प्रत्येक कार्य को नियोजित करते रहना है। भोग का अर्थ है-“समय को नियोजित करना।”
जिस प्रकार भगवान धन्वंतरी ने अमृत कलश को प्राप्त किया और उसके प्रभाव से अनेक ऋषियों ने, आयुर्वेद चिकित्सा के द्वारा किस प्रकार किसी बीमारी का सटीक उपचार किया जाये, इसका ज्ञान हमें प्रदान किया। और हमेशा एक बात स्मरण में रखें कि जीवन में उन्नति है तो कुछ अभाव भी है, दुःख है तो सुख आयेगा ही, हानि है लाभ होगा ही, यदि पराजय हुआ है तो जीत की भावना भी आयेगी ही। बस उसके लिये कर्म करना पड़ेगा। कर्म करने से ही पराजय, जय में; हानि, लाभ में; हार, जीत में और अभाव, प्रभाव में परिवर्तीत हो सकेगा।
इसलिये हमें सदैव शक्ति अर्थात् कर्म के माध्यम से ऊर्जा से युक्त होना हैं। हम अपने आप में चिन्ताओं से क्यों ग्रसित हो जाते हैं क्योंकि हमारे अन्दर जोश, उत्साह और चेतना नहीं है और चिन्ता का अर्थ हम सभी जानते हैं कि “चिन्ता, चिता के समान होती है।” चिन्ता और चिता में इतना ही फर्क है कि “चिन्ता में जीवित व्यक्ति जलता है और चिता में मृत व्यक्ति।”
जन्म देना और लेना भगवान के हाथ में है परन्तु भगवान ने हमें भी कुछ शक्तियां प्रदान किया है। तो हमें उसे अधिक सवांरना, श्रेष्ठमय बनाना है, तब आपके जीवन में रुपमय, सौन्दर्यमय स्थितियां आयेंगी। मैं बार-बार कहता हूँ कि ब्यूटी पार्लर में जाकर आठ-दस हजार खर्च करना सौन्दर्य का प्रतीक नहीं है। इतना ज्यादा श्रृंगार कर लिया कि मोबाईल का फेस लॉक ही नहीं खुल रहा है। सौन्दर्य का वास्तविक अर्थ कि आपके अन्दर ऊर्जा कितना है, चेतना, शक्तिपुंज कितना है।
आपके जीवन में महालक्ष्मी, महासरस्वती, महादुर्गा का विस्तार हो सके। मैनें अपने अन्दर आपको स्थान दिया है और हर रुप से आप मेरी लिये वन्दनीय हैं, स्मरणिय और चिन्तनशील हैं। आप जीवन में चिन्ता से रहित हो सकें और सदैव स्वयं के कर्म शक्ति से आत्म दीप प्रज्ज्वलन कर सकें जिससे आपके परिवार, आपके समाज, आपके क्षेत्र में ज्ञान-चेतना का प्रकाश फैल सके। यह दीपोत्सव का पर्व शाश्वत रुप में आपके जीवन में बना रहे, आपके रोम-रोम में श्री लक्ष्मीयुक्त धनवंतरी स्थापित हों तथा आप रूप-सौन्दर्य से युक्त हो सकें; यही मंगलकामना करते हुये मैं आपको कोटि-कोटि आशीर्वाद प्रदान करता हूँ।
परम पूजय सद्गुरूदेव
कैलाश श्रीमाली जी
It is mandatory to obtain Guru Diksha from Revered Gurudev before performing any Sadhana or taking any other Diksha. Please contact Kailash Siddhashram, Jodhpur through Email , Whatsapp, Phone or Submit Request to obtain consecrated-energized and mantra-sanctified Sadhana material and further guidance,