





कालों के काल:महाकाल भैरव: भैरव मूलतः शिव के एक उग्र एवं रक्षक स्वरूप में प्रतिष्ठित हैं। काल भैरव नाम में दो प्रमुख तत्व हैं-काल और भैरव। काल का सामान्य अर्थ समय है, लेकिन भारतीय दर्शन में काल केवल घड़ी या समय की गणना नहीं है। बल्कि काल जन्म, परिवर्तन, क्षय और मृत्यु का प्रतीक भी है। इसीलिये भैरव को केवल ‘समय के देवता’ तक सीमित नहीं किया जा सकता। उनका स्वरूप जीवन की नश्वरता, कर्मफल, अनुशासन और अंततः अहंकार के विनाश से जुड़ा हुआ है। कालभैरवाष्टकम् में उन्हें “काशिकापुराधिनाथ” अर्थात् काशी के अधिपति और “कालकाल”-अर्थात् ‘काल के भी काल’ के रूप में संबोधित किया गया है। इसका तात्पर्य यही है कि जिस काल के अधीन संसार की समस्त परिवर्तनशील वस्तुयें हैं, शिव का यह स्वरूप उस अंतिम सीमा से भी परे माना जाता है।
भैरव और भगवान शिव का संबंध: भैरव काल हैं, मृत्यु हैं और काल के भी काल अर्थात् मृत्यु के संहारक हैं। शैव परंपरा के अनुसार भैरव को शिव की ही अभिव्यक्ति माना गया है। शिव के क्रोध से भैरव का दण्डकारी और रक्षक शक्ति के रूप में प्राकट्य हुआ। जिसके फलस्वरुप वे ब्रह्मा का शीश भेदन करते हैं। यह कथा मनुष्य के अन्दर व्याप्त अहंकार और असत्य के दमन का प्रतीक है। यही कारण है कि भैरव का स्वरूप एक साथ उग्र और कल्याणकारी दोनों है। शिव मुलत: शमशान वासी हैं। उनके लिये शमशान वह स्थान नहीं है, जहाँ शरीर का दाह संस्कार होता है, बल्कि भक्त का हृदय है, जहाँ अहंकार, अज्ञान और मोह का अंत होता है।
भैरव का प्रलयंकारी तथा संहारक स्वरुप: भैरव का संहार वास्तव में अज्ञान से मुक्ति की ओर, अशुद्धियों से शुद्धि की ओर और बंधनों से स्वतंत्रता की ओर गमन प्रक्रिया है। उनका प्रलयकारी स्वरूप हमें यह समझाता है कि नये जीवन और आत्मिक उन्नति के लिये पुराने अहंकार, भ्रम, आसक्तियों और रीति-रिवाजों का अंत आवश्यक होता है।
अन्तःस्वानुभव-आनन्दा विकल्प-उन्मुक्त-गोचरा।
यावस्था भरिताकारा भैरवी भैरवात्मनः॥
अर्थात्, जब चेतना अपने ऊपर पड़ने वाले संकल्प-विकल्पों के आवरण से मुक्त होकर स्वयं में स्थित होती है, तब एक ऐसी पूर्णता का अनुभव होता है जिसे भैरव-तत्व कहा जाता है।
भैरव(शिव) और शक्ति की समानता:
शक्तिशक्तिमतो यद्वदभेदः सर्वदा स्थितः ।
अतः तद्धर्मधर्मित्वात्परा शक्तिः परात्मनः ॥
विज्ञान भैरव तंत्र के अनुसार- जिस प्रकार अग्नि और उसकी दाहक शक्ति को पूरी तरह अलग नहीं किया जा सकता। उसी प्रकार शक्ति और शक्तिमान अभेद हैं। शक्ति, शिव तक पहुंचने का मार्ग प्रशस्थ करती है। शिव/भैरव साधक के चेतना का आधार हैं, तो वहीं शक्ति उस चेतना की गतिशील अभिव्यक्ति का।
क्या भैरव का वास केवल मंदिर में ही है? : इस प्रश्न का उत्तर धीरे-धीरे मिलता है: वह चेतना जिसमें सम्पूर्णता का अनुभव प्रकट होता है। अर्थात्—
आप आँखों से संसार देखते हैं।
कानों से ध्वनि सुनते हैं।
मन से विचार करते हैं।
बुद्धि से निर्णय लेते हैं।
लेकिन इन सब अनुभवों को जानने वाला आधार क्या है?
सर्व सुख प्रदाता भैरव: भैरव सब कुछ प्रदान करने वाले हैं। इसका अर्थ केवल धन-धान्य, संतान, सफलता या मनोकामना-पूर्ति तक ही सीमित नहीं है। परन्तु एक प्रश्न अत्यंत गहरा है- किसी वस्तु के अनुभव के लिये सबसे पहले क्या चाहिये? इसका उत्तर है-‘चेतना।’
आपके पास सुंदर दृश्य हो, लेकिन यदि उसे जानने की चेतना नहीं है तो वह दृश्य आपके अनुभव का हिस्सा नहीं बन सकता। संगीत बज रहा है, लेकिन सुनने की चेतना न हो तो संगीत का अनुभव नहीं किया जा सकता। इससे यह निष्कर्ष निकलता है कि- “चेतना प्रत्येक अनुभव की मूल शर्त है।” और भैरव वह मूल चेतन अवस्था हैं जिसके कारण अनुभव, ज्ञान और अस्तित्व तीनों संभव हो पाते हैं। “समस्त अनुभव जिस चेतना में प्रकट हो रहा है, वही भैरव है।
‘व्यापकोऽखिले’ का तात्पर्य-‘सम्पूर्ण में व्याप्त।’ यदि भैरव सर्वव्यापक हैं, तो वे केवल मंदिर में कैसे हो सकते हैं? केवल काशी में और मूर्ति तक कैसे सीमित हो सकते हैं?
वास्तव में वे साधक के-शरीर में, श्वास में, विचार में, स्मृति में, भावनाओं में, जाग्रत अवस्था में, स्वप्न में और विचारों के बीच के मौन में उपस्थित हैं।
‘भैरव’ और ‘भय’ शब्द का संबंध: “भैरव” शब्द को सुनने पर सामान्यतः हमारे मन में आता है: त्रिशूलधारी, कपालधारी, उग्र रूप में शिव। धार्मिक दृष्टि से यह उचित है।
साधक के अंदर अक्सर भविष्य को लेकर भय रहता है-
“अगर ऐसा हो गया तो?”
“अगर असफल हो गया तो?”
“अगर नुकसान हो गया तो?” मन भय की कहानी बनाता है।
आपको भय से लड़ना नहीं है। अपितु स्वयं से एक प्रश्न पूछना है कि-मुझे दिखाई देने वाले भय को कौन जानता है? उत्तर आयेगा-‘आप स्वयं।’ अर्थात् आप स्वयं ही भय के ज्ञाता हैं।
भय के भीतर भी उपस्थित वह चेतना जो भय को जान रही है। इस दृष्टि से भैरव को केवल “भयावह देवता” मानना सार्थक नहीं है। अपितु वे भय के पार स्थित चेतना का भी प्रतिनिधित्व करते हैं।
भैरव साधना का मुख्य अर्थ: भैरव-तत्त्व का स्मरण करते हुये साधना सम्पन्न करने पर साधक अपनी चेतना की वास्तविक प्रकृति को पहचानता है और शिवभाव में प्रतिष्ठित होने लगता है। इसका तात्पर्य-‘मैं भगवान बन गया’ जैसा अहंकारी बनने की प्रवृत्ति नहीं है। अपितु इसके विपरीत, साधना के माध्यम साधक के अहंकार का विलय होना है।
अहंकार और शिवभाव में अंतर: अहंकार स्वयं को विशेष मानता है; जबकि शिवभाव स्वयं को उस चेतना से अलग नहीं मानता जिसमें सब प्रकट हो रहा है। अहंकार अलगाव पैदा करता है; जबकि शिवभाव स्वयं में व्यापकता का बोध कराता है। अहंकार कहता है: “मैं बनाम दूसरा;” जबकि भैरव-दृष्टि कहती है: “दूसरे का अनुभव भी उसी चेतना में हो रहा है जिसमें मेरा अनुभव हो रहा है।”
उक्त अध्ययन और प्रमाणों से यह चिंतन स्पष्ट है कि भैरव केवल भय के प्रतीक नहीं हैं अपितु वह पूर्ण चैतन्य देवत्व भाव हैं; और उस चैतन्य का स्वप्रकाशित, उदित और पूर्ण अनुभव ही भैरव साधना का अनुभव बोध है।
समस्त विघ्नों का नाश, बाधाओं का निवारण तथा साधक को अपने पुत्र के समान रक्षा करने में समर्थ्य
कंकाल भैरव-
तत्रैव संस्थितं पश्येत्क्षेत्रपालमनुत्तमम् ।
कंकालभैरवं नाम भैरवेण नियोजितम् ॥
जिस प्रकार शरीर की रक्षा के लिये अनुशासन आवश्यक है, उसी प्रकार साधना और तीर्थ की पवित्रता बनाये रखने के लिये भी रक्षक तत्त्व की आवश्यकता होती है। कंकाल भैरव इसी रक्षक तत्त्व का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसका तात्पर्य है कि कंकाल भैरव का कार्य स्वतंत्र रूप से किसी क्षेत्र पर अधिकार करना नहीं, बल्कि भैरव की आज्ञा के अनुसार उस क्षेत्र की रक्षा करना है। इससे यह सिद्ध होता है कि शक्ति का वास्तविक स्वरूप केवल सामर्थ्य में नहीं, बल्कि उस सामर्थ्य के उचित उपयोग में भी है।
मनुष्य के भीतर काम, क्रोध, लोभ, अहंकार और हिंसा जैसी प्रवृत्तियाँ उसकी साधना में बाधा बनती हैं। इसलिये कंकाल भैरव की क्षेत्ररक्षक भूमिका हमें बाहरी सुरक्षा के साथ-साथ अपने भीतर की नकारात्मक प्रवृत्तियों पर नियंत्रण रखने की प्रेरणा भी देती है।
देवता भक्त की रक्षा अपने पुत्र के समान करते हैं। भक्त और देवता का सम्बन्ध केवल भय, दण्ड या याचना पर आधारित नहीं है। बल्कि उसमें वात्सल्य, विश्वास और संरक्षण का भाव भी होता है। जिस प्रकार माता-पिता अपने पुत्र की रक्षा करते हैं, उसी प्रकार भक्त को भी अपने आराध्य के प्रति विश्वास और समर्पण रखना चाहिये।
कंकाल भैरव साधक के जीवन में व्याप्त तथा संभावी विघ्नों को दूर करते हैं। आध्यात्मिक की दृष्टि में विघ्न केवल बाहरी परिस्थितियाँ नहीं होता, अपितु भय, संशय, अस्थिरता, अनुशासनहीनता और नकारात्मक विचार भी मनुष्य की प्रगति में बाधक होते हैं। कंकाल भैरव की साधना से साधक के अन्दर निर्भयता, धैर्य और अपने कर्तव्य के प्रति दृढ़ता की प्राप्ति निश्चित ही होती है।
It is mandatory to obtain Guru Diksha from Revered Gurudev before performing any Sadhana or taking any other Diksha. Please contact Kailash Siddhashram, Jodhpur through Email , Whatsapp, Phone or Submit Request to obtain consecrated-energized and mantra-sanctified Sadhana material and further guidance,