संपूर्ण भारतीय वांगमय में भगवान शिव के जितने रहस्यमय रूप लक्षित होते हैं, उतने किसी अन्य देवता के लक्षित नहीं होते। शिव का रहस्य हजारों साल पहले भी था- जब आर्यों ने ‘‘ऋत’’ का सिद्धांत प्रतिपादित किया और एक ऐसे सर्वव्यापक ईश्वर की कल्पना की, जो संपूर्ण सृष्टि का नियामक हैं।
‘‘शिव कवच’’ के ऋषि ने शिव को ‘‘सर्वमंत्रस्वरूपाय, सर्वयंत्रधिष्ठाय, सर्वतंत्र स्वरूपाय’’ कह कर उनकी स्तुति की है। पुराणों तथा अन्यान्य साहित्यिक ग्रंथों में रूद्र के जिन रूपों का परिदर्शन होता है, वे मानव-जाति के इतिहास में श्रद्धा के विकास के क्रमिक सोपान हैं। ‘‘पुरूष सुक्त’’ में ‘‘सहस्त्रशीर्षापुरूषः सहस्त्राक्षः सहस्त्रपात्ः’’ के रूप में शिव के जिस विराट रूप की कल्पना की गई है, उससे यह सिद्ध होता है, कि वे ब्रह्माण्ड व्याप्त देवता हैं, हजारों सिरों और हजारों पैरों से वे ब्रह्माण्ड में फ़ैले हैं, और हजारों आंखों से सब कुछ देख रहे हैं।
वेदों में शिव का स्वरूप ‘विज्ञानमय’ है, पुराणों में ‘उपासना’ का रूप और साहित्यिक ग्रंथों में उन्हें ‘ज्ञान के पर्याय’ के रूप में स्थापित किया जाता है। वेदों में वर्णित निराकार, निर्विकार, चिन्मय स्वरूप, शिव पुराणों में साकार उपासना का प्रतिमान है। संस्कृत में शिव, शंभू, ईश, पशुपति, रूद्र, शूली, महेश्वर, ईश्वर, शर्व, ईशान, शंकर, चन्द्रशेखर, महादेव, भूतेश, पिनाकी, खंड परशु, गिरीश, मृडः मृत्युन्जय, कृतिवास, प्रमथाधिप, धूर्जटि, कपर्दी आदि अनेक पर्यायवायी नाम हैं।
इन समस्त नामों के पीछे शिव का जो स्वरूप उभर कर लोक प्रचलित रूप में सामने आता है, वह इस प्रकार है- ‘‘उनके सिर में जटाओं के जूट हैं, वे जटा- जूट में गंगा और माथे पर चन्द्रमा धारण किये हैं, गले में, भुजाओं में भुजंग लपेटे हैं, शरीर में सर्वांग चिता की भस्म लगाते हैं, हाथ में पिनाक, त्रिशूल और डमरू धारण किये हैं, नन्दी बैल उनकी सवारी है और महाशक्ति पार्वती जी उनकी अर्धांगिनी हैं।’’
ऋगवेद के सूक्तों में शिव को अग्नि और वायु के समान देवता माना गया है। यजुर्वेद और अथर्ववेद तक आते आते आर्य मेधा ने इस देवता को ब्रह्माण्ड नायक के रूप में स्थापित कर दिया। ऋगवैदिक सूक्तों में एक स्थान पर शिव का वर्णन करते हुए कहा गया है- वे अत्यंत शक्तिशाली हैं। स्वर्गलोक के रक्तवर्णी वराह हैं, सर्वश्रेष्ठ वृषभ हैं, वे सदा यौवन पूर्ण रहते हैं, वे शूरवीरों के अधिपति हैं, पर्वतों में स्थिरता, नदियों में जल प्रवाह उत्पन्न करते हैं। जो उनके प्रति आस्था नहीं रखते, उनके सिर वे छिन्न-भिन्न कर देते हैं, किन्तु जो उनके उपासक हैं, उनके लिए वे उपकारी होते हैं, इसीलिए उन्हें शिव कहा जाता है।
प्राकृतिक शक्तियों के प्रति ही तत्कालीन मानव की ज्ञान वृष्टि केन्द्रित होने के कारण इस तरह की स्तुतियां वैदिक ऋचाओं में की जाती थी। शिव को मरूतों का पिता भी निर्दिष्ट किया गया है। शिव की पत्नी पार्वती को उपनिषदों में ‘उमा हेमवती’ भी सम्बोधित किया गया है। ये ज्ञान की देवी हैं, वह देवी जो अपने साधक को ‘‘हिरण्यगर्भ’’ का ज्ञान प्रदान करती हैं।
यजुर्वेद की ऋचाओं में शिव को चराचर का ईश्वर, पालक, पोषक, संहारक, उत्पादक आदि निरूपित किया गया है तथा भव, शर्व, पशुपति, भूतपति आदि रूपों में उनकी उपासना की जाती थी। अथर्ववेद में पशुपति का तो त्रिधा अर्थ स्पष्ट किया गया है। वहां मनुष्यों को भी पशु की ही संज्ञा दी गई है- रूद्र देवता पशुपति इसी अर्थ में हैं। अथर्ववेद में शिव की स्तुति करते हुए ऋषि कहते हैं, जिसमें समस्त भुवन निवास करते हैं, जो नाना वसुओं को धारण करते हैं, वह शिव ब्रह्माण्डव्यापी हैं, अग्नि में, जल में, औषधियों में, लतओं में उसकी संरचना कर वे निवास करते हैं।
सृष्टि, सभ्यता और संस्कृति के विकास क्रम में ही शिव का महत्व स्थापित हुआ है। उपनिषदों के चिन्तन में ‘‘एकोरूद्रः न द्वितीयायतस्थुः’’ कह कर ब्रह्म जैसी अद्वैत सत्ता के रूप में ऋषियों ने उन्हें मान्यता दी है।
‘‘शतपथ ब्राह्मण’’ में रूद्रोपत्ति के संबंध में कहा गया है- जब प्रजापति ने सृष्टि का निर्माण प्रारम्भ किया, तो एक कुमार का जन्म हुआ,जन्म लेते ही वह अपने नामकरण के लिए रूदन करने लगा। इसीलिए उसका नाम ‘रूद्र’ पड़ा। यह कथा स्पष्ट अवतारवाद की ओर संकेत करती है।
‘‘शतपथ ब्राह्मण, भागवत और विष्णुपुराण में रूद्र देवता की उत्पत्ति और नामकरण के बाद उन्हें प्रजापति ब्रह्मा जी ने जो अन्य नाम प्रदान किये, वे सभी किसी न किसी रूप में अग्नि के अर्थ को ही ध्वनित करते हैं। प्रजापति ब्रह्मा ने रूद्र को पशुपति, उग्र, अशनि, भव, महादेव, और ईशान नाम दिये, ये सभी शब्द अग्निवाची हैं, इनके पीछे रूद्र देव ‘‘कुमार’’ रूप में सदैव प्रच्छन्न रहते हैं। इसका गूढ़ार्थ यही है कि इस ब्रह्माण्ड में जहां कहीं भी अग्नि का अस्तित्व है, रूद्र देव कुमार वहां उपस्थित हैं।
शिव तत्व या रूद्र देव के रूप में यह अग्नि विद्या हमारे आर्य ऋषियों की बुद्धि का चमत्कार ही कहा जा सकता है। हमारे देश में ‘शिवलिंग’ की जो कल्पना की गई है, वह भी उठती हुई लपट की तरह ही की गई है, यह एक प्रतिकोपासना है, इसका प्राचीनतम ज्ञान आर्यों और द्रविड़ों को था। ईरान और फ़्रांस में भी अग्नि पूजा के अस्तित्व प्रमाणित होने के कारण ऐसा प्रतीत होता है, कि प्राचीन काल में उन देशों के निवासी भी आर्यों की तरह बुद्धिमान ही नहीं थे, रहस्य विद्याओं के ज्ञाता भी थे। शिव के जिन नामों की चर्चा की गई है, भौतिक अर्थ में उनके प्रतीक इस प्रकार हैं।
रूद्र अग्नि
शर्व जल
पशुपति औषधि
उग्र वायु
अशनि विद्युत
भव पर्जन्य
महादेव चन्द्रमा
ईशान आदित्य
शिव रहस्य की व्याख्या करने के लिए हमें अपने पुराणों का ही आश्रय ग्रहण करना पड़ता है। पुराणों में शिव देवता के जिन रूपों का वर्णन प्राप्त होता है, वे अत्यंत रहस्यमय है, आध्यात्मिक दृष्टि से भी और वैज्ञानिक दृष्टि से भी, उन्हें ‘‘कैलाशवासी’’ कहा जाता है। मेघ पर्वतों में निवास करते हैं, कैलाशवासी होने का यही भौतिक अर्थ है। पुराणों में रूद्र का वाहन ‘‘वृषभ’’ को निरूपित किया जाता है। वृषभ जल-वृष्टि करने वाले को कहते हैं। रूद्र देव ऐसे ही वृषभ की सवारी करते हैं।
जब कोई देवता चलते हैं, तो उनके साथ उनकी ‘‘ध्वजा’’ भी चलती है, आजकल मठों में इसे ‘‘निशान’’ कहते हैं। रूद्र देव का ‘‘वृषभ ध्वज’’ है जो बिजली का भौमिक अर्थ धवनित करता है।
पुराणों में शिव को ‘गंगाधार’ कहा गया है। पौराणिक कथाओं के अनुसार राजा सगर के साठ हजार पुत्र कपिल ऋषि के श्राप से भस्म हो गए थे, उनके मोक्ष के लिए उन्हीं के वंश में उत्पन्न राजा भागीरथ ने तपस्या कर गंगा को इस धरती पर अवतरित किया, जिसे शिवशंकर ने अपनी जटाओं में धारण किया।
‘‘गंगाधर’’ का वैदिक अर्थ ‘अंतरिक्ष’ है, जहां मेघ, विद्युत आदि का निवास होता है, तथा इस पूर्ण अंतरिक्ष में अग्नि की व्याप्ति होती है। पौराणिक कथाओं में देवताओं के रूपों के रहस्य इतने गंभीर हैं, कि सत्य का अन्वेषण करने पर, वे आज के विज्ञान के लिए चुनौती बन जाते हैं। जिन कपिल ऋषि के कोप से राजा सगर के साठ हजारा पुत्र जलकर भस्म हुए थे, उसका अर्थ भी वास्तव में ‘अग्नि’ ही होता है।
शिव के पंचमुख का रहस्यार्थ सृष्टि से संबंधित है। द्युलोक, पर्जन्य, पृथ्वी, पुरूष, और स्त्री इन पांचों में जो विशेष अग्नि होती है, वह प्रजा-सृष्टि करती है। यह पांच मुखों की कल्पना पंचब्रह्म के भी पर्याय हैं। अग्नि वायु और आदित्य, जिन्हें ब्रह्मा, विष्णु, महेश भी कहा गया है। पंच ब्रह्म त्रिदेव स्वरूप हैं, जो अपनी उपासना से सब कुछ सिद्ध कराने में समर्थ हैं।
वेदों में रूद्र देव के ‘‘चन्द्रशेखर’’ होने का भी बड़ा रहस्य है। वेदों में स्तुति करते हुए कहा गया है, कि रूद्रदेव ‘‘पर्जन्य’’ देव हैं, जो जल वृष्टि कर पशुओं के लिए वनस्पति पैदा करते हैं। इस महान यश कार्य के लिए वे चन्द्रशेखर कहे जाते हैं।
शिव के संहारक और उत्पादक रूपों के रहस्य को भी हमारे वैदिक ऋषियों ने सुंदर रूपों में स्पष्ट किया है। अग्नि इस संसार में सब कुछ जला कर राख कर देती है, यह तो प्रत्यक्ष दिखलाई देता है। इस सत्य को जब हम स्वीकार कर लेते हैं, तो यह भी स्वीकार करना पड़ता है, कि मेघों में जो बिजली होती है, वही वर्षा कराती है, और इससे ही जीवन के अंकुर फ़ूटते हैं। अग्नि के ये दोनों ही रूप शाश्वत हैं, वह संहारक भी है रूद्र के रूप में और उत्पादक भी है शिव के रूप में।
यह रहस्यमयी संसार में गुरू तत्व रूपी महामाया शिवतत्व ही चिर सत्य, शाश्वत है। जिस व्यक्ति ने शिवतत्व रूपी अमृत को पान कर लिया वह तो स्वतः ही पुण्यपुन्ज बन जाता है। इसी वजह से तो यह दीक्षा कोई सामान्य दीक्षा नहीं है, अपितु उच्चकोटि की आध्यात्मिक दीक्षा है तथा पूज्यपाद गुरूदेव के संन्यस्त शिष्य भी जो सदैव अत्यंत आत्मविश्वास से भरे रहते हैं, समय समय पर उनके समक्ष प्रस्तुत होकर इस दीक्षा को यत्नपूर्वक प्राप्त कर जीवन में उच्चता की ओर अग्रसर होते हैं।
महाशिवरात्रि महोत्सव
8, 9, 10 मार्च, अमरकंटक, अनूपपुर (म-प्र-) द्वादश ज्योर्तिलिंग अमरकंटक की दिव्य तपोभूमि पर महाशिवरात्रि महोत्सव नर्मदा के उद्गम स्थल कपिल धारा में महामाया शिवलक्ष्मी दीक्षा, अमर ज्योर्तिमय शक्ति दीक्षा तथा अमरकंटक मंदिर प्रांगण में महामृत्युजंय रुद्राभिषेक सम्पन्न होगा। जिससे आप सपरिवार पधार कर अपने जीवन को शिव गौरी परिवार युक्त श्रेष्ठतम बनाने की क्रिया सम्पन्न कर सकेंगे।
It is mandatory to obtain Guru Diksha from Revered Gurudev before performing any Sadhana or taking any other Diksha. Please contact Kailash Siddhashram, Jodhpur through Email , Whatsapp, Phone or Submit Request to obtain consecrated-energized and mantra-sanctified Sadhana material and further guidance,