कामाख्या परमं तीर्थं
कामाख्या परमं तपः।
कामाख्या परमो धर्मः
कामाख्या परमा गतिः।।
कामाख्या सभी तीर्थों में श्रेष्ठ है। सभी प्रकार की साधना में कामाक्षा महाविद्या साधना श्रेष्ठ है। कामाख्या धर्म सभी धर्म में श्रेष्ठ है तथा कामाख्या साधना से साधक परम गति को प्राप्त करता है।
भगवती जगदम्बा सती अपने पति भगवान शिव जी के निंदा को सहन ना करने के कारण पिता दक्ष के यज्ञ कुण्ड में खुद की आत्माहुति दे दी। फि़र बाद में भगवान शिव जी ने दक्ष के यज्ञ को धवंस किया और सती जी के शरीर को कंधो पर लाद कर पूरे ब्रह्माण्ड में क्रोधित होकर विचरण करने लगे। जब तक सती (शक्ति) प्रत्यक्ष रूप से शिव जी के साथ थी तब तक भगवान शिव जी का क्रोध शांत होने का नाम नहीं ले रहा था। भगवान शिव को शक्ति व क्रोध रहित करने तथा सती के शरीर को हटा कर तत्कालीय स्थितियों का बोध कराने के लिए भगवान विष्णु ने अपने सुदर्शन चक्र से सती के शरीर को 51 भागों में काट दिया था।
सती के वियोग से अत्यंत दुःखी होकर भगवान शंकर ने ब्रह्मा तथा विष्णु से पुनः सती-प्राप्ति का उपाय पूछा। भगवान विष्णु तथा ब्रह्मा जी के बहुत समझाने पर उन्होंने कहा कि सती की सर्वव्यापकता तथा नित्यता का ज्ञान होने पर भी मैं उनके पत्नीत्व का अभाव नहीं सह सकता। फि़र तीनों जनों ने यही तपस्या आरंभ की। भगवती ने प्रकट होकर शंकर को वर दिया कि मैं गंगा तथा पार्वती के रूप में हिमवान के घर अवतरित हो कर दोनों रूपों से आपको ही वरण करूंगी और वैसा ही हुआ। भगवान विष्णु एवं ब्रह्माजी को भी यथेच्छ वर की प्राप्ति हुई। तब से इसका माहत्म्य विलक्षण समझा जाता है।
ब्रह्मपुत्र नदी के बीच में यह पवित्र स्थान आज भी है जहां शंकर भगवान ने तपस्या की थी और भगवती सती को प्राप्त करने के लिए युग युग के लिए समाधिस्थ हो गए थे। जिन्हें समाधियों से जगाने के लिए देवताओं के द्वार प्रेरित हो कर कामदेव उसी जगह पर भगवान शिव जी का ध्यान भग्न किया था और शिव जी के क्रोध से भस्म होकर अनंग हो गये थे। यह स्थान उमानंद भैरव के नाम से अभी प्रसिद्ध है जो कि कामाक्षा क्षेत्र के रक्षक माने जाते हैं। कामाक्षा दर्शन से पहले उमानंद भैरव जी का दर्शन करना महत्वपूर्ण माना जाता है।
पीठानि चैकपंचाशदभवन्मुनिपुण्डव।
तेषु श्रेष्ठतमः पीठः कामरूपो महामते।।
यहां भगवती साक्षात स्थित हैं। इस महापीठ के लाल जल में स्नान करके ब्रह्महत्यारा भी भवबन्धन से छुटकारा पा जाता है।
भगवती सती जी का गुह्य प्रदेश (योनि) यहां कामरूप में गिरी थी। जो कि कामख्या नाम से प्रसिद्ध हुआ और 51 शक्ति पीठों में से सबसे सर्वोत्तम माना गया। यह कामाख्या पीठ आसाम राज्य के गुवाहाटी शहर में आता है। कामख्या देवी का मन्दिर नील पर्वत के पहाड़ी के उपर है। तंत्र शास्त्र के अनुसार करतोया नदी और ब्रह्मपुत्र नदी के बीच त्रिकोणाकार क्षेत्र को कामरूप देश माना जाता था जो कि श्रेष्ठ शक्तिपीठ है।
भैरवाचारी साधक, अघोर साधक, साबर मंत्र के साधक तथा वामाचारी साधकों के लिए यह अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध पीठ है।
पौराणिक तथ्य- अम्बुवाची पर्व के दौरान मां भगवती रजस्वला होती हैं और मां भगवती की गर्भ गृह स्थित महामुद्रा (योनि-तीर्थ) से निरंतर तीन दिनों तक जल प्रवाह के स्थान से रक्त प्रवाहित होता है। यह अपने आप में इस कलिकाल में एक अद्भुत आश्चर्य का विलक्षण नजारा है। कामाक्षा तंत्र के अनुसार
योनि मात्र शरीराय कुंजवासिनि कामदा।
रजोस्वला महातेजा कामाक्षी धये ताम सदा।।
अम्बुवाची पर्व के दौरान मां भगवती रजस्वला होती हैं और उनका दर्शन निषेध हो जाता है। इसी समय में पूरे विश्व के सभी प्रांतों से साधक, सन्यासी, अघोरी, भक्त, श्रद्धालु साधना तथा पूजन हेतु आते हैं। तीन दिनों के उपरांत जगदंबा कामाख्या का विशेष पूजन होता है। पौराणिक मत से प्राक्ज्योतिषपुर (गुवाहाटी) के राजा नरकासुर अपने घमण्ड में चूर हो कर एक दिन मां भगवती कामाख्या को अपनी पत्नी के रूप में पाने का दुःसाहस कर बैठा। जब वह कामाख्या देवी के पास गया तो महामाया कामाख्या देवी ने उससे कहा कि इस रात में नीलपर्वत पर चारो तरफ़ पत्थरों के चार सोपान पथों का निर्माण कर दो एवं कामाख्या मंदिर के साथ एक विश्राम-गृह बनवा दो तो मैं तुम्हारी इच्छानुसार पत्नी बन जाऊंगी। गर्व में चूर असुर ने पथों के चारों सोपान प्रभात होने से पूर्व पूर्ण कर दिया और विश्राम कक्ष का निर्माण कर ही रहा था महामाया ने एक मायावी मुर्गे के द्वारा रात्रि समाप्ति की सूचना दी। जिससे नरकासुर क्रोधित हो कर मुर्गे का पीछा किया और ब्रह्मपुत्र के दूसरे छोर पर जाकर उसका वध किया। यह स्थान आज भी ‘कुक्टाचकि’ के नाम से विख्यात है। बाद में मां भगवती के माया से भगवान विष्णु ने नरकासुर का वधा किया। नरकासुर के मृत्यु के बाद उसका पुत्र भगदत्त कामरूप का राजा बना।
भगदत्त का वंश लुप्त हो जाने से कामरूप राज्य छोटे छोटे टुकड़ों बंट गया और सामंत राजा कामरूप पर अपना शासन करने लगा। सती स्वरूपिणी आद्यशक्ति महाभैरवी कामाख्या तीर्थ भी माना जाता है। इसी लिए इस शक्ति पीठ में कौमारी पूजा अनुष्ठान का भी अत्यंत महत्व है।
इसी जगह आद्याशक्ति के अम्बुवाची पर्व का महत्व दिया गया है। इसके अंतर्गत विभिन्न प्रकार की दिव्य अलौकिक शक्तियों का तथा तंत्र मंत्र में पारंगत साधक अपनी अपनी मंत्र शक्तियों को पुरश्चरण अनुष्ठान कर स्थिर रखते हैं। वाममार्ग साधना का तो यह सर्वोच्च पीठ स्थल है। इस पर्व में मां भगवती के रजस्वला होने से पूर्व गर्भ गृह स्थित महामुद्रा पर सफ़ेद वस्त्र चढ़ाये जाते हैं, जो कि रक्तवर्ण हो जाते हैं। मंदिर के पुजारियों द्वारा ये वस्त्र प्रसाद के रूप में श्रद्धालु भक्तों में विशेष रूप से वितरित किये जाते हैं।
It is mandatory to obtain Guru Diksha from Revered Gurudev before performing any Sadhana or taking any other Diksha. Please contact Kailash Siddhashram, Jodhpur through Email , Whatsapp, Phone or Submit Request to obtain consecrated-energized and mantra-sanctified Sadhana material and further guidance,