





हृदय तो बिलकुल अलग चीज है। हृदय का प्राणों से कोई संबंध ही नहीं। तीन मूलभूत तथ्य हैं-हृदय, प्राण और मन। केवल हृदय की सत्ता को ही विज्ञान समझ पाया है। मगर मन की सत्ता को तो समझ ही नहीं पाया कि शरीर में मन कहां पर है। पूरा चिकित्सा विज्ञान बहुत ऊंचाई पर पहुंचने के बाद भी, शरीर के पुर्जे-पुर्जे को खोलने के बाद भी वह यह नहीं बता पा रहा है कि मन कहां पर है, कौन सा मांस का पिंड है जिसे मन कहते हैं।
अब यह तो नहीं कह सकते कि मन होता ही नहीं मन तो है। मेरा मन है इस समय बंबई जाने को और इस समय मेरा मन मिठाई खाने का हो रहा है। आखिर कुछ न कुछ तो है ही जो हो रहा है। फिर वह मन है कहां और चिकित्सा विज्ञान कहता है मन तो होता ही नहीं। लेकिन सब व्यक्ति कहते हैं कि मेरा मन आज बड़ा उदास है, आज कुछ अच्छा नहीं लग रहा है। आज मेरा मन कहीं बाहर घूमने का हो रहा है। तो यह जो क्रिया हो रही है यह कहां से हो रही है? और जिस प्रकार चिकित्सा विज्ञान मन को समझ नहीं पाया है उसी प्रकार प्राणों को भी समझ नहीं पाया है। प्राण जीवन की धड़कन नहीं है वह तो हृदय है। हृदय धड़क रहा है तो जीवन चल रहा है।
मगर क्या जब हृदय धड़कना बंद कर देता है तो प्राण समाप्त हो जाते हैं? ऐसे तो नहीं समाप्त होते। इसलिये समाप्त नहीं होते क्योंकि परकाया प्रवेश में तो हृदय धड़कता ही नहीं और शरीर फिर भी जिंदा रहता है और प्राण भी जिंदा रहते हैं। इसलिये तीनों चीजें अलग अलग है। हृदय अलग है, प्राण को जाग्रति देने की क्रिया से ही सूर्य को शरीर में समाहित करने की क्रिया होती है। मैं बहुत सरल भाषा में आपको समझा रहा हूं। क्योंकि विषय तो इतना गूढ़ है कि इसको संस्कृत में भी समझाया ही नहीं जा सकता। ऐसी कोई युक्ति, ऐसा कोई मंत्र, ऐसी कोई भी चेतना जिसके माध्यम से सूर्य को ज्योंहि शरीर में समाहित करेंगे तो शरीर में समाहित होते ही एक विस्फोट होने लगेगा सूर्य तो जहां है वहां टुकड़े होते ही हैं। यदि आप एक आतशी शीशा लेकर सूर्य के सामने रख दें तो उस शीशे से छन कर जो कुछ किरणें पैदा होगी तो उस आग से कागज का टुकड़ा जलने लग जायेगा। आप खड़े हो जायें थोड़ा बाहर तो पांव जलने लग जायेंगे। यह जो आग की सत्ता है यह अपने आप में सूर्य की तेजस्वी रूप है। उस सूर्य को हम अपने प्राणों में इकट्ठा कर सकें एकत्र कर सकें। और ज्योंहि ऐसा होगा तो प्राणों के अपने आप में टुकड़े होने लगेंगे। प्राणों का विखंडन शुरू हो जायेगा और जब प्राणों का विखंडन होगा तो प्राण पूरे ब्रह्माण्ड में फैलने की क्रिया परा विद्या कहलाती है।
ब्रह्माण्ड की कोई भी हलचल, कौनसी घटना घटी उस घटना को देख लेना, सुनना और समझना यह पराविद्या की मूलभूत स्वरूप है। मगर इसके लिये जरूरी है कि सूर्य को शरीर में स्थापन करना, प्राणों में स्थापन करें और स्थापन करके प्राणों का विखंडन शुरू करें। क्या कोई ऐसी युक्ति है? क्या आम आदमी सूर्य मण्डल को अपने शरीर में समाहित कर सकता है? और मैं कह रहा हूं कि बिलकुल आम और सरल आदमी ही ऐसा कर सकता है। जिसको कोई ज्ञान ही नहीं है, वह भी सूई घुमाकर रेडियो चला देगा। उसको चलाने के लिये उसे कोई रेडियो बनाने की पद्धति सीखने की जरूरत नहीं है। रेडियो पर गाना सुनने के लिये उसकी सारी मशीनरी को जोड़ना सीखने की जरूरत नहीं है। उसको तो केवल इतना ज्ञान होना चाहिये कि 22 पाइंट पर लगाने से यह स्टेशन लग जाता है।
यहां पर लगाने से रेडियो सीलोन लग जाता है। और यही सीखना है बस। और हमे यही सीखना है कि हम उस विशेष क्रियाओं को कैसे समझें। तो उसके लिये एक विशेष मंत्र है जिसे प्राणोत्थान मंत्र कहा गया है प्राणश्चेतना मंत्र कहा गया है, या दूसरे शब्दों में प्राण विखंडन मंत्र कहा गया है। हम प्राणों को विखंडन करने की क्रिया प्रारंभ करे क्योंकि मंत्रों के माध्यम से ही यह संभव है। मैंने बताया कि शब्द ही पूरे संसार में व्याप्त है। और उन शब्दों को मंत्रों के माध्यम से ही पकड़ सकते हैं। वह मंत्र है-
मैं अगर जोरों से मुक्का मारता हूं किसी चीज को तो उसके बिलकुल टुकड़े हो जाएंगे। एक टुकड़ा अलग टूट के गिर जाएगा। दूसरा अलग गिर जाएगा और तीसरा अलग गिर जाएगा।
अणु बम का आविष्कार और अणु बम की थयोरी कणाद के सिद्धान्त पर आधारित है जहां अणु के टुकड़े किये जाते हैं। कणाद ने सबसे पहले बताया कि अणु का विखंडन संभव है। अणु के टुकड़े हो सकते हैं और विज्ञान भी वही कह रहा था। सन ûùþü तक कि अणु के टुकड़े हो ही नहीं सकते। अणु तो अंतिम सत्ता है पदार्थ की। आइंस्टीन ने कहा- नहीं, अगर भारत वर्ष कह रहा है कि अणु के टुकड़े हो सकते हैं तो अणु के टुकड़े जरूर हो सकते हैं। और आइंस्टीन ने पहली बार अणु के टुकड़े करके परमाणु बना दिया। और एक अणु कितना छोटा सा होता है और परमाणु उससे भी छोटा होता है। मगर यदि एक परमाणु बम दिल्ली के ऊपर गिर जाए, केवल एक परमाणु बम, तो दिल्ली का अस्तित्व इस संसार में रहेगा नहीं दिल्ली ही नहीं ठेठ, हरियाणा और पंजाब के बार्डर तक का भी कोई अस्तित्व नहीं रहेगा। पेड़, पौधे, पशु पक्षी, मकान कुछ भी नहीं रह सकता। हम यह भी पता नहीं लगा सकते कि कनाट प्लेस कहां पर था केवल एक बम के प्रहार से एक करोड़ की आबादी बरबाद हो सकती है और बीस तीस तीस फिट गड्डे बन जायेंगे। इतने बड़े मकान और इतने बड़े घर, चूर चूर हो जायेंगे, पत्थरों का ढेर बन जायेंगे। ऐसे हो जायेंगे जैसे बालू का ढेर हो।
और परमाणु कितना बड़ा होता है? एक सूई की नोंक पर चार सौ परमाणु आते हैं। एक सूई की नोंक की बात कर रहा हूं मैं। होता क्या है कि ज्योंहि परमाणु बम गिरता है तो एक विखंडन होता है और ज्योंहि विखंडन होता है तो इतनी हीट, इतनी गर्मी, इतनी ऊर्जा पैदा होती है कि सब कुछ तोड़-फोड़ देता है। और यह मंत्र आपके प्राणों का विखंडन करना प्रारंभ कर देगा। प्राणों को तोड़ने लग जायेगा। और तोड़ने से शरीर में जितनी भी जड़ता है, शीथिलता है, जितने भी शरीर में रोग है, जितना भी शरीर में असत्यता है उनका यह मंत्र विखंडन करने लग जाता है। नचिकेता यह प्रश्न करता है, मैं हजारों-हजारों वर्ष आयु प्राप्त करना चाहता हूं, यम मैं आपके पास आना नहीं चाहता। मैं क्या करूं? तो यम कहता है कि तुम्हें सूर्य मंडल को अपने अंदर स्थापित कर विखंडन क्रिया सीखनी है। और जब विखण्डन क्रिया होती है अंदर प्राणों के टुकड़े होते हैं तो व्यक्ति हमेशा नवीन बना रहता है। क्योंकि एक पदार्थ का टुकड़ा होता है तो एक नवीन हो सकता है। उसमें न्यूनता नहीं आ सकती। ऐसा व्यक्ति जिसके शरीर में प्राणों का विखंडन प्रारंभ हो जाये उसकी मृत्यु हो ही नहीं सकती। और इसको मृत्यु से अमृत्यु की ओर जाने की क्रिया कहते हैं।
मृत्यु से अमृत्यु की ओर जाने की क्रिया को सूर्य विज्ञान कहते हैं। मृत्यु से अमृत्यु की ओर जाने की क्रिया को प्राण विखंडन क्रिया कहते हैं। हम मृत्युशील तो है ही हम निश्चिंत रूप से मृत्यु की ओर अग्रसर हो सकते है। हम प्रतिपल मृत्यु की ओर अग्रसर है। और एक दिन मृत्यु का जाल एकदम से हमें दबोच लेगा, हमारे ऊपर एकदम से हावी हो जायेगा। यम हमें समाप्त कर देगा। मगर क्या कोई ऐसी क्रिया है जिससे यह प्रहार हमारे ऊपर नहीं हो। यम स्वयं उत्तर देते हैं कठोपनिषद में- केवल एक क्रिया है, उस क्रिया के माध्यम से आप नित्य नवीन बने रह सकते हैं और वह नवीन होने की क्रिया प्राणों का विखंडन है। और प्राणों का विखंडन प्रहार से होता, और प्रहार शब्द से होता है, ध्वनि के माध्यम से होता है और ध्वनि मंत्र के माध्यम से बनती है।
इसलिये यह मंत्र जो मैंने यहां बताया है यह अपने आपमें विखंडात्मक मंत्र है, ध्वन्यात्मक मंत्र है। आप देखेंगे कि अगर जोर से हवाई जहाज ऊपर से उड़े, जेट विमान जब ऊपर से उड़ता है तो कांच की खिड़कियां खड़ खड़ाने लग जाती हैं। जिनके सांता क्रूज के पास मकान है वे इस बात का एहसास करते हैं, रोज उनकी खिड़कियां बजती ही हैं। और इसलिये बजती हैं कि यह ध्वनि अपने आपमें प्रहार करती है, विखंडन करती है। कई बार तो ऐसा होता है कि खिड़कियां टूट जाती हैं, कई बार ऐसा होता है कि गर्भवती स्त्रियों के बच्चे गिर जाते हैं उस ध्वनि के आघात से। यह सब क्रिया फोर्स से होती है-फोर्स है ध्वनि का और ध्वनि शब्द के माध्यम से बनती है। अगर शब्द नहीं है तो नहीं बन सकती। और हमारे शास्त्रों में शब्द को ब्रह्म कहा गया है। ब्रह्म का तात्पर्य जीवन का विखंडन है। ब्रह्म को जीवन का आनन्द कहा गया है जीवन का ऐश्वर्य कहा गया है, जीवन की पूर्णता कही गई है। शब्द के माध्यम से ब्रह्म को जाना जा सकता है।
आप बोलेंगे तो बोलते ही उसका अर्थ बनेगा ही ऐसा हो ही नहीं सकता कि आप बोले और अर्थ नहीं बनें। मैं कहूं पानी तो एकदम अर्थ बन गया कि ऐसा तरल पदार्थ जिसको पीने से प्यास बुझती है। बोलते ही अर्थ बनेगा। जब अर्थ बनेगा वो उससे प्रहार बनेगा। अगर मैं आपको गाली दूं, तो ज्योंहि शब्द बोलूंगा गाली का तो आप पर प्रहार होगा। मैं कोई आपको हाथ तो लगाऊंगा ही नहीं, आप मुझसे १० फीट दूर बैठे हैं, मैं तो केवल यहां से शब्द का एक पत्थर फेंकूंगा, एक गाली बोलूंगा जोर से और बोलते ही आपको गुस्सा आ जायेगा और आप खड़े होंगे जोर से और कहेंगे – आपको होश से बात करनी चाहिये। क्या समझ रखा है आपने। भई मैंने तो आपके हाथ भी नहीं लगाया है, केवल प्रहार किया है शब्द के माध्यम से। इसका मतलब है कि शब्द का प्रहार बहुत तीव्र होता है। कौन से शब्द का?
जो आपके प्राणों को तोड़ सके, अगर आपको उत्तेजित करना है, एकदम से आपकी आंखें लाल सुर्ख करनी हैं, आपका चेहरा तमतमाना है तो उस शब्द का प्रयोग करना पड़ेगा। जिसे गाली कहते हैं, अन्यथा अगर मैं कहूंगा-बकरी या गाय तो आप उत्तेजित होंगे ही नहीं। जो आपके प्राणों को तोड़ सके उस शब्द का प्रयोग करना पड़गा और आप एकदम से क्रोधित हो जायेंगे, लाल सुर्ख हो जायेंगे, खड़े हो जायेंगे, मुटि्ठयां बन जायेंगी आपकी। यह सब क्रिया इसलिये हुई है कि मैंने प्रहार किया है शब्द का और शब्द प्राणों से जाकर टकराया। और प्राणों से टकराते ही शरीर के सारे अवयवों को जाग्रत कर दिया, पूरे शरीर को जाग्रत कर दिया इतना जाग्रत कर दिया कि, पूरा उत्तेजित हो गया लाल सुर्ख हो गया। गुस्से में तमतमा गया, आंखें लाल सुर्ख हो गई और मुटि्ठयां तन गई हैं।
सेकेंड के एक हजारवें हिस्से में यह सब हो गया। ऐसा नहीं कि मैं गाली दूं तो आप सोचें कि अब मुठ्ठी भींचनी है, अब आंखों में क्रोध लाना है, अब मुझे खड़ा होना है, कोई टाइम नहीं होगा उसमें। जैसे ही शब्द बोला, उसका अर्थ हुआ और अफेक्ट हुआ। अगर अर्थ नहीं होगा तो प्रहार भी नहीं होगा। अगर इंग्लैंड जायें या अमेरिका जायें और आप मुस्कुराते हुये उन्हें गालियां देते रहें तो वह कहेगा है – यस यू आर राइट। मैं गालियां दे रहा हूं और वह खुश हो रहा है। क्योंकि मैं मुस्कुरा कर कह रहा हूं अगर मैं उत्तेजित हो कर गुस्से से कहूं तब तो गड़बड़ हो जायेगी। बात में कुछ अर्थ होना चाहिये अगर अर्थ नहीं होगा तो प्रहार नहीं होगा। वह अर्थ समझता नहीं मैं बात तो कर रहा हूं अर्थ उसको समझ नहीं आ रहा है।
शब्द का अर्थ होना चाहिये, कालीदास यही कह रहा है कि अर्थ होते ही प्रहार होता है। अगर मैं हास्य की कविता सुना रहा हूं आपको तो ज्योंहि ही मैं बोलूंगा तो उसका अर्थ समझकर हंसने लग जायेंगे आप। आप एकदम से खुश हो जायेंगे। क्योंकि आपने अर्थ समझा है। यह जो मंत्र है यह अपने आपमें तीनों चीजों को लेकर चल रहा है वाक्, अर्थ और प्रहार। इसीलिये इसे प्राण विखंडन मंत्र कहा गया है। 600 पृष्ठों के बहुत बडे़ ग्रंथ कणाद के चाक्षुषोपनिषद का यह मंत्र है। मगर यह मंत्र कैसा है?
चक्षुषोपनिषद को आप पूरा टटोल लेंगे तो भी यह मंत्र आपको मिलेगा ही नहीं। और मैं कह रहा हूं कि उस ग्रंथ मे यह मंत्र है। और चाक्षुषोपनिषद का अर्थ ही यही है कि सूर्य के उस विखंडन और प्रखंडन मंत्र को निकाला जाये। और पूरे उस चाक्षु़षोपनिषद में या कणाद के पूरे सूत्र में और उसकी सूत्रवली में इस मंत्र को कहीं कोई वर्णन नहीं है। उन्होंने उसके पहले अध्याय से लगा कर के अंतिम अध्याय तक जितने भी श्लोक दिये हैं उन श्लोकों के पहले अक्षर को जोड़कर इस मंत्र की रचना की है। मंत्र को इतना गोपनीय बना दिया। सीधा मंत्र दिया ही नहीं। पहला श्लोक अ से शुरू हुआ तो उसका अ ले लिया, दूसरा च से शुरू हुआ, तीसरा क्षु, चौथा र, पांचवा वे। और हम पढ़ रहे चाक्षुषोपनिषद और सोच रहे हैं कि शास्त्रों ने कहा है कि इसमें प्राण विखंडन मंत्र को दिया हुआ है।
इसमें ऐसे मंत्र की कोई ध्वनि है ही नहीं। उसने प्रत्येक श्लोक के पहले अक्षर को आधार लेकर के इस प्रकार से मंत्र की रचना की जो मंत्र मैंने यहां दिया है जिसको प्राण विखंडन मंत्र कहते हैं। और प्राण विखंडन का तात्पर्य है कि इस मंत्र का उच्चारण करते ही, कोई साधना करने की जरूरत नहीं, यह जरूरी नहीं कि आप सवा लाख जप करें। वह तो कह रहा है कि आप अपने आपमें विराटता में बैठ जायें और इस मंत्र का केवल उच्चारण करें।
और विराटता का मतलब है-प्रातः काल उठ करके स्नान करके बिल्कुल उस समय आपका शरीर विराटता से संबंधित होता है। प्रातः काल सूर्य उगने से पहले की जो स्थिति है वह अपने आप में विराटता से संबंधित होने की स्थिति है। उस समय पूरा ब्रह्माण्ड विराटता में स्थापित होता है। यदि आप उस समय बैठते हैं तो आप एक इंडिविजुअल व्यक्ति नहीं रहते आप उस विराट सत्ता का अंग बन जाते हैं और उस समय यदि आप इस मंत्र का उच्चारण करते हैं, बार-बार रिपीट करते हैं तो पहली बार में ही आपको ऐसी ध्वनियां सुनाई दे सकती है जो कि आपने कभी सुनी ही नहीं हों। आप कहेंगे कि यह क्या हो रहा है, यह कौन सी ध्वनियां हैं। आपको ऐसे बिम्ब, ऐसे अक्षर ऐसे दृश्य दिखाई देंगे जो आपने कभी जीवन में देखें नहीं हो।
आप कभी हिमालय में गये नहीं आपने कभी केदारनाथ देखा नहीं, और केदारनाथ देखा तो उसके पीछे वासुकी झील है उसमें तो कभी जिंदगी में गये नहीं होंगे, मगर अपके सामने बिम्ब आयेगा और आप सोचेंगे कि यह बिंब कहां से आया। यह आवाज कहां से आई, यह बिलकुल एक नवीन तरह की आवाज कौन सी है? यह कैसी आवाज है? हो सकता है कि उस आवाज का अर्थ आप नहीं समझ पायें। हो सकता है कि मैं आपके सामने मंत्र का उच्चारण करूं और आप उसका अर्थ समझ नहीं आये। मगर वह आपके लिये बिल्कुल नवीन ध्वनि है, वह कोई फिल्मी गीत तो है नहीं, वह कोई भैरवी राग भी नहीं फिर वह कौन सी ध्वनियां है। ऐसी ध्वनियां ऐसे दृश्य सीधे बिंबात्मक रूप में आपकी आंखों, कानों से टकरायेंगे यदि आप इस प्राण विखंडन मंत्र का उच्चारण करेंगे तो। चाहे एक बार उच्चारण करें, दो बार करें या पांच बार करें। हजार बार उच्चारण करने की जरूरत नहीं। इतना उच्च कोटि का तेजस्विता पूर्ण यह मंत्र है। अब यह अलग बात है कि आप कन्फर्म न कर पायें कि यह कहां की ध्वनि है।
यदि किसी ग्रामीण व्यक्ति के घर में टेलीफोन नहीं है और मैं उसे बुलाकर कहूं कि तू इस पर बात सुन तो वह किसी भी हालत में बात नहीं समझ सकता। सामने वाला बात करे तो उसके कान में स्पष्ट बात नहीं आ पायेगी। वह कहेगा कोई कुछ बोल तो रहा है पर क्या बोल रहा है पता नहीं। उसे अभ्यास नहीं है, पर हफ्रते भर के अभ्यास के बाद वह शब्दों के अर्थ समझ सकता है। कल आप अभ्यास करे इसका तो कल आपको सैकड़ो दृश्य और सैकड़ों ध्वनियां आपकी आंखों और कानों में टकराएंगी ही। इस मंत्र की साधना होती ही नहीं इस मंत्र के सवा लाख जप की जरूरत होती ही नहीं। यह तो सीधा प्रभावयुक्त और चेतना युक्त है, मगर उस समय जब आप स्वयं विराट सत्ता में हों, जहां शांति हो, बिलकुल पीस आफ माइंड हों। अभ्यास के बाद तो आप चौबीस घंटों में कभी प्राण विखंडन कर सकते हैं।
अभी तो जो ध्वनियां आ रही हैं उन्हें ही पकड पायेंगे, मगर किसी व्यक्ति विशेष की ध्वनि ही सुननी है वह आगे की बात है, वह आगे की क्रिया है। अभी तो कोई भी ध्वनि आ सकती है, कोई भीं बिंम्ब आ सकता है। आप चाहें कि कहीं बिम्ब आये कि मेरे परदादा की मृत्यु कैसे हुई कब हुई और वे कैसे थे तो वह बाद की स्थिति है। शास्त्र तो कह रहा है कि एक बार जो बिम्ब बन जाये वह खत्म नहीं हो सकता, क्योंकि कहीं युद्ध अगर ही हो रहा है तो हम यहां बैठे टीवी में देख लेंगे। अमेरिका में अगर रीगन बोल रहा है तो हम यहां बैठे बैठे रेडियो पर सुन लेंगे। हजारों मील दूर का बिंब हम देख लेंगे।
और शास्त्र कह रहा है कि एक बार जो बिंब बन गया वह मिट नहीं सकता। और आप उस बिंब को वापस देख सकते हैं, पूरे विराट में अपने आप को समाहित करने पर और प्राणों को उस विराट में समाहित करने के लिये, प्राणों का विखंडन करने के लिये यह मंत्र है। आप इसका एक्सपैरिमेंट करके देखें, आपको स्वयं पता चल जायेगा। आप मंत्र का केवल पांच बार उच्चारण करिये और रूक जायें फिर और देखिये, क्या ध्वनियां आ रही हैं। आप दस बार मंत्र बोलिये और देखिये क्या दृश्य सामने आ रहे हैं। वैसे बिंब जो आपने कभी अनुमान नहीं लगाये। ऐसा बिंब कि आपने सोचा ही नहीं था-एकदम से बर्फ का इतना बड़ा खंड, यह झील। यह सब क्या है। आप सोचेंगे- मैं तो कभी यहां गया ही नहीं। यह कहां है?
वह जगह कहां है इसका आपको ज्ञान नहीं हो सकता, वे ध्वनियां किसकी है यह भी शायद ज्ञान नहीं हो सकता, यह जानना तो आगे की क्रिया है, आगे का ज्ञान है। फिलहाल तो यह भी बहुत बड़ी बात है कि हम विचित्र ध्वनियां सुन सकते हैं विचित्र दृश्य, ये ध्वनियां कौन सी है। बाद में तो यह सामर्थ्य प्राप्त करना रह जायेगा कि जो मैं ध्वनि सुनना चाहूं वह सुन सकूं। मैं सुनना चाहूं कि वशिष्ठ अपने शिष्यों को उपदेश देते समय कैसे बोलते थे तो ठीक वही दृष्य देख सकता हूं वही ध्वनि सुन सकता हूं। गीता का मतलब ही यही है, गीता के पहले श्लोक में यही कहा है कि संजय पूरे महा भारत युद्ध को देख रहा है अपनी आंखों से और बता रहा है। दृश्य भी उसे दिखाई दे रहा है, और ध्वनि भी सुनाई दे रही है। और संजय धृतराष्ट्र को वही बैठे बता रहा है कि मैं यह देख रहा हूं, मैं यह देख रहा हूं। बहुत दूर की घटना थी। और ऐसी स्थिति को हमारे शास्त्रों में त्रिकाल दर्शिता कहा गया है। त्रिकाल दर्शिता का मतलब ही यही है कि परा विद्या के माध्यम से किसी भी लोक की किसी भी ध्वनि, किसी भी घटना का वह अनुभव कर सकता है। जिस भी घटना को देखना चाहे वह देख सकता है, समझ सकता है। और आप अभ्यास करके देख सकते हैं, समझ सकते हैं।
और अभ्यास से आप निश्चित दृश्य ही देख सकते हैं। आप चाहें तो अपने पूर्वजों के भी दर्शन कर सकते हैं। आपके परदादा का स्वरूप कैसा था, आपने फोटो भी नहीं देखा आप उस बिंब का भी देख सकेंगे और अगर आप उनकी आवाज सुनना चाहे तो आवाज भी सुन सकेंगे। और अगर सुनना चाहें कि दशरथ और कैकेयी का संवाद क्या हुआ क्या बातचीत हुई आप ठीक वही ध्वनि सुन सकते हैं। उसके लिये एक निश्चित प्राण संवेदना क्रिया करनी पड़ेगी, निश्चित उसी पाइंट को समझना पड़ेगा। यह बहुत बड़ी बात है, यह मामूली घटना नहीं है, आज से दस हजार साल पहले जो घटनायें घट गई, उनको भी देख सकते हैं, सुन सकते हैं, और समझ सकते हैं। अगर ऐसा है तो फिर हमारे लिये कुछ भी अदृश्य या गुप्त है ही नहीं, गोपनीय तो फिर है ही नहीं कुछ भी। और जिसे प्राण विखंडन क्रिया का ज्ञान है उसके लिये अज्ञात कोई चीज रहती ही नहीं। आप उन क्रियाओं उन तथ्यों को समझे और उनको अपने हृदय में उतारें।
जीवन में सर्वश्रेष्ठ विद्या के जानकार सूर्य जिनसे सबसे पहले ब्रह्मा ने परा सीखने का प्रयत्न किया। और जिस परा विद्या को संसार की सर्वश्रेष्ठ विद्या, संसार का सर्वश्रेष्ठ आधार और जीवन का सर्वश्रेष्ठ चिंतन कहा गया यद्यपि छांदोग्योपनिषद और चाक्षुषोपनिषद में परा विद्या के बारे में संकेत तो अवश्य दिये हैं। यदि आप कभी उपनिषदों का अध्ययन करें तो मैं समझता हूं कि उनमें सर्वश्रेष्ठ उपनिषद कठोपनिषद है जिसमें यम नचिकेता का परस्पर संवाद है। नचिकेता, प्रश्न करता है और यम उनका उत्तर देते हैं और उसी प्रश्न-उत्तर में नचिकेता एक महत्वपूर्ण प्रश्न कर लेता है। नचिकेता पूछते हैं- अहं पूर्व सेवं मतिं वदेयं मृत्योर्विदष्यति पां पवितं सहेवं आत्मं च देह वगतं सहित सदावै कि कारणै कूर्य सता सहित। आप मुझे ब्रह्म विद्या का उपदेश तो दे रहे हैं, यह मेरे जीवन का सौभग्य तो है कि आपने मुझे ब्रह्म विद्या की जानकारी दी आपने मुझे एक अणु से विराट तक पहुंचने की क्षमता प्रदान की, आपने जीवन के रहस्यों को प्रकट करने का प्रयत्न किया जिनके माध्यम से संपूर्ण जीवन को, आत्मा को, चेतना को, प्राण को और विराट को समझा जा सकता है। मैं केवल आपसे परा विद्या के बारे में सीखना चाहता हूं।
और ठीक ऐसा प्रश्न चतुर्मुख जिनके चारों मुखों से चार वेद उच्चरित होते रहते थे, ऐसे ब्रह्मा ने सूर्य से पूछा। ब्रह्मा स्वयं सूर्य के पास जाते हैं और प्रश्न करते हैं कि परायै! परा विद्या क्या है। और सूर्य उत्तर देते हैं- सजीवनै प्राणश्चेतनावै स परा विद्या जो जीवन को प्राणश्चेतना प्रदान कर सकता है वह परा विद्या है। मनुष्य का जीवन सर्वथा निर्जीव है। वह गतिशील तो है चलता फिरता तो है मगर किसी प्रकार से उसमें ज्वार नहीं है, उत्तेजना नहीं है, उमंग नहीं है, जोश नहीं है और उससे भी बड़ी बात यह है कि शास्त्रों के महासमुद्र में डुबकी लगाने का उनको अभ्यास नहीं है।
ऐसी स्थिति में केवल परा विद्या के माध्यम से ही संपूर्ण शास्त्रों का व्यक्ति जानकार हो सकता है। अब बहुत महत्वपूर्ण प्रश्न है। ब्रह्मा कहते हैं कि असंख्य उपनिषद हैं, 18 पुराण है, चार वेद है और इनके अलावा शास्त्र, मीमांसा और दर्शन है तो इन सब को अध्ययन करने में तो युगों युगों लग जायेंगे और व्यक्ति समाप्त हो जायेगा। क्या कोई ऐसा युक्ति नहीं है, जिसके माध्यम से व्यक्ति इन सम्पूर्ण शास्त्रों का ज्ञान प्राप्त कर सके? और जब भी वह प्रवचन करने लगे, जब भी बात करने लगे तो वे सारे शास्त्र स्वयं सदेह आकर उसके सामने उपस्थित हो जायें। यह एक महत्वपूर्ण प्रश्न है और इससे परा विद्या की जानकारी प्राप्त होती है कि परा विद्या क्या है? परा विद्या का तात्पर्य यह है कि जब तक हमारा जीव और हमारे प्राण और हमारी चेतना उन समस्त शास्त्रों का अवलोकन नहीं कर लेगी, समस्त ज्ञान प्राप्त नहीं कर लेगी तब तक हम उस सूर्य के चिंतन को नहीं समझ पायेंगे जो कि तेजस्विता युक्त है। प्रकाश केवल ज्ञान का ही प्रकाश हो सकता है, और कोई प्रकाश नहीं हो सकता। मन के अंधकार को दूर करने के लिये केवल ज्ञानके प्रकाश की जरूरत होती है। बाहरी अंधकार तो दीपक के प्रकाश के माध्यम से दूर करते हैं। मगर जहां मन में अंधकार है वहां सूर्य को कहां से समझ पायेंगे, उसकी किरणों को कहां से समझ पायेंगे? किस युक्ति से हम उन सारे शास्त्रों को सैंकड़ों हजारों शास्त्रों को हृदयंगम कर सकते हैं, सीख सकते है, आत्मसात कर सकते और कुछ ही समय में सीख सकते हैं?
यदि किसी व्यक्ति की उम्र सौ साल भी मानकर चले और यदि वह चारों वेंदों का अध्ययन करें, पुराणों का अध्ययन करें शास्त्रों का अध्ययन कर, मीमांसा का अध्ययन करें, उपनिषदों का अध्ययन करें तो उसका तो पूरा जीवन बीत जायेगा। ऐसी ही स्थिति में सूर्य ने उच्च कोटि की विद्या का तात्पर्य बताया है कि हम अपने मन के अंधकार को दूर कर सकें, कुछ ऐसी युक्ति करें कि परा विद्या का जानकार यदि कानून पर बोलना चाहें तो भले ही उसने सुप्रीम कोर्ट के कानून का अध्ययन नहीं किया हो, हो सकता है उसने उन धाराओं का अध्ययन नहीं किया हो, हो सकता है उसने एलएलबी नहीं की हो, मगर वह बोलेगा। तो धारा प्रवाह बोलता रहेगा, एक एक उदाहरण देता हुआ यदि बोलेगा तो सामने वाले व्यक्ति को प्रभावित करेगा कि इसको कानून का अद्वितीय ज्ञान है। यदि वह शिक्षा पर बोलना चाहे तो शिक्षा पर उन सारे ग्रंथो का हवाला दे सकेगा जिन ग्रंथों को उसने जीवन में देखा ही नहीं है। और वह भी प्रमाणिकता के साथ, श्लोकों के साथ, मीमांसा के साथ।
और यदि वह वेद पर बोलना चाहे, उपनिषद पर बोलना चाहे, जीवन के किसी सिद्धान्त पर बोलना चाहे तो वे समस्त शास्त्र एकदम से सामने स्वयं सदेह उपस्थित हो सकें ऐसी विद्या परा विद्या कहते हैं। यह जीवन के उन रहस्यों को जान सकते हैं जिनसे हमारे जीवन का निर्माण हो सकता है, हम सूर्य के रहस्यों को जान सकते हैं उस चाक्षुषोपनिषद के माध्यम से। और उस चाक्षुषोपनिषद के प्रारंभ में सूर्य स्वयं बोलते हैं- ब्रह्म स्वरूपं पखां परेषं परीतां परेषं, परां पूर्ण पतें पतातं परीतं यबेवं ज्ञाने वता च विता चहितां दीर्घा परे सः प्राणो उत्थवा त्व रूपं। प्राणों के उत्थावात रूप को प्राण की उत्थापन क्रिया को परा विद्या कहते हैं। प्राणों के माध्यम से ही सूर्य को समझा जा सकता है। यदि आप सूर्य का अध्ययन करना चाहें, पदार्थ परिवर्तन की क्रिया जानना चाहें, उसकी किरणों को जानना चाहें उन किरणों के परिवर्तन को जानना चाहें, उन किरणों के माध्यम से पदार्थ के निर्माण का जानना चाहें तो उसके लिये परा विद्या को जानना जरूरी है। और जब हम परा विद्या को जान लेंगे तो उन सारे शास्त्रों को भी जान लेंगे जिनकी हमारे देवताओं ने और ऋषियों, मुनियों ने रचना की। हो सकता है कि ऐसे सैकड़ों ग्रंथ विलुप्त हो गये हों, हजारों ग्रंथ ऐसे हैं जिनका अस्तित्व ही नहीं है। रावण संहिता के नाम ही नाम का उल्लेख है। रावण संहिता ग्रंथ ही समाप्त हो गया। क्या हम वापस ऐसे ग्रंथ को पढ़ सकते हैं? क्या ऐसे ग्रंथ को देख सकते हैं?
और चाक्षुषोपनिषद में बिलकुल स्पष्ट रूप से बताया गया है कि ऐसा संभव है। उसी चाक्षुषोपनिषद के उदाहरण को देते हुये भगवत पाद शंकराचार्य ने बहुत सुंदर उक्ति कही। उसने कहा-संसार में कोई भी वस्तु मिटती नहीं। जो कुछ आप बोल देते हैं, जो कुछ आपने ध्वनि की हैं, जो कुछ आपने उच्चारण किया है वह शाश्वत है, वह मिट नहीं सकता। यदि मैं, आज आपके सामने प्रवचन करता हूं तो शंकर की भी मीमांसा के अनुसार ये शब्द कभी समाप्त नहीं हो सकता।
जब शंकर सूर्य के चिंतन के बारे में समझाते हैं तो वे उस व्याख्या को स्पष्ट करते हुये चाक्षुषोपनिषद के सूत्र को स्पष्ट करते हुये चाक्षुषोपनिषद के सूत्र को स्पष्ट, कर रहे हैं। कणाद के उस चाक्षुषोपनिषद में कहा है- सः प्राणवै चक्षु वहितं सः यम सः देहतः सः कुबेरः उस प्राण के उत्थापन की क्रिया से ही परा अपने आप में अपरा में और अपरा अपने आप में परा में बदल जाती है। अब इस सूत्र को आम आदमी तो समझ नहीं पायेगा। यह तो ऐसा सूत्र है, ऐसी गुत्थी है जिसको समझा नहीं जा सकता एकदम से। अब इसका शंकराचार्य ने पहली बार भाष्य किया और शंकर ने कहा – दो अस्तित्व हैं जीवन में, एक अस्तित्व है ब्रह्म स्वरूप व्यक्ति खुद और दूसरा है पूर्ण संसार। जीवन में दो अस्तित्व हैं एक हम हैं और हम हैं तो पूरी दुनिया है, यह पूरा संसार है। अगर हम ही नहीं हैं तो इस संसार की उपयोगिता ही नहीं है, इस संसार का महत्व ही नहीं है, इस संसार का कोई मूल्य ही नहीं है।
और यदि संसार है, मनुष्य नहीं है तो भी सब व्यर्थ है। संसार के लिये दो शब्द प्रयोग किये गये हैं- भू और भुवः। भूलोक और भुवः लोक का तात्पर्य है कि व्यक्ति की स्वतंत्र सत्ता हो। और वह सत्ता पूरे विश्व से जुड़ी हो। यहां विश्व का तात्पर्य ब्रह्माण्ड से है, विश्व का तात्पर्य केवल अमेरिका, इंग्लैंड और चीन नहीं है। विश्व का तात्पर्य है ब्रह्माण्ड के वे सभी लोक जिनके यम लोक, चंद्रलोक, कुबेर लोक, यक्ष लोक या अन्य कई लोक। या वे सभी लोक जिन्हें भू भुवः स्वः मह जन तपः सत्यम। इन समस्त लोकों की सत्ता मनुष्य में निहित है। और शंकर समझाते हुये कहते हैं कि अगर मनुष्य एक बार कुछ कह देता है, तो वे शब्द युगों-युगों तक अमर हो जाते हैं, समाप्त नहीं होते, टुकड़े नहीं होते, उनको आप विमुक्त नहीं कर सकते। यह एक बहुत बड़ी बात है। इसका मतलब तो यह हुआ कि यदि मैंने आज आपके सामने कुछ बोला तो आप से 400 वर्ष बाद भी यह प्रवचन ज्यों का त्यों सुरक्षित रहेगा शंकर के शब्दों का तो सार यही है। और शंकर को पाद पद्म और अन्य शिष्य प्रश्न कर रहे हैं कि क्या जो शब्द एक बार उच्चरित हो गये वे शाश्वत हैं।
तो शंकर ने कहा- निश्चित! निश्चय ही जो आदमी एक बार बोल देता है, उच्चरित कर देता है वह शब्द समाप्त नहीं हो सकता क्योंकि शब्द ही ब्रह्म है। और ब्रह्म को मारा नहीं जा सकता, ब्रह्म को तोड़ा नहीं जा सकता, ब्रह्म के टुकड़े भी नहीं किये जा सकते, ब्रह्म का समाप्तिकरण भी नहीं किया जा सकता। इसी चिंतन पर शंकराचार्य के शिष्य मंडन मिश्र प्रश्न करते हैं कि मैं उसी परा विद्या को जानने की चेष्टा में हूं गुरूदेव कि जिसके माध्यम से मैं संसार के सारे शब्दों और रहस्यों को जान सकें। इसका तात्पर्य तो यह हुआ कि द्वापर युग महाभारत युद्ध हुआ और अठठारह दिन तक कौरव और पांडव लड़ते रहे, मंडन मिश्र प्रश्न कर रहे हैं शंकर से——— महाभारत का युद्ध सबसे बड़ा अभिशाप रहा जीवन का जहां, करोड़ों व्यक्ति कट कर मर गये और जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य रहा कि उससे श्रीमद् भगवत गीता जैसा ग्रंथ निकल सका। ये दोनों बिलकुल विपरीत ध्रुव जहां पर युद्ध, जहां पर छल जहां पर सब कुछ अपने आप में समाप्त होने की क्रिया थी वहां पर भी श्रीकृष्ण ने अर्जुन को पूर्ण ज्ञान दिया। और गीता के प्रथम श्लोक से लगा करके अट्ठारवें अध्याय के अंतिम श्लोक तक भगवान कृष्ण ने एक ही बात अर्जुन को कहीं- तू कायर है, बुजदिल है, तू जो बैठा-बैठा युद्ध नहीं लड़ने की बात सोच रहा है इससे ज्यादा कायरता कुछ नहीं हो सकती, तुझे केवल एक ही बात करनी है कि तुझे लड़ना है। और अगर तू नहीं लड़ेगा तो भी ये मर जायेंगे। बचेंगे तो ये नहीं और लड़ेगा तो भी मर जायेंगे। तो तू विजय प्राप्त क्यों नहीं कर लेता।
यह भगवतपाद शंकराचार्य से मंडन मिश्र का प्रश्न था कि महाभारत की सर्वोत्कृष्ट उपलब्धि थी कि भगवान कृष्ण ने गीता जैसे उत्तम कोटि के ग्रंथ को अपने मुख से उच्चरित किया। जब वे शब्द मरे ही नहीं, जब वे शब्द जीवित हैं तो क्या हम कृष्ण के ठीक उन्हीं शब्दों को वापस सुन सकते हैं। आप कह रहे हैं कि शब्द नहीं मरे तो शब्द तो हैं ही ब्रह्माण्ड में। और कृष्ण ने जो कुछ भी कहा जिस ध्वनि में उच्चारण किया क्या हम श्री कृष्ण की वाणी में ही उस उच्चारण को वापस सुन सकते हैं। शंकराचार्य ने कहा-निश्चित रूप से सुन सकते हैं। यही नहीं हम तो यह भी सुन सकते हैं कि प्रारंभ में जब आर्य आये और सिंधु नदी के किनारे बैठकर उन्होंने जिन वेद की ऋचाओं का अध्ययन किया जिन वेद की ऋचाओं का निर्माण किया, पहली-पहली बार जिन वेद की ऋचाओं को उच्चारित किया, उन व्यास उन अत्रि, उन कणाद, उन पुलत्स्य उन वशिष्ठ, विश्वामित्र के मुंह से उच्चारित शब्द भी वापस सुन सकते हैं। ऐसी क्रिया ही ब्रह्माण्ड में फैले हुये जो शब्द हैं उन शब्दों को पूंजीभूत करके वापस सुनने की क्रिया और उच्चारित करने की क्रिया परा विद्या कहलाती है।
आप शास्त्रों का कहां तक अध्ययन करेंगे, मगर शास्त्र जब भी रचा गया उसका उच्चारण तो हुआ होगा, वेद जब रचा गया तो वेदों का उच्चारण तो हुआ ही होगा, व्यास ने विभिन्न सूत्रों से बिखरे हुये मंत्रों को एकत्र करके उन चारों वेदों की रचना कर दी पुराणों की रचना कर दी, सिंधु नदी के किनारे किसी न किसी ऋषि ने उन मंत्रों का सस्वर, संघोष उच्चारण किया होगा और जब उच्चारण किया तो वे शब्द वायु मंडल में फैले और जब वे शब्द वायु मंडल में फैले तो इसका तात्पर्य है कि वे शब्द वायु मंडल में हैं क्योंकि शब्द तो ब्रह्म हैं, शब्द मिट नहीं सकता, शब्द मर भी नहीं सकता, आवश्यकता है कि उस शब्द को वापस पकड़ सकें। और उन्हीं शब्दों को पकड़ सकें। और साइंस भी इसी बात को स्वीकार करता है कि यदि बम्बई में लता मंगेशकर गाना गाती है तो हम रेडियो के माध्यम से उन शब्दों को सुन सकते हैं। यहां तो वायु मंडल में सैकड़ों आवाजें हैं, यहां पर एक ही आवाज नहीं है, यहां पर लता मंगेशकर का गाना भी चल रहा है, एक भाषण भी चल रहा है, एक शास्त्रीय संगीत भी चल रहा है, और रीगन का भी एक रिकार्ड चल रहा है। ये सारे शब्द हैं, मेरे सामने हैं मैं रेडियो की सूई को घुमाऊंगा तो ज्योंहि बंबई पर लगाऊंगा तो वह गाना सुनाई देगा थोड़ी और सूई घुमा दूंगा तो वह यंत्र दूसरे प्रकार की ध्वनियों को पकड़ने लगेगा।
कोई भी ध्वनि मरी नहीं है सब ध्वनियां जिंदा हैं, अगर मर सकती तो बंबई से यहां आते-आते बिखर जाती ध्वनि थी। मगर उस यंत्र के माध्यम से हम उन ध्वनियों को पकड़ रहे हैं और सुन रहे हैं। बंबई तो बहुत दूर है और वहां से यहां तक कोई माध्यम नहीं है, कोई तार नहीं लगा हुआ है, और हम वही ध्वनि पकड़ रहे हैं यद्यपि यहां पर पचास तरह की ध्वनियां वायु मंडल में हैं। हम देख नहीं पा रहे हैं। वह एक अलग बात है। ध्वनि को देखा नहीं जा सकता ध्वनि तो अनुभव करने की, श्रवण करने की पद्धति है।
अगर, उस ध्वनि को पकड़ सकते हैं तो उन ध्वनियों को भी पकड़ सकते हैं जो आज से दस हजार साल पहले उच्चारित हुई होंगी। रूस और अमेरिका में इस पर विशेष परीक्षण हो रहे हैं, और परीक्षणों के आधार पर उन्होंने इस बात का निश्चय किया है कि आज से दस हजार वर्ष पहले भी कुछ ध्वनियां उच्चारित हुई हैं तो उनको ज्यों का त्यों हम पकड़ सकते हैं, सुन सकते हैं। और यदि ऐसा हो गया तब तो विश्व का बहुत बड़ा परिवर्तन हो गया है, रेडियो और टेलिविजन तो आपके सामने हैं, इस परिवर्तन को साइंस की भाषा में भी हम देख सकते हैं क्योंकि उस यंत्र पकडने की और व्यक्त करने की क्रिया है। मगर क्या हम प्राणों के माध्यम से भी उस आवाज को पकड़ सकते हैं वह तो केवल वर्तमान का ध्वनियों को पकड़ रहा है। अभी मैं गाना गाऊंतो वह सुनाई देगा, अभी नहीं गाऊं तो नहीं सुनाई देगा। तो या तो लता मंगेशकर गाना गाये या टेप बजे, वहां टेप बजेगी तो मैं यहां सुन सकूंगा, ऐसा नहीं हो सकता कि लता मंगेशकर ने दस साल पहले गाया तो और मैं रेडियो लगाऊं और सुन लूं।
साइंस केवल वर्तमान की ही ध्वनियों को पकड़ पा रहा है। और यहां विज्ञान कह रहा है कि वर्तमान की ही ध्वनियां नहीं कई हजार वर्ष पहले भी यदि ध्वनियां उच्चातरण हुई हैं तो हम पकड़ सकते हैं। और हम पकड़ सकते हैं प्राणों के माध्यम से, प्राणों के माध्यम क्यों? क्योंकि सूर्य को प्राण कहा गया है। और किसी प्रकार से हम प्राणों को जाग्रत कर सकते हैं? यदि हम सूर्य को ही प्राणों में संचरित कर सकें तो ऐसा संभव है क्या प्राणों को सूर्य से जोड़ सकते हैं? प्राण और सूर्य में तो अंतर है ही नहीं। जिस प्रकार चमड़ी में और रक्त में अपने आप में संबंध है, अगर चमड़ी को तोड़ेंगे तो रक्त निकलेगा ही। उसी प्रकार सूर्य और प्राणों का संबंध है। उन प्राणों को संवेदनक और संवाहक बनाने के लिये एक तो ध्वनि प्रेषण की और एक ध्वनि पकड़ने की, दो प्रकार के यंत्रें की आवश्यकता होती है। दो शब्द है हमारे दर्शन में, एक को जीवन में प्राण कहा है और एक को अपान कहा है।
प्राण शब्द का अर्थ है उन ध्वनियों को पकड़ लेना और अपान का अर्थ है उनको व्यक्त कर देना। और यदि हम इस परा विद्या की प्राण और अपान दोनों क्रियाओं को सीख ले तो इसका तात्पर्य यह हुआ कि आज से कई हजार वर्ष पहले जो कुछ भी वेद, जो कुछ भी मंत्र, जो कुछ भी स्वर्ण बनाने की पद्धति नागार्जुन ने कहा, जो कुछ भी काली दास ने मेघदूत के माध्यम से जितने भी काव्य, ग्रंथ उच्चारित किये उनको हम प्राणों के माध्यम से पकड़ कर सुन सकते हैं, अपान के माध्यम से व्यक्त कर सकते हैं।
और जब वे शब्द सुनना और उनको व्यक्त करने की क्रिया आ जाती है तो फिर व्यक्ति प्रवचन करते समय किसी भी उपनिषद की व्याख्या को, उपनिषद के श्लोक को तुरंत उच्चरित कर सकता है। फिर उसको याद, करने की जरूरत नहीं है कि उस चक्षुषोपनिषद में तीसरे मंडल में चौथा श्लोक क्या है। इसलिये जरूरत नहीं है कि अब प्राण को जोड़ दिया है, बस सूई घुमानी है, प्राण, को घुमाना है कि चाक्षुषोपनिषद के तीसरे मंडल का चौथा श्लोक और तुरंत वह श्लोक उच्चरित होता।
कुछ सोचने की जरूरत नहीं पड़ी याद करने की भी जरूरत नहीं पड़ी वह तो ज्योंहि सूई को उस पाइंट पर लगाया नहीं कि वही श्लोक उच्चरित होता है जो श्लोक आपने सोचा है। यह मामूली बात नहीं है, इसके माध्यम से तो यह भी पता चल जायेगा कि इतिहास में गोपनीय बातें क्या क्या हुई। इंग्लैंड के इतिहास में जार्ज षष्ठम ने अपने प्रेम के लिये ठुकरा दिया इंग्लैंड के। राज्य को तो आखिर क्या आपस में बातें हुई कि इतना बड़ा त्याग कर दिया। इसका मतलब तो यह हुआ कि हम यह भी जान सकते हैं कि ऋषियों ने आपस में क्या-क्या बातें कीं। इस बात को भी सुन सकते हैं कि राम और सीता पर्ण कुटि में बैठे किस चर्चा में संलग्न थे। फिर तो कुछ भी असंभव है ही नहीं। फिर तो हम उन ध्वनियों को भी सुन सकते हैं और व्यक्त कर सकते हैं जिन्हें वाल्मीकि ऋषि नहीं बता पाया। और इसके लिये उन दोनों क्रियाओं को प्राण और अपान को जाग्रत करने की जरूरत है और कणाद ने कहा है कि मनुष्य वही है जो ब्रह्म का साक्षात्कार करके अपने प्राण और अपान को जाग्रत कर सकें और सूर्य को अपने शरीर में समाहित कर सकें।
सूर्य को किस प्रकार से समाहित करें? किस जगह समाहित करें? किस बिन्दु पर समाहित करें? इतना बड़ा तेजस्विता युक्त जो इतना बड़ा एक आग का गोला है जिसको कहते हैं कि इतना प्रखर और तेजस्वी है, क्या हम उसे प्राणों में समाहित कर सकते हैं? और हम अवश्य ही उस तेजस्विता युक्त सूर्य को प्राणों में ले सकते हैं उस परा विद्या की ही क्रिया आगे चलकर के पंचांगुली साधना और छोटी-छोटी अन्य साधनायें बनीं, कर्ण पिशाचिनी साधनायें बनीं। ये सब जो क्षुद्र साधनायें बनीं ये प्राण अपान क्रिया के बाई प्रोडक्ट हैं। जब व्यक्ति कान में ऊंगली डाल कर कर्ण पिशाचिनी के माध्यम से पूछता है कि क्या बात हुई तो उसे तुरंत जवाब मिल जाता है कि क्या हुआ। वह बात आज से छ-साल पहले हुई होगी। घटना तो छ-साल पहले हुई होगी और व्यक्ति, पूछता है क्या हुआ तो वह कहती है ऐसा हुआ। यह सब क्या है? छ-साल पहले जो घटना हुई उसकी ध्वनियां कानों कानों से टकरा रही हैं यह उस उच्च कोटि की विद्या की निम्न स्वरूप है। और ऐसे छोटे मोटे कर्ण पिशाचिनी को सिद्ध किये हुये व्यक्ति मिल जायेंगे आपको हर गली कूचे में जो कि पहले की घटी हुई घटना को सुन सकते हैं। पंचांगुली साधना के माध्यम से या कच्चे गल्ले के माध्यम से, या छोटे मोटे टोने टोटकों के माध्यम से इन चीजों को सीखा जा सकता है। और आप प्राण अपान क्रिया को सीखें या न सीखें, पर इन सबके माध्यम से आप तथाकथित सिद्ध योगी बन सकते हैं।
मगर शंकराचार्य कह रहे हैं दो, चार, छः या दस साल पहले ही नहीं दस हजार साल पहले की भी घटनाओं को भी देख सकते हैं। संजय वहां हस्तिनापुर में बैठा-बैठा कुरूक्षेत्र की घटनाओं को देख रहा है। धृतराष्ट्र पूछ रहे हैं कि संजय मेरे पुत्र कुरूक्षेत्र में खड़े-खड़े क्या कर रहे हैं और संजय पूरी बात बताता जाता है कि अब अर्जुन आगे बढ़ा, अब उसने गांडीव से तीर चलाया, अब वह तीर भीष्म को लगा है। संजय सब बैठा-बैठा देख रहा है जबकि तीन सौ मील का डिस्टेंस है। परा और अपरा विद्या का तात्पर्य यही है कि उन घटनाओं को सुन सकते हैं देख सकते हैं, और उन्हें व्यक्त सकते हैं। मैं समझता हूं कि मैने प्राण और अपान क्रिया को स्पष्टता से व्यक्त करने की कोशिश की है, कि उसका तात्पर्य क्या है। अब प्रश्न यह है कि उस प्राण अपान क्रिया को सीखें कैसे? क्या करें? किस प्रकार प्राण अपान क्रिया को आत्मसात करें? कणाद कहते हैं सूर्य के मंडल को, सूर्य को नहीं क्योंकि सूर्य के सात मंडल हैं जिन्हें सप्त घोड़े कहा है, सप्त अश्व। उस सूर्य के मंडल को अपने शरीर में समाहित करने का ज्ञान होना चाहिये क्योंकि मनुष्य का शरीर तो विराट है।
जब अर्जुन मान ही नहीं रहा था, अर्जुन बार-बार फिसल रहा था, वह कह रहा था कृष्ण मैं सब तुम्हारी बात मान सकता हूं। मगर मैं अपने दादा को नहीं मार सकता ये भीष्म मेरे दादा हैं। ये जो द्रोण आप देख रहे हैं ये मेरे गुरू हैं, मैने इनके साथ बैठकर ज्ञान प्राप्त किया है, राजनीति सीखी है, आप कहते हैं द्रोण को मारो गुरू को कैसे मार सकता हूं? ये भीष्म मेरे पितामह हैं, दादा हैं इनकी गोदी में मैं बड़ा हुआ हूं, इनको मैं तीर कैसे मार सकता हूं? कृष्ण कहते हैं-तुम अबोध हो, शायद तुमने मनुष्य के विराट स्वरूप को नहीं देखा। और गीता के उस दसवें अध्याय में कृष्ण अपने विराट स्वरूप को उसके सामने कर देते हैं और कहते हैं, देख तू क्या कर रहा है। और अर्जुन देखता है कि सब कौरव अपने आप मर रहे हैं समाप्त हो रहे हैं महाभारत युद्ध उनके शरीर में सिमट रहा है। अर्जुन कहता है यह क्या हो रहा है? कृष्ण कहते हैं-यही सब होने वाला है, तू मार या नहीं मार, अगर तू नहीं मारता तो पराजय का कारण तू बन जायेगा, जीवन भर अपराध बोध से ग्रस्त रहेगा, ये मरेंगे तो जरूर और तू इन्हें मारेगा तो विजयी कहलायेगा।
ऐसा कैसे कर पाये कृष्ण, कैसे दिखा पाये विराट स्वरूप को, कैसे महाभारत युद्ध दिखा सके? इसलिये दिखा सके कि उन्होने प्राण अपान क्रिया को आत्मसात किया पूरे सूर्य के मंडल को अपने भीतर स्थापित किया, स्थापित किया इसलिये वे कृष्ण कहलाये, सद्गुरू कहलाये, जगद्गुरू कहलाये। आप भी सद्गुरू को पहचान सकें, पूरे सूर्य मंडल को अपने भीतर स्थापित कर सकें सूर्य को प्राणों के साथ जोड़ सकें, ऐसा ही मैं आपको आशीर्वाद देता हूं कल्याण कामना करता हूं।
सद्गुरूदेव परमहंस स्वामी निखिलेश्वरानन्द जी
It is mandatory to obtain Guru Diksha from Revered Gurudev before performing any Sadhana or taking any other Diksha. Please contact Kailash Siddhashram, Jodhpur through Email , Whatsapp, Phone or Submit Request to obtain consecrated-energized and mantra-sanctified Sadhana material and further guidance,